Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'राजनीतिक गिद्ध, परजीवी और शेरदिल', किसने किसके लिए कहा? झारखंड में चुनाव से पहले ऐसे बयान चढ़ा रहे सियासी पारा

झारखंड में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर सीएम हेमंत सोरेन से लेकर विपक्षी नेता तक एक्टिव हो गए हैं। आए दिन नेताओं के बीच तल्ख बयानबाजी चल रही है। सोमवार को झारखंड में परजीवी का मुद्दा हावी रहा। इसको लेकर आजसू और झामुमो के नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग हुई। अब राजनीतिक गिद्ध और शेरदिल वाले बयान से सियासत तेज होने की उम्मीद है।

By Jagran News Edited By: Mukul Kumar Updated: Tue, 10 Sep 2024 10:36 AM (IST)
Hero Image
झारखंड में चुनाव को लेकर हेमंत सोरेन एक्टिव

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बगैर नाम लिए झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और चुनाव सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा है कि जल्द ही राज्य में चुनाव की घंटी बजने वाली है। इसलिए अभी से झारखंड के आसमान में राजनीतिक गिद्ध मंडराने लगे हैं। कोई असम से आ रहा है तो कोई छत्तीसगढ़ से। अभी छोटे-छोटे गिद्ध उड़ रहे, कुछ दिनों में बड़े गिद्ध भी आएंगे। आपके बीच ये झूठ का खाना परोसेंगे। झूठे आश्वासन देंगे।

हेमंत ने कहा कि आपको दिग्भ्रमित करेंगे, लेकिन आप सावधान रहिएगा। याद रखिएगा कि बीते चार वर्षों में इन लोगों ने मुझे कितना परेशान किया।

मुख्यमंत्री सोमवार को गिरिडीह के ताराटांड़ कैलुडीह मैदान में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गिरिडीह और धनबाद जिले का संयुक्त कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री ने गिरिडीह और धनबाद जिले की 1100 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया।

गिरिडीह के लिए 126 और धनबाद की 60 योजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं, गिरिडीह की 24 और धनबाद की 100 योजनाओं का उद्घाटन किया। गिरिडीह के आठ लाख तीन हजार लाभुकों के बीच 445.80 करोड़ और धनबाद के पांच लाख तीन हजार लाभुकों के बीच 193.36 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां भी बांटीं।

सभा के बाद हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा के लोग क्या कहते हैं और क्या करते हैं, यह पूरा देश देख रहा है। अभी लोकसभा चुनाव में इसका क्या असर रहा, यह भी सबने देखा। जनता सब जानती है।

नगर निगम समेत विभिन्न सरकारी कर्मियों की हड़ताल पर सरकारी रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिनके लिए हमने खजाना खोला, वह आपलोगों ने नहीं देखा...। धीरे-धीरे सबकी मांगें पूरी की जाएंगी।

कल्पना ने हेमंत को कहा शेरदिल 

सोरेन सभा में गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने अपने पति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शेरदिल सोरेन कहते हुए जिंदाबाद का नारा लगाया। कहा- हेमंत सोरेन सरकार हमेशा हर तबके के लोगों के विकास की सोचती है।

उन्होंने कहा कि बीते दिनों हमारा रांची में कार्यक्रम था, उसमें मंइयां सम्मान योजना के लाभुकों की श्रेणी को 21 से 18 वर्ष करने का अवसर मुख्यमंत्री ने दिया। अब यह योजना अनवरत जारी रहेगी।

कार्यक्रम में मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, बेबी देवी, इरफान अंसारी, राज्यसभा सदस्य डा. सरफराज अहमद, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, धनबाद उपायुक्त माधवी मिश्रा, दोनों जिलों के एसपी, डीडीसी समेत कई पदाधिकारी थे।

बता दें कि सोमवार को 'परजीवी' मुद्दे को लेकर झामुमो और आजसू आपस में भिड़ गई। हेमंत की पार्टी ने आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो को पॉलिटिकल 'परजीवी' कह दिया।

झामुमो के महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि आजसू ने अकेले चुनाव लड़ा था। जिसमें वह दो सीटों पर सिमटकर रह गए। इसपर आजसू ने भी सियासी बवाल मचाने वाली प्रतिक्रिया दी। पूरी खबर लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं

यह भी पढ़ें-

सुप्रीम कोर्ट का हाई कोर्ट को निर्देश, कहा- सुनील तिवारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न केस में 4 सप्ताह में निर्णय लें

शिवराज सिंह चौहान ने उत्पाद सिपाही भर्ती में मौतों को हत्या बताया, बोले- मौसम तो देख लेते