Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'सरकार बदलेगी तो सबका हिसाब होगा', PM मोदी बोले- यह रोटी-बेटी और माटी को बचाने की लड़ाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारीबाग की रैली में झारखंड की महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई रोटी बेटी और माटी बचाने की लड़ाई है। मोदी ने झामुमो पर तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने आदिवासियों की जमीन तो लूटी ही सेना की जमीन तक को नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले दो हफ्तों में हजारों तबादले हुए हैं और सरकार बदलते ही इनका हिसाब होगा।

By Ashish Jha Edited By: Yogesh Sahu Updated: Wed, 02 Oct 2024 08:34 PM (IST)
Hero Image
हजारीबाग में पीएम मोदी बोले- पिछले दो हफ्तों में हजारों तबादले हुए।

राज्य ब्यूरो, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधी जयंती के अवसर पर हजारीबाग स्थित गांधी मैदान में राज्य की महागठबंधन की सरकार के खिलाफ जमकर बरसे। मोदी ने कहा कि हमारी लड़ाई रोटी, बेटी और माटी बचाने की लड़ाई है। झामुमो पर तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने आदिवासियों की जमीन तो लूटी ही, सेना की जमीन तक को नहीं छोड़ा।

कहा, पिछले दो हफ्तों में हजारों तबादले हुए। सरकार बदलते ही इन तबादलों का हिसाब होगा। उन्होंने झारखंड में घुसपैठ की समस्या को उठाते हुए कहा कि बांग्लादेशियों की संख्या बढ़ रही है और आदिवासियों की संख्या कम हो रही है।

यह क्या झामुमो की सरकार को नहीं दिखता। आरोप लगाया कि झारखंड में आदिवासियों को कभी भी कांग्रेस ने महत्व नहीं दिया। हमारी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है।

दो अक्टूबर 2015 को भी झारखंड आने की चर्चा करते हुए उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि तब खूंटी में मेरा कार्यक्रम था। वहां से 16 ताप पावर प्लांट का उद्घाटन किया था।

धीरे-धीरे झारखंड के साथ भाजपा का और मेरा अपना एक विशेष रिश्ता बन गया है। यह रिश्ता दिल का रिश्ता है। कुछ ही दिन पहले जमशेदपुर आया था और उस दिन बारिश, पानी, आंधी में भी खूब रुकावट डाली।

हेलीकाप्टर नहीं उड़ सका तो मैंने तय किया कि सड़क मार्ग से जाऊंगा। उसी दिन आपने देखा होगा छह नई वंदे भारत ट्रेन यहां से शुरू हुई और आज भी आप सबके बीच आने से 15 मिनट पहले एक सरकारी कार्यक्रम में 80 हजार करोड रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करके आया हूं।

आदिवासी जननायकों के साथ हुआ अन्याय

उन्होंने कहा कि हमारे देश में आदिवासी जननायकों के साथ जैसा अन्याय किया गया वैसा न्याय दूसरे किसी के साथ नहीं हुआ। कांग्रेस से अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी।

सारी योजनाएं, सड़कें, इमारतें एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर दिखते थे। हमारी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है। यह भाजपा है, जिसने आदिवासी म्यूजियम बनाने का अभियान शुरू किया है। झारखंड तभी बढ़ेगा और आगे जाएगा, जब यह सरकार हटेगी।

परिवर्तन यात्रा का जन आंदोलन चल रहा है। यह परिवर्तन यात्रा केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं है। यह झारखंड के विकास के लिए जन-जन के सपनों को पूरा करने के लिए एक संकल्प यात्रा भी है। भाजपा वह पार्टी है जिसने आपके साथ मिलकर झारखंड राज्य के सपने को देखा भी उसे पूरा भी किया।

अटल सरकार ने शांति और सहमति के साथ झारखंड राज्य बनाया था। हम झारखंड का विकास चाहते थे और हम यहां के आदिवासी समाज के सपनों को पूरा करना चाहते थे। इन सपनों को पूरा करने में हमारी लड़ाई आरजेडी जैसी पार्टियों से थी। उन लोगों ने झारखंड को अपनी लूट का ठिकाना बना रखा था।

जल, जंगल, जमीन की खुलेआम लूट होती थी। दिल्ली से इन्हें कांग्रेस का साथ मिल रहा था और इसी कारण राजद वाले कहते थे कि अलग झारखंड नहीं बनने देंगे। और कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित करती थी कि झारखंड की मांग कभी पूरी ना हो। आज झामुमो भी कांग्रेस और राजद के रंग में रंग गई है।

जमीन की हो रही लूट, भ्रष्टाचार-घुसपैठ से बदल रही डेमोग्राफी

मोदी ने कहा कि राज्य में जमीन को लूट जारी है। इन्होंने झारखंड में कोयले की खुली लूट करने के बाद बालू की लूट की। खनिज झारखंड के विकास की पूंजी है और यह सरकार उसकी भी लूट में लगी है।

यह लोग गरीबों व आदिवासियों के नाम पर योजनाएं तो निकलते हैं लेकिन उसका पैसा भी खा जाते हैं। अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना आदि भ्रष्टाचार का ठिकाना बन गई है।

प्रदेश सरकार के संरक्षण में पेपर लीक करनेवाले बढ़ रहे हैं। लाखों रुपए में एक-एक पेपर बेचकर यहां के युवाओं का हक मारा जा रहा है। यह पैसा उनके मालिकों तक, ऊपर तक जाता है।

यह गरीबों के पानी का पैसा भी हड़प गए हैं। जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। पानी के लिए तो गरीब आदमी भी अपने घर के बाहर एक मटका रखता है ताकि आने जाने वाला पानी पी सके। गरीब आदमी भी पानी पिलाता है लेकिन यह सरकार पानी के काम में भ्रष्टाचार कर रही है।

यहां कांग्रेस के नेताओं के ठिकानों से सैकड़ों करोड़ बरामद होते है और नेताओं के नौकरों के घरों से भी करोड़ों रुपए पकड़े जाते हैं। अब जब उनकी विदाई होने को है तो इन्होंने भ्रष्टाचार की स्पीड भी बढ़ा दी है और रेट भी बढ़ा दिया। मुझे पता चला है पिछले दो हफ्ते में झारखंड में हजारों ट्रांसफर हुए हैं।

लोग बता रहे हैं कि ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग इनका बहुत बड़ा उद्योग है। इन्होंने हमेशा आदिवासी समाज को ठगा है। ये लोग झारखंड में अपना एक नया वोट बैंक तैयार कर रहे हैं। झारखंड की बलि चढ़ा कर, यहां के विरासत की बलि चढ़ाकर, झारखंड के अस्मिता की बलि चढ़ाने का यह खतरनाक खेल खेला जा रहा है।

इसका सबूत है लगातार कम हो रही आदिवासी आबादी है। वहीं दूसरी आबादी घुसपैठियों की आबादी लगातार बढ़ रही है। डेमोग्राफी में इतना तेज बदलाव हुआ है।

वे जमीनों पर कब्जा कर रहे

आदिवासियों और हिन्दुओं की आबादी कम हो रही है। झारखंड में यह बदलाव आप लोगों को दिख रहा है कि नहीं। वे यहां की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।

झारखंड में आदिवासी समाज की बेटियां उनके निशाने पर हैं। सरकार में बैठे लोगों को नहीं दिखता है कि आदिवासियों की आबादी घट रही है।

हाई कोर्ट इस गंभीर मामले पर चिंता जता रहा है लेकिन जेएमएम सरकार कोर्ट में हलफनामा दायर कर घुसपैठ से इनकार कर देती है।

उन्होंने अपने संबोधन के दौरान आरक्षण का मुद्दा भी उठाया और कहा कि आज डंके की चोट पर कह रहा हूं, भाजपा के रहते एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण कोई नहीं छीन सकता है।

यह भी पढ़ें

PM के हमशक्ल के साथ दिखीं भारत माता, सेल्फी ली और पीएम जन मन योजना के लाभुक बोले- थैंक्यू मोदी जी

PM Modi Hazaribagh Visit Live: झारखंड के लोगों की बल्ले-बल्ले, पीएम मोदी ने 80 हजार करोड़ की योजनाओं का दिया तोहफा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें