Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Taj Hotel in Jharkhand: झारखंड में भी बनेगा आलीशान ताज होटल, हेमंत सोरेन ने कहा- राज्य को मिलेगी वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे सभी की भागीदारी से झारखंड को एक नई पहचान देना चाहते हैं। इसके लिए सरकार गठन के साथ ही आंतरिक संसाधनों का बेहतर से बेहतर सदुपयोग और यहां की प्रतिभाओं को तराशने के लिए एक-एक कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सोरेन बुधवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में ताज होटल निर्माण को लेकर एमओयू के दौरान यह बातें कहीं।

By Ashish Jha Edited By: Mohit Tripathi Updated: Thu, 25 Jul 2024 12:15 PM (IST)
Hero Image
ताज होटल निर्माण को लेकर एमओयू के दौरान हेमंत सोरेन व अधिकारी।

राज्य ब्यूरो, रांची। हेमंत सोरेन बुधवार को झारखंड मंत्रालय सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा द टाटा इंटरप्राइजेज की अनुषंगी इकाई 'द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड' के बीच ताज होटल निर्माण को लेकर एमओयू के दौरान लोगों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि इसके लिए लंबे समय से प्रयास जारी था, जो अब साकार हो रहा है। ताज होटल स्थापित होने से पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे झारखंड को वैश्विक पहचान मिलेगी।

खनिज ही नहीं, अन्य संसाधनों से भी धनी है झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को खनिज संसाधनों के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है, लेकिन यहां खनिज के अलावा अन्य कई संसाधन हैं, जो राज्य को आगे ले जाने के लिए काफी है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में ऐसी नीतियां नहीं बनीं, जो इन संसाधनों के जरिए झारखंड में विकास को गति दे सके। इस बात का हमें शुरू से अफसोस रहा है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि अब सरकार इससे आगे बढ़कर राज्य को नई दिशा देने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य कर रही है और उसके उत्साहवर्धक परिणाम देखने को भी मिल रहे हैं।

विकास योजनाओं से पलायन पर लगेगी रोक 

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार की खातिर झारखंड से बड़ी संख्या में लोगों का पलायन देश और विदेश के लिए होता है। अगर कोई बेहतर रोजगार और बेहतर जीवन के लिए बाहर जाता है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है।

राज्य में रोजगार से संबंधित नीतियों को बेहतर तरीके से बनाकर अमल में लाया जाए तो यहां से युवाओं को पलायन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

टाटा समूह के साथ झारखंड का काफी पुराना है रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा समूह के साथ झारखंड का रिश्ता काफी पुराना है। इस रिश्ते के 100 वर्ष से ज्यादा हो चुके हैं। टाटा समूह औद्योगिक और अन्य माध्यमों से झारखंड के विकास में अहम रोल निभाता आ रहा है।

सीएम ने का कि टाटा समूह और झारखंड के इस रिश्ते को हम और भी मजबूत कर सकते हैं, जब राज्य के लोगों के साथ भी इस रिश्ते को और मजबूत कर सकें। टाटा समूह की कई इकाई यहां वर्षों से स्थापित है। इसमें लाखों लोगों को रोजगार मिला हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस समूह के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है। हम सभी की भागीदारी से झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने में कामयाब होंगे।

होटल बनने से दे सकेंगे और सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच झारखंड में कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का शानदार और सफल आयोजन हुआ। इस आयोजन को देश- दुनिया में सराहना मिली। भविष्य में भी ऐसी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। ताज होटल स्थापित होने से हम अपने प्रतिभागियों को और भी बेहतर व्यवस्था और सुविधा दे सकेंगे।

यह भी पढ़ें: 'झारखंड में फूट डालो राज करो की कोशिश' कांग्रेस प्रभारी ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- नहीं होने देंगे कामयाब

दिल्‍ली पहुंचे AJSU प्रमुख सुदेश महतो ने शिवराज स‍िंह चौहान से की मुलाकात, झारखंड के राजनीतिक मुद्दों पर हुई चर्चा