Move to Jagran APP

Dhoni Entertainment: महेंद्र सिंह धौनी अभिनेता थालापति विजय के साथ बनाएंगे तमिल में पहली फिल्म

Dhoni Entertainment महेंद्र सिंह धौनी के प्रोडक्शन हाउस का नाम है- धौनी एंटरटेनमेंट। इस प्रोडक्शन हाउस की एमडी उनकी पत्नी साक्षी धौनी होंगी। संभावना जताई जा रही कि इस फिल्म की शूटिंग झारखंड में भी हो सकती है क्योंकि झारखंड में फिल्म नीति के कारण सरकार मदद देती है।

By M. EkhlaqueEdited By: M EkhlaqueUpdated: Wed, 26 Oct 2022 11:27 AM (IST)
Hero Image
Dhoni Entertainment: महेंद्र सिंह धौनी के प्रोडक्शन हाउस का लोगो।

रांची, डिजिटल डेस्क। Mahendra Singh Dhoni Production House भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके महेंद्र सिंह धौनी ने फिल्मी दुनिया में कदम रख दिया है। उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस बना लिया है। इस प्रोक्शन हाउस के बैनर तले वह तमिल भाषा में पहली फिल्म बनाने जा रहे हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार, साउथ के दिग्गज अभिनेता थालापति विजय उनकी पहली फिल्म के हीरो हो सकते हैं। इसी साल अगस्त में महेंद्र सिंह धौनी और अभिनेता थालापति विजय की पहली मुलाकात हुई थी, जिसमें दोनों के बीच फिल्म बनाने को लेकर चर्चा हुई थी। अब खबर आ रही कि बात आगे बढ़ चुकी है। महेंद्र सिंह धौनी का प्रोडक्शन हाउस तैयार हो चुका है। वह फिल्म की शूटिंग की तैयारी कर रहे हैं।

महेंद्र सिंह धौनी पर भी बन चुकी है हिंदी फिल्म

महेंद्र सिंह धौनी मूलत: झारखंड के रांची शहर के रहने वाले हैं। भारतीय क्रिकेट के वह ऐसे प्रेरक खिलाड़ी रहे हैं जिन पर एमएस धौनी नामक फिल्म भी बन चुकी है। इस फिल्म में बिहार के रहने वाले फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने उनका किरदार निभाया था। इस हिंदी फिल्म की काफी सराहना हुई थी। सुशांत सिंह राजपूत अब दुनिया में नहीं रहे। लेकिन महेंद्र सिंह धौनी ने फिल्मी दुनिया में कदम रखकर हर किसी को चौंका दिया है। वह इन दिनों रांची में कई तरह के व्यापार कर रहे हैं। मुर्गी पालन, जैविक खेती और डेयरी कारोबार में भी वह दखल रखते हैं। रांची में उनका फार्म हाउस है, जिसे देखने की तमन्ना हर किसी के दिल में होती है।

पत्नी साक्षी होंगी प्रोडक्शन हाउस की एमडी

महेंद्र सिंह धौनी के प्रोडक्शन हाउस का नाम होगा- धौनी एंटरटेनमेंट। उनकी पत्नी साक्षी धौनी इस प्रोडक्शन हाउस की मैनेजिंग डायरेक्टर होंगी। बताया जाता है कि तमिल भाषा में बनने वाली इस प्रोक्शन हाउस की पहली फिल्म बेहद पारिवारिक होगी। इसे हर कोई एक साथ बैठ कर सिनेमा घरों में देख सकता है। ठीक उसी तरह जैसे राजश्री प्रोडक्शन की हिंदी फिल्में हुआ करती हैं। यह फिल्म कब से बननी शुरू होगी, अभी इस बारे में कोई घोषणा नहीं की गई है। यह संभावना जताई जा रही कि इस फिल्म की शूटिंग झारखंड में भी हो सकती है।

झारखंड में हो सकती है इस फिल्म की शूटिंग

मालूम हो कि झारखंड सरकार ने फिल्म नीति बना रखी है, जिसके तहत सरकार की ओर से कई सुविधाएं दी जाती हैं। यही वजह है कि यहां कई फिल्मों की शुटिंग समस समय पर हो चुकी है। बालीवुड के दिग्गज निर्देशक महेश भट्ट ने झारखंड में फिल्म बेगम जान की शूटिंग की थी। यह फिल्म दुमका जिले के एक गांव में बनी थी। फिल्म के अधिकतर हिस्सों की शूटिंग यहीं हुई थी। महेश भट्ट ने अपनी इस फिल्म में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को विशेष रूप से धन्यवाद कहा था। इस फिल्म में शानदार अभिनेत्री विद्या बालन ने मुख्य किरदार निभाया था। झारखंड फिल्म नीति के कारण ही यह संभावना जताई जा रही कि महेंद्र सिंह धौनी की फिल्म की शूटिंग यहां भी हो सकती है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें