Move to Jagran APP

MS Dhoni News: IPL मैच से 2 दिन पहले धोनी ने छोड़ी CSK की कप्‍तानी... अब नए अंदाज में दिखेंगे रांची के राजकुमार....

MS Dhoni IPL रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी ने आइपीएल 2022 सीजन शुरू होने से ठीक पहले चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की कप्‍तानी छोड़ दी है। धोनी ने 26 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स से होने वाले मैच के कप्‍तानी छोड़कर अपने फैंस को चौंका दिया।

By Alok ShahiEdited By: Fri, 25 Mar 2022 11:05 AM (IST)
MS Dhoni News: IPL मैच से 2 दिन पहले धोनी ने छोड़ी CSK की कप्‍तानी... अब नए अंदाज में दिखेंगे रांची के राजकुमार....
MS Dhoni IPL: रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की कप्‍तानी छोड़ दी है।

रांची, जेएनएन। MS Dhoni IPL, MS Dhoni Chennai Super Kings, Cricket IPL Ticket Booking रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स की कप्‍तानी छोड़ दी है। आइपीएल 2022 सीजन शुरू होने से सिर्फ एक दिन पहले सीएसके की कप्‍तानी छोड़ने की घोषणा कर अपने फैंस को चौंका दिया। हालांकि, माही इस सीजन में बतौर खिलाड़ी और मेंटर सीएसके को अपनी सेवाएं देते रहेंगे। इधर रांची में धोनी के कप्‍तानी छोड़ने के बाद से जहां माही के प्रशंसक निराश हैं, वहीं उनके दोस्‍तों ने सधा हुआ फैसला बताया है। धोनी के करीबी दोस्‍त ने कहा कि माही हर फैसला बेहद सोच-समझकर करता है। नई पीढ़ी को मौका देने का फैसला कर वह शाबाशी का हकदार बन गया है। बता दें कि धोनी ने टीम के प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले टीम की बैठक में गुरुवार को कप्‍तानी छोड़ने के निर्णय की घोषणा की थी।

एमएस धोनी के बाद, रवींद्र जडेजा आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व करेंगे। जिन्होंने 2008 में टूर्नामेंट के पहले सीजन के बाद से अबतक लगातार टीम का नेतृत्व किया है। बीच में दो साल के लिए चेन्‍नई सुपर किंग्‍स पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। आइपीएल की शुरुआत से लेकर पद छोड़ने तक सीएसके को उन्‍होंने बेहतर नेतृत्व दिया है। सीएसके की ओर से कहा गया है कि धोनी इस सीजन और उसके बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे। सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा कि धोनी चाहते थे कि नेतृत्व में बदलाव हो ​​और इसके लिए रवींद्र जडेजा सबसे बेहतर विकल्‍प थे। सीएसके ने पिछले साल अपना चौथा आईपीएल खिताब जीता था। इस सीजन में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स 26 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टूर्नामेंट का पहला मैच खेलेगा।

रांची में रहने वाले माही के एक करीबी दोस्‍त ने बताया कि एमएस धोनी सीएसके की कप्‍तानी छोड़ने के बारे में गंभीरता से सोच रहे थे। उन्होंने महसूस किया कि जडेजा को कप्तानी सौंपने का यह सही समय है। उन्हें लगता है कि जडेजा अभी अपने करियर के सर्वश्रेष्‍ठ फार्म में हैं और यह उनके लिए सीएसके का नेतृत्व करने का आदर्श समय है। जडेजा 2012 से चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के साथ हैं। वे धोनी और सुरेश रैना के बाद सुपर किंग्स की अगुवाई करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। चेन्‍नई सुपर किंग्स के नए कप्‍तान रवींद्र जडेजा ने कहा कि कप्‍तान बनने पर अच्छा लग रहा है। साथ ही, मुझे माही भाई ने जो जिम्‍मेवारी दी है, उस पर खरा उतरना है। क्‍योंकि धोनी ने पहले से ही बड़ी लकीर खींच रखी है, इसलिए मुझे इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है।

जडेजा ने कहा कि अभी मुझे बहुत अधिक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि धोनी टीम में मौजूद हैं। इसलिए मुझे जो कुछ भी पूछना है, मैं निश्चित रूप से उनके पास गाइडेंस लेने जाउंगा। वह मेरे लिए पहले से अभिष्‍ट और आदर्श थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। इधर, सीएसके की ओर से कहा गया है कि कि धोनी ने अपनी कप्‍तानी छोड़ने के फैसले के बारे में पहले से सूचित नहीं किया था। लेकिन यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है। वे पहले इस विषय पर चर्चा कर चुके थे। अपने उत्तराधिकारी की तलाश वे आईपीएल 2021 से कर रहे थे। उस समय रवींद्र जडेजा को आगे चलकर कप्‍तानी मिलने के बारे में सतर्क कर दिया गया था।

मालूम हो कि पिछले दो आईपीएल सीजन से धोनी के भविष्य को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। पिछले नवंबर में, चेन्नई में सुपर किंग्स द्वारा आयोजित एक समारोह में धोनी ने अपने प्रशंसकों को आश्वासन दिया था कि वह कम से कम एक और सीजन के लिए सीएसके के लिए खेलना जारी रखेंगे। बहरहाल, धोनी उपयुक्त समय का इंतजार कर रहे थे, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने विराट कोहली को भारतीय टीम की बागडोर सौंपते समय किया था। यह वैसा ही है जब उन्होंने विराट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ वर्षों के लिए तैयार करने के बाद कप्तानी सौंपी थी। इसी तरह जडेजा में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता को देखते हुए कप्‍तानी सौंपी गई है। उन्‍हें एमएस धोनी का मार्गदर्शन हमेशा रहेगा।