Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Weather Today: चढ़ते सियासी पारे के बीच सर्द हुई रांची, छाया घना कोहरा; बारिश की भी संभावना

एक ओर जहां सूबे में चढ़ते सियासी पारे से माहौल गरमाया हुआ है। वहीं दूसरी ओर राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में गुरुवार को हुई वर्षा से एक बार फिर मौसम सर्द हो गया। सियासी गलियारे में देर शाम तक उथलपुथल बनी रही तो इधर शाम ढलते ही लोग रजाई में दुबक गए। राजधानी समेत पूरे राज्य के कई हिस्सों को घने कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया।

By kumar Gaurav Edited By: Shashank ShekharUpdated: Fri, 02 Feb 2024 07:36 AM (IST)
Hero Image
Jharkhand Weather Today: चढ़ते सियासी पारे के बीच सर्द हुई रांची, छाया घना कोहरा; बारिश की भी संभावना

जागरण संवाददाता, रांची। एक ओर जहां सूबे में चढ़ते सियासी पारे से माहौल गरमाया हुआ है। वहीं, दूसरी ओर राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में गुरुवार को हुई वर्षा से एक बार फिर मौसम सर्द हो गया। सियासी गलियारे में देर शाम तक उथलपुथल बनी रही तो इधर शाम ढलते ही लोग रजाई में दुबक गए। राजधानी समेत पूरे राज्य के कई हिस्सों को घने कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया।

इससे देर रात विजिबिलिटी काफी कम रही। सड़कों पर वाहन चालकों को तो परेशानी हुई ही साथ ही महागठबंधन के विधायकों का विमान भी सियासी परवान नहीं चढ़ सका। हैदराबाद जाने के लिए सत्तापक्ष के विधायक सर्किट हाउस से बस के जरिए रांची एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान की अनुमति नहीं मिली।

कुछ जिलों में हल्की वर्षा होने की संभावना

दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने अचानक करवट ली तो सरकार के साथ-साथ मौसम के तेवर में भी उतार चढ़ाव देखा गया। स्वेटर-टोपी में भी लोगों को अलाव तापने की जरूरत पड़ गई। धुंध की वजह से सड़क पर वाहनों की संख्या भी कम रही। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दोपहर में तेज धूप रहने के कारण गर्मी का असर था तो शाम ढलते ही सर्दी अपना असर दिखाना शुरू कर देती थी।

रांची समेत कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी अपने पूर्वानुमानों में ठंड का असर कायम रहने की संभावना जताई है। साथ ही कहा गया कि आगामी दिनों पूरे राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार को रांची समेत करीब 10 जिलों में वर्षा हुई। जिस कारण शहर घने कोहरे के चादर से ढंका रहा।

चार डिग्री तक कम हो सकता है न्यूनतम तापमान

विज्ञानी ने बताया कि राजधानी रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो के साथ-साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान है। विज्ञानी ने बताया कि इस मौसम का असर राजधानी समेत 10 जिलों में भी देखने को मिलेगा जबकि शेष जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा।

सबसे कम गोड्डा का तापमान पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 5.6 मिमी खूंटी के तोरपा में हुई। वहीं, राज्य के दक्षिणी व निकटवर्ती मध्य हिस्से में वर्षा के बाद घने कोहरे का असर देखा गया। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज मे रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस गोड्डा का रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

दिन में ही 20 प्रतिशत तक बढ़ी मरीजों की संख्या

मौसम बदलते ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। गुरुवार को ओपीडी में आम दिनों की तुलना में करीब 20 प्रतिशत मरीज ज्यादा आए। इनमें सबसे अधिक सर्दी-खांसी व फेफड़े के संक्रमण की शिकायत अधिक आयी। सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में गुरुवार को विभिन्न ओपीडी में कुल 1420 मरीज एक दिन में पहुंचे। इनमें 1009 नए मरीज थे। इनमें से मेडिसीन ओपीडी में 209 मरीजों ने इलाज करवाया। जिसमें से मौसमी परेशानी को लेकर 60 नए मरीज आए।

डाक्टरों ने बताया कि अगर मौसम अभी इसी तरह रही तो मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। दूसरी ओर ईएनटी के 78 मरीज पहुंचे, जिसमें से 19 नए मरीज पहुंचे, जिन्हें गले की समस्या थी। मेडिसिन विभाग के डा. ऋषि गुडिया बताते हैं कि यह समस्या मौसम में हुए बदलाव को लेकर है।

फ्लू होने के बाद यह कम से कम पांच से छह दिनों तक समस्या होगी, लेकिन अधिक परेशान होने की जरूरत नहीं है, मौसम के अनुसार भोजन व तरल पदार्थ लें और फ्लू के लक्षण दिखने पर डाक्टरी सलाह पर ही दवा लें। उन्होंने बताया कि कई लोग खुद से दवा लेते हैं लेकिन अधिकतर मामलों में बीमारी बढ़ जाती है और मरीज को ठीक होने में वक्त लग जाता है।

ये भी पढ़ें: Hemant Soren: हेमंत सोरेन के खिलाफ मजबूत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका ED, कांग्रेस नेता बंधु तिर्की का दावा; SC से आज मिल सकती है राहत

ये भी पढ़ें: Jharkhand New CM: झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे चम्पाई सोरेन, आज लेंगे शपथ; स्थिर सरकार बनाने का किया दावा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें