Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कहीं उड़ रहे फ्यूज, कहीं जल रहा ट्रांसफॉर्मर... रांची में घंटों पावर कट से त्राहिमाम, बिजली विभाग ने दी ये सफाई

Power Cut रांची में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। बुधवार को रांची का तापमान अधिकतम 42.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। पहले ही गर्मी से परेशान रांचीवासी अब पावर कट की भी परेशानी झेल रही है। शहर में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। इसके पीछे ओ‍वरलोडिंग को जिम्‍मेदार ठहराया जा रहा है।

By verendra Rawat Edited By: Arijita Sen Updated: Thu, 30 May 2024 01:14 PM (IST)
Hero Image
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से रांची में हुआ त्राहिमाम- जागरण

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में हीट वेव का कहर जारी है। भीषण गर्मी के कारण राजधानी में अलग-अलग क्षेत्रों में फ्यूज उड़ने, ट्रांसफार्मर जलने, जंफर उड़ने समेत अन्य समस्याएं दिनभर जारी रहीं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गर्मी के बीच उपभोक्ता त्राहि-त्राहि कर उठे।

पावर कट से परेशान रांची के लोग

दिन में जहां चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान किया, वहीं रात होते ही उमस भरी गर्मी सताती रही। ओवरलोडिंग होने के कारण शहर के अधिकांश क्षेत्रों में फ्यूज उड़ने की शिकायत सामने आई।

मंगलवार की रात एचईसी सेक्टर -2 दिल्ली मार्केट कैंटीन एरिया के 28 क्वार्टर में घंटों बिजली नही रही। मधुकम फीडर दो दिनों से लोग परेशान हैं।

पांच मिनट बिजली आने के बाद आधे घंटे तक फिर बिजली गायब रही। कोकर सरना टोली और तिरिल समेत पूरे क्षेत्र में रेगुलर पावर कट होता रहा। यह हाल मंगलवार से जारी है। बुधवार को भी घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।

इसके अलावा बहुबाजार, बरियातू चेशायर होम रोड, रातू रोड पिस्का मोड, खेलगांव, चुटिया, बूटी मोड, डोरंडा, हरमू आदि इलाकों में लोकल फाल्ट के कारण बिजली आती-जाती रही।

ओवरलोडिंग के कारण हो रहा लोकल फाॅल्ट

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि शहर में हर कोई एसी पर निर्भर हो रहा है। एक पंखा से लोग इस गर्मी में नहीं रह पा रहे हैं।

हर कोई पंखा हटाकर डेढ़-डेढ़ टन के एसी अपने घरों में लगा रहे हैं। इसकी जानकारी विभाग को नहीं मिलती। ट्रांसफार्मर में लोड अधिक बढ़ रहा है और इससे फ्यूज, जंफर उड़ने व आग लगने के मामले बढ़ गए हैं।

ट्रांसफार्मर में खराबी से लोवाडीह में घंटों बिजली गुल

कोकर सब स्टेशन में बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से लोवाडीह क्षेत्र में पांच घंटे तक बिजली गुल रही। जिससे लोग शाम के 4 बजे से लेकर रात के 9 बजे तक परेशान रहे। यहीं हाल शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी देखने को मिला है।

अर्थिंग में पानी डालकर किया जा रहा ठंडा

हीटवेव के कहर ने बिजली विभाग की नींद उड़ा दी है। हीट वेव के कारण नामकुम ग्रिड में ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने के लिए विभाग द्वारा कूलर लगाए गए हैं। वहीं टाटीसिलवे सब स्टेशन में अर्थिंग पर पानी डालकर वोल्टेज बढ़ाने का काम जारी है। यह हाल हर सब स्टेशन में बनी रही है।

तेनुघाट दोपहर में किया ट्रिप हिट वेव के कारण तेनुघाट के थर्मल पावर प्लांट दोपहर एक बजे ट्रिप कर गया। जिसके कारण आधे शहर में बिजली का संकट जारी रहा। इसके बाद आनन-फानन में थर्मल प्लांट का दोबारा चालू कराया गया। तब जाकर शहर में पूरी बिजली मिल पाई।

मांग के अनुसार मिली बिजली, लोकल फाॅल्ट ने किया परेशान

राजधानी में मांग के अनुसार बुधवार को 330 मेगावाट बिजली दी गई है। वहीं पूरे जिले में 361 मेगावाट बिजली सप्लाई हुई। इसके बाद भी शहर में बिजली कट की समस्या जारी रही।

लोकल फाॅल्ट के कारण हर क्षेत्र में दिनभर ट्रांसफार्मर में खराबी आती रही। उसे ठीक करने में बिजली विभाग को पसीना छूट गया। वहीं अधिकारियों को दिनभर उपभोक्ता के फोन पर बिजली से संबंधित जानकारी देते नजर आए।

क्या कहते हैं अधिकारी

लोड के अनुसार बिजली मिली है। पर गर्मी इतनी अधिक है, कि लोकल फोल्ट की समस्या हर क्षेत्र में मिल रही है। वहीं हमारे कर्मचारी युद्ध स्तर पर रातभर काम करते रहें-  पीके श्रीवास्तव, महाप्रबंधक, रांची जोन वितरण

ये भी पढ़ें:

पांच जून से बंगाल में होगी मानसून की दमदार एंट्री, झारखंड में भी दिखेगा इसका असर; रिमझिम फुहारों से गिरेगा पारा

रांची के मैकलुस्कीगंज में दहशत, केबल बिछा रहे कंपनी के कंटेनर को उग्रवादियों ने फूंका; जिंदा जला एक मजदूर

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें