Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ormanjhi: भगवान बिरसा जैविक उद्यान में हाथियों के लिए अलाव की गर्मी, बाघ और शेर के केज में लगा हीटर

झारखंड के ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान के पशु-पक्षियों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। उद्यान में भालू व माउस बिल्ली को बैठने के लिए बिचाली बिछा दी गई वहीं बाघ और शेर के केज में हीटर लगाया गया है।

By Jagran NewsEdited By: Nirmal PareekUpdated: Thu, 22 Dec 2022 11:28 AM (IST)
Hero Image
भगवान बिरसा जैविक उद्यान में पशु-पक्षियों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम

आमोद कुमार साहू, ओरमांझी: भगवान बिरसा जैविक उद्यान के पशु पक्षियों को ठंड से बचाने के लिए उद्यान प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा दी जा रही है। जैविक उद्यान के बाघ, शेर, तेंदुआ, भालू व माउस बिल्ली को बैठने के लिए बिचाली बिछा दी गई है। वहीं उद्यान में बाघ मलिक, कृष्णा, अनुष्का व कावेरी के केज में हीटर व ब्लोअर लगाया गया है। हाथी लखीरानी व नन्हा सम्राट अपने बाड़े में अलाव से गर्मी का मजे ले रहे हैं। सांपों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। ठंड को लेकर सांपघर सैलानियों के लिए बंद कर दिया गया है।

ठंड से बचने के लिए जूट का पर्दा

इसकी जानकारी देते हुए जैविक उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ ओमप्रकाश साहू ने बताया कि ज्यादातर उद्यान के पशु-पक्षियों को ठंड से बचाने के लिए केज में जूट का पर्दा लगा दिया गया है। वहीं सामान्य भोजन के साथ कुछ परिर्वतन भी किया गया है। वहीं वन्य कर्मियों को उद्यान में वन्य पशु पक्षियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। व्यवहार में परिवर्तन देख तत्काल सूचना देने का भी निर्देश दे दिया गया है।

सर्दी में जानवरों को इस तरह दिया जा रहा है खाना

उद्यान में पशुओं को मल्टी विटामिन की खुराक दी जा रही है। जैविक उद्यान के पशु-पक्षियों के सामान्य भोजन के कुछ बदलाव करते हुए उन्हें मल्टी विटामिन दिया जा रहा है। मांसाहारी पशुओं को बैठने के लिए पटरी व बिचाली बिछा दी गई है। वहीं भोजन में मटन के साथ दूध व अंडा भी दिया जा रहा है। देसी मोर को भी अंडा मिल रहा है। वहीं पशुओं को मल्टी विटामिन व कैल्सियम दिया जा रहा है। लकड़बग्घा व सियार को भी सामान्य भोजन के साथ विटामिन दिया जा रहा है। वहीं भालू को आयरन टानिक मिल रहा है। इसके अलावा चीतल सांभर, काला व सफेद हिरन को पुआल का बिछावन व भोजन के साथ मिनरल मिक्स दवा दी जा रही है। कई मांसाहारी पशुओं के भोजन में अंडा व मीट की मात्रा बढ़ा दी गई है।

15 फरवरी को खुलेगा सांपघर

बता दें कोल्ड ब्लडेड होने के कारण 15 नवंबर से ही सांपघर बंद कर दिया गया है। साथ ही सांपों की सुरक्षा के लिए सांपों के केज में बिचाली व जूट का बोरा डाल दिया गया है। ठंड कम होने के बाद 15 फरवरी को फिर से सांपघर सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर