Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

इधर जेल जाएंगे हेमंत उधर कार्यकर्ता काटेंगे बवाल, आज से मोदी सरकार के खिलाफ झारखंड में छिड़ेगी मुहिम

आज हेमंत सोरेन की 13 दिनों की रिमांड पूरी हो जाएगी। उनसे ईडी की पूछताछ लगभग पूरी हो गई है। संभावना है कि आज ही उन्‍हें न्यायिक हिरासत में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया जाएगा। इस दौरान हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने जाएंगे झामुमो कार्यकर्ता। साथ ही हेमंत की गिरफ्तारी के विरोध में आज से उपवास भी रखा जाएगा।

By Pradeep singh Edited By: Arijita Sen Updated: Thu, 15 Feb 2024 10:07 AM (IST)
Hero Image
झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, रांची। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरुद्ध आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। इसकी शुरुआत गुरुवार से होगी। राजधानी में झामुमो के कार्यकर्ता और समर्थक मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका के समक्ष उपवास करेंगे। यह कार्यक्रम प्रतिदिन अलग-अलग जिलों में चलेगा। धूमकुड़िया में हेमंत सोरेन के समर्थन में प्रार्थना सभा का आयोजन भी होगा।

हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने जाएंगे कार्यकर्ता

हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने पार्टी के कार्यकर्ता जाएंगे। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को उनकी रिमांड अवधि पूरी हो रही है। झामुमो गुरुवार से ही न्याय यात्रा की शुरुआत रांची से करेगा।

20 फरवरी तक हर जिले में न्याय यात्रा आरंभ होगा, जो पंचायतों तक जाएगा। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा है कि भाजपा ने षड्यंत्र रच कर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया। इसी के तहत हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी कराई गई।

हेमंत की लोकप्रियता को देख घबराई भाजपा: झामुमो

राजनीतिक लड़ाई में भाजपा टिक नहीं पाई तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया। हेमंत सोरेन की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा के बड़े-बड़े नेता घबरा गए थे। उन्होंने उनके राजनीतिक भविष्य को बिगाड़ने के लिए षडयंत्र रच उन्हें जेल में डाल दिया। मीडिया ट्रायल भी हो रहा है ताकि हेमंत की छवि बिगाड़ी जा सके।

भाजपा के षड्यंत्र को राज्य के लोग समझ चुके हैं। हेमंत सोरेन गरीबों के बारे में सोचते हैं। उन्होंने आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों समेत जरूरतमंदों के लिए योजनाएं शुरू की। न्याय यात्रा के दौरान हेमंत सोरेन के विरुद्ध की गई साजिश के बारे में लोगों को बताया जाएगा।

यह भी पढ़ें: सभी कंपनियों को हर तरह की सुविधाएं देगी चंपई सरकार, लेकिन रख दी यह शर्त; कहा- अब युवाओं को हर हाल में देना होगा न्‍याय

यह भी पढ़ें: Bokaro Naxal Attack: बोकारो के चतरो चट्टी थाना क्षेत्र में नक्सलियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, जमकर हुई क्रॉस फायरिंग

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर