Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Weather : झारखंड में और लुढ़केगा पारा, अगले चार दिनों तक नहीं मिलेगी ठंड से राहत

झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कनकनी इस कदर बढ़ गई है क‍ि लोगों का जीना दूभर हो गया है। मौसम व‍िभाग ने कहा है क‍ि अभी और लुढ़केगा पारा। इसके ल‍िए हमें तैयार रहना चाह‍िए। बीते रव‍िवार को 4.5 डिग्री तक कांके का तापमान पहुंच गया था।

By M EkhlaqueEdited By: Updated: Mon, 20 Dec 2021 05:01 AM (IST)
Hero Image
ठंड से बचने के ल‍िए राजधानी रांची में अलाव तापते लोग। जागरण

रांची, ड‍िज‍िटल डेस्‍क। झारखंड के सभी हिस्सों में ठंड और कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक अभी और भी पारा लुढ़कने की आशंका जताई है। रविवार को कनकनी के कारण लोगों को खास परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह की शुरुआत ठंड और कोहरे से हुई। वहीं, दिन में धूप खिली रहने के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली। शाम में फिर कनकनी बढ़ गई। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवा के कारण राज्य के लगभग सभी हिस्सों में कंपकंपी है।

गुरुवार तक न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री गिरावट आएगी

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य में लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने की उम्मीद है। गुरुवार तक राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। सोमवार को राज्य में कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। वहीं पूर्वी ङ्क्षसहभूम, पश्चिमी ङ्क्षसहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में तीन से चार डिग्री तापमान में कमी आने की आशंका है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण कनकनी बढ़ेगी।

सबसे कम तापमान रांची के कांके का रहा

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे कम तापमान रांची के कांके केवीके में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मैकलुस्कीगंज का पारा भी इसी के आसपास रहा। दूसरी ओर सबसे ज्यादा तापमान गोड्डा और पाकुड़ केवीके में 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

रांची में आज सुबह छाया रहेगा कोहरा

मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को रांची में सुबह कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में हल्की धूप खिली रहेगी। हालांकि अधिकतम 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने का कारण लोगों को कनकनी का एहसास होगा। सुबह और शाम लोगों को ठंड के कारण खास परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दिन में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रांची में रात में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि ओस गिरेगी।

रांची में द‍िनभर बही तेज हवा

राजधानी रांची में 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। शहर में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 07.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं कांके में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

खेत में करते रहें हल्की सिंचाई

अचानक बढ़ी ठंड के बीच बिरसा कृषि विवि ने किसानों के लिए बुलेटिन जारी किया है। इसके अनुसार किसान कम होते तापमान के बीच खेत में हल्की स‍िंंचाई करते रहें। इससे फसल में पाला मारने की आशंका कम होगी। तापमान के कम होने से सब्जी के साथ सरसों की फली को नुकसान होने की आशंका नहीं है। हालांकि आलू की खेती करने वाले किसानों को सचेत रहने की जरूरत है।

रांची में दिसंबर महीने का रिकार्ड तापमान : (डिग्री सेल्सियस में )

वर्ष तिथि न्यूनतम तापमान

2016 22 8.0

2017 28 8.0

2018 30 4.6

2019 28 4.7

2020 19 7.0

पिछले 24 घंटे में रिकार्ड किया गया तापमान : (डिग्री सेल्सियस में)

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

रांची 20.3 07.6

जमशेदपुर 24.0 12.8

मेदिनीनगर 22.3 08.4

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें