Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Politics: BJP-AJSU ने कहा- हेमंत सरकार को अपने विधायकों पर नहीं विश्वास, सत्तापक्ष का पलटवार- भाजपा ही जिम्मेदार

Jharkhand News झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विश्‍वास प्रस्‍ताव लाकर सदन में बहुमत हासिल किया। इसके पहले प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के विधायकों ने कहा कि हेमंत सरकार को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है। इसलिए ही इस सरकार ने विश्वास प्रस्ताव लाने का काम किया है। चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि विपक्ष ने कभी अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया।

By Neeraj Ambastha Edited By: Prateek Jain Updated: Mon, 08 Jul 2024 06:34 PM (IST)
Hero Image
सदन में चर्चा करते हुए सीएम हेमंत सोरेन।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लाए गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के विधायकों ने कहा कि हेमंत सरकार को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है। इसलिए ही इस सरकार ने विश्वास प्रस्ताव लाने का काम किया है।

दूसरी ओर, सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा कि भाजपा ने शुरू से ही सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया। उसके षड्यंत्र के कारण हुए राजनीति उथलपुथल की वजह से ही यह स्थिति आई। इसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है।

नेता प्रतिपक्ष बोले- विपक्ष ने कभी अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया

चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि विपक्ष ने कभी अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया। सरकार जनित परिस्थितियों के कारण यह प्रस्ताव सदन में आया है। आजसू प्रमुख सह विधायक सुदेश महतो ने कहा कि इस सरकार को विश्वास तो जनमत से ही प्राप्त हो गया था।

वर्तमान में यह प्रस्ताव चम्पाई सोरेन के विरुद्ध अविश्वास के रूप में लाया गया है, जबकि चम्पाई सोरेन ने इतनी कम अवधि में भी झारखंड की भावना के अनुरूप कई काम किए थे। उन्होंने कहा कि राज्य में तीन-तीन माह से पेंशन नहीं मिल रही है। अनाज का वितरण नहीं हो रहा है।

उन्होंने इस विश्वास प्रस्ताव को सरकार पर बोझ बताते हुए कहा कि अब पूरा हिसाब जनता लेगी। इधर, सत्ता पक्ष की विधायकों ने विश्वास प्रस्ताव लाने की परिस्थिति के लिए भाजपा को सीधे जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कोरोना काल को छोड़ दीजिए तो बाकी समय में भाजपा ने इस सरकार को अस्थिर करने का ही प्रयास किया।

'भाजपा को भ्रष्टाचार पर बाेलने का अधिकार नहीं'

इस सरकार को कभी काम ही नहीं करने दिया। मिशन लोटस के तहत ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर यह काम किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार पर बाेलने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सरयू राय के मंत्री रहते अपनी ही सरकार पर लगाए गए आरोपों का हवाला भी दिया।

माले विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि सदन ने कभी इस सरकार के प्रति अविश्वास प्रकट ही नहीं किया था लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां ऐसी आईं कि ऐसा करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बचे हुए कार्यकाल में इस सरकार को अपने संकल्प को पूरा करने का काम करना चाहिए।

कांग्रेस विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि भाजपा झूठी पार्टी है। स्वयं अपनी घोषणा को पूरा नहीं कर दूसरे पर उंगली उठाने का काम कर रही है। विधानसभा चुनाव में इसबार भाजपा 14 भी पार नहीं करेगी।

यह भी पढ़ें - 

Jharkhand Cabinet Minister: हेमंत कैबिनेट में नंबर-2 की भूमिका निभांएगे चंपई, तीन नए चेहरे भी शामिल

Babulal Marandi: 'झूठ और भ्रष्टाचार की बुनियाद पर...', हेमंत सरकार पर हमलावर हुए बाबूलाल मरांडी; लगाए गंभीर आरोप

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें