Move to Jagran APP

लालू-तेजस्वी को झारखंड में लगा झटका, बीच चुनाव लगी इस्तीफों की झड़ी; पूर्व MLA भी छोड़ गए

झारखंड में राजद को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की प्रदेश महिला अध्यक्ष रानी कुमारी समेत चार पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। रानी कुमारी अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी। वहीं विश्रामपुर से नरेश प्रसाद सिंह को टिकट दिए जाने से नाराज युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता रवि प्रकाश जायसवाल ने भी इस्तीफा दे दिया है। गढ़वा के पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह ने भी समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है।

By Dilip Kumar Edited By: Rajat Mourya Updated: Wed, 23 Oct 2024 09:13 PM (IST)
Hero Image
लालू यादव और तेजस्वी यादव को झारखंड में लगा झटका। (जागरण ग्राफिक्स)
जागरण टीम, रांची/गढ़वा। सीट व प्रत्याशी के नाम की घोषणा के साथ ही प्रदेश राजद में टूट जारी है। प्रदेश महिला राजद की अध्यक्ष रानी कुमारी सहित झारखंड राजद के चार पदाधिकारियों ने पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया है। अन्य पदाधिकारियों में पूर्व जिलाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार, प्रदेश सचिव सलीम जावेद व युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता रवि प्रकाश जायसवाल शामिल हैं।

झारखंड राजद ने रानी कुमारी को अपने स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल किया था। इसी बीच रानी कुमारी ने प्रदेश महिला राजद के अध्यक्ष पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रानी कुमारी अब निर्दलीय से रांची सीट पर चुनाव लड़ेंगी। इसके लिए गुरुवार को वह अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उन्होंने कहा कि वह गुलाबी सेना के बैनर तले चुनाव लड़ेंगी।

रानी कुमार ने रांची से मांगी थी टिकट

रानी कुमारी ने बताया कि वह पिछले 34 साल से राजद का झंडा ढो रही हैं। उन्होंने महिला राजद के लिए रांची विधानसभा सीट से टिकट मांगा था। पार्टी नेताओं ने उन्हें यह कहते हुए मना कर दिया कि राजद काे छह ही सीट पर चुनाव लड़ना है। रानी ने बताया कि वाे न ताे खुद सिंबल पा सकीं और न हीं महिला राजद की किसी नेता को ही टिकट दिलाने में सफल हो पाईं।

रवि प्रकाश जायसवाल ने दिया इस्तीफा

इधर, विश्रामपुर सीट पर नरेश प्रसाद सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता रवि प्रकाश जायसवाल ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पार्टी के लिए श्यामदास सिंह यादव सक्रिय थे। पिछले कई वर्षों से वे वहां काम कर रहे थे। इसके बावजूद पार्टी के कुछ नेताओं ने उनके बदले नरेश प्रसाद सिंह को टिकट दिलवा दिया।

राजद छोड़ सपा के हुए पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह

शहर के बाइपास रोड पर स्थित ग्रांड व्यू होटल में मंगलवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में गढ़वा के पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल को छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के झारखंड राज्य प्रभारी व्यास गोंड विशेष रूप से उपस्थित थे। व्यास गोंड ने गिरिनाथ सिंह को पार्टी की पहचान के प्रतीक के रूप में टोपी पहनाई और गमछा ओढ़ाया, जो पार्टी से जुड़ने का सम्मानजनक प्रतीक माना जाता है।

साथ ही उन्होंने गिरिनाथ सिंह को गढ़वा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का आधिकारिक सिंबल भी प्रदान किया, जो पार्टी में उनके शामिल होने की औपचारिक पुष्टि थी।

इस मौके पर गिरिनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी की विचारधारा और नीतियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे समाजवादी पार्टी के सिद्धांतों का पालन करते हुए समाज और जनता के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में आर्थिक और सामाजिक न्याय लाने के लिए पार्टी के मंच से वे मजबूती से आवाज उठाएंगे।

ये भी पढ़ें- Hemant Soren: बीच चुनाव हेमंत के सिर आ गई बड़ी टेंशन! मरांडी के तेवर बिगाड़ेंगे बना बनाया 'खेल'

ये भी पढ़ें- Champai Soren: चंपई सोरेन को चक्रव्यूह में उलझाने की रणनीति में जुटे JMM के नेता, 2 सीटों पर सियासत तेज

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।