Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

PM Modi Jharkhand Visit: 'कोल्हान टाइगर' चंपई सोरेन के गढ़ में गरजे PM Modi, चुनाव के लिए सेट कर गए भाजपा का एजेंडा

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को चंपई सोरेन के गढ़ कोल्हान पहुंचे। उन्होंने जमशेदपुर में विशाल रैली को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने झामुमो कांग्रेस और राजद को झारखंड का सबसे बड़ा दुश्मन बताया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार अवैध घुसपैठ और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इन सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

By DIBYANSHU KUMAR Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sun, 15 Sep 2024 05:51 PM (IST)
Hero Image
जमशेदपुर के गोपाल मैदान में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया संबोधित।

दिव्यांशु,जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं। हेमंत सोरेन की सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या के तुष्टीकरण के लिए आदिवासी समाज पर अत्याचार होते देख रही है।

रविवार को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ये बातें कहीं। भारी बारिश के बीच प्रधानमंत्री सड़क के रास्ते रांची से जमशेदपुर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।

उन्होंने कहा कि मैंने आपसे वादा किया था कि आमने सामने बैठकर मिलेंगे। भारी बारिश भी जमशेदपुर के लोगों से किए वादे को पूरा करने से नहीं रोक सकी। झामुमो पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये कांग्रेस स्कूल आफ करप्शन से ही ट्रेनिंग लेकर आए हैं।

रैली में दिखे एक साथ 4 पूर्व सीएम

परिवर्तन यात्रा के मंच पर चार पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा और चम्पाई सोरेन के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, लक्ष्मीकात वाजपेयी समेत दूसरे बड़े नेता मौजूद थे। मंच का संचालन पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने किया।

खान, खनिज और बालू लूट रही राज्य सरकार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को राज्य में चल रहे भ्रष्टाचार से अवगत कराते हुए झामुमो पर निशाना साधा। कहा कि, खान, खनिज, बालू और सेना की जमीन राज्य सरकार के संरक्षण में लूटी जा रही है।

लोगों को डर से अपने घर के बाहर बोर्ड लगाना पड़ रहा है कि उनकी जमीन बिकाउ नहीं है। मंइयां सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं से तीन सौ रूपए मांगे जा रहे हैं। अबुआ आवास योजना के नाम पर 25 हजार रुपए वसूले जा रहे है।

पीएम ने कहा कि झामुमो सरकार की चला-चली के बेला आ गई है। झामुमो जब भी कुछ देने का वादा करे तो लोग सावधान रहें। ये जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षा में भी नौकरियां बेच रहे हैं। यहां के मजदूर पसीना बहाते हैं जबकि मंत्री, उनके पीए और उनके नौकर के यहां नोटों के पहाड़ मिलते हैं।

बांग्लादेशी घुसपैठ और रोहिंग्या को मिल रहा संरक्षण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संताल परगना के साथ कोल्हान में भी बांग्लादेशी घुसपैठ और रोहिंग्या के अवैध प्रवेश का मुद्दा उठाया। कहा कि आदिवासी बहन बेटियों की अस्मिता खतरे में है।

पीएम ने कहा कि डेमोग्राफी में बदलाव हो रहा है जिससे आदिवासियों की जनसंख्या कम हो रही है। जेएमएम कांग्रेस मजहब के नाम पर अपना वोटबैंक तैयार कर रहे हैं। घुसपैठिए पंचायतों पर कब्जा कर रहे हैं। जेएमएम के भीतर कांग्रेस का भूत घुस गया है

आदिवासी समाज के चंपई को अपमानित कर हटाया

प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा कि गरीब आदिवासी परिवार से आने वाले चम्पाई सोरेन को मुख्यमंत्री की कुर्सी से क्यों हटाया गया। सोरेन परिवार ने अपनी ही बहू सीता सोरेन को अपमानित किया। उनके अधिकार से बेदखल किया। राज्य के आदिवासी इसका हिसाब लेंगे। विधानसभा चुनाव में इन धोखेबाजों को सबक सिखाना होगा।

नियुक्ति परीक्षा में हुई मौत और लूट की होगी जांच

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार को युवाओं की कोई चिंता नहीं है। नियुक्ति परीक्षा में आए छात्रों की मौत हो रही है। पेपर लीक के मामलों में भी झारखंड का नाम आ रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर इन सभी मामलों की जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें: PM Modi Jharkhand Visit: हेमंत की भाभी और चंपई सोरेन के लिए PM का छलका दर्द, भरी सभा में JMM को दिया बड़ा संदेश

'पीएम जो कहते हैं, वो करते हैं', 6 वंदे भारत ट्रेनों के उद्घाटन के बाद जमशेदपुर में शिवराज सिंह ने दिया बड़ा संदेश

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर