Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand School Open: झारखंड में अगले सप्ताह से खुल सकते हैं सभी कक्षाओं के स्कूल, कौन-कौन जिला है शामिल देखें...

Jharkhand School Open झारखंड की राजधानी रांची सहित सात जिलों में कक्षा नौ से 12वीं तक की आफलाइन पढ़ाई हो रही है। अब उन सात जिलों में भी पहली से आठवीं तक के लिए स्कूल खुल सकते हैं जहां अभी कक्षा नौ से बारह के लिए ही खुल रहे हैं।

By Sanjay KumarEdited By: Updated: Sat, 12 Feb 2022 01:52 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand School Open: झारखंड में अगले सप्ताह से सात जिलों में खुल सकते हैं सभी कक्षाओं के स्कूल

रांची, (राज्य ब्यूरो)। Jharkhand School Open झारखंड में 15 फरवरी के बाद उन सात जिलों में भी पहली से आठवीं तक के लिए भी स्कूल खुल सकते हैं, जहां अभी कक्षा नौ से बारह के लिए ही खुल रहे हैं। इनमें रांची, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, देवघर तथा बोकारो शामिल हैं। इन जिलों में कक्षा एक से आठ के लिए भी स्कूलों के खोलने का आधार यहां संक्रमण दर तथा एक्टिव केस की संख्या में कमी आना है।

झारखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकार की 14 फरवरी को संभावित बैठक में इन जिलों में सभी कक्षाओं के लिए स्कूल खोलने की अनुमति मिल सकती है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने पहले ही इसका प्रस्ताव आपदा प्रबंधन विभाग को भेज दिया है।

कोरोना के वर्तमान संक्रमण का इन जिलों में हाल...

इन सात जिलों में कोरोना के वर्तमान संक्रमण की बात करें तो सरायकेला खरसावां को छोड़कर सभी में साप्ताहिक संक्रमण दर तीन प्रतिशत से भी कम हो गई है। सरायकेला खरसावां में आश्चर्यजनक रूप से यह बढ़कर लगभग नौ प्रतिशत हो गया है। हालांकि यहां भी एक्टिव केस की संख्या घटकर 52 हो गई है। अन्य जिलों में रांची और पूर्वी सिंहभूम में ही एक्टिव केस की संख्या 200 से अधिक है। बाकी चार जिलों में एक्टिव केस की संख्या 200 से काफी कम हो चुकी है।

बता दें कि पूर्व में उन 17 जिलों में सभी कक्षाओं के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दी गई थी जहां या तो संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम थी या फिर वहां एक्टिव केस 200 से कम थे। अब राज्य के सभी जिले इस मानक को पूरे कर रहे हैं।

यह है सात जिलों की स्थिति

जिला - साप्ताहिक संक्रमण दर - एक्टिव केस

  • रांची - 1.81 - 682
  • पूर्वी सिंहभूम - 2.65 - 425
  • चतरा - 0.74 - 48
  • सिमडेगा - 0.72 - 19
  • सरायकेला खरसावां - 9.49 - 52
  • देवघर - 0.63 - 178
  • बोकारो - 0.62 - 106

नोट : संक्रमण दर पांच से 11 फरवरी के सप्ताह के तथा एक्टिव केस 11 फरवरी के हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें