Move to Jagran APP

प्रकाश पर्व की तैयारी : एक गुरु के सब जग बंदे...

सिखों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को दीवान सजाया गया।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 11 Nov 2019 03:10 AM (IST)
Hero Image
प्रकाश पर्व की तैयारी : एक गुरु के सब जग बंदे...

जागरण संवाददाता, रांची : सिखों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को रातू रोड, कृष्णानगर कॉलोनी से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। जो बोले सो निहाल, सतश्री अकाल के जयकारे के बीच दोपहर तीन बजे फूलों से सजी सवारी पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी गुरुनानक स्कूल के लिए रवाना हुई। हाथ में कृपाण लिए पंच प्यारे गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी की अगुवाई कर रहे थे। बिलासपुर की विशेष बैंड पार्टी कीर्तन की शोभायात्रा बढ़ा रही थी। साथ में स्त्री सत्संग सभा गुरुवाणी गायन कर रही थीं। हजारों महिला-पुरुष, बच्चे नगर कीर्तन में शामिल हुए। जिधर से शोभायात्रा निकली गुरु ग्रंथ साहिब की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। यातायात व्यवस्था लगभग थम सी गई। रात नौ बजे नगर कीर्तन मेट्रो गली, रातू रोड, महावीर चौक, शास्त्री मार्केट, सर्जना चौक, मेन रोड होते हुए पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। इससे पूर्व बिड़ला मैदान में विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। नगर कीर्तन का संचालन गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा मेन रोड द्वारा किया गया।

---

तीन किलोमीटर लंबी लाइन

नगर कीर्तन की भव्यता देखते बन रही थी। संध्या 6.40 बजे एक छोर मेन रोड गुरुद्वारा तो दूसरा छोर अपर बाजार महावीर चौक से बढ़ रहा था। पंजाब से विशेष तौर पर बुलाए गए गतका पार्टी की हैरतअंगेज कलाबाजी लोगों को अचरज में डाल रही थी। कलाबाजी दिखाने में बच्चे भी पीछे नहीं थे। गुरुनानक स्कूल, पीपी कंपाउंड और कमड़े गुरु गोविंद सिंह स्कूल के बच्चों ने रास्तेभर तलवारबाजी करते रहे।

----

जिथे बाबा पैर धरे पूजा आसन थापन सोहा...

गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा की ओर से बिड़ला मैदान में सुबह 10 से विशेष दीवान सजाया गया। दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल के सबना का मा प्यो आप है मा प्यो आप है.. शबद गायन से हुई। कीर्तन जत्था भाई गुरदीप सिंह अबोहर वाले ने कर किरपा तेरे गुण गावा..,सतगुर नानक परगटया मिटी धुंध जग चानन होया..आदि शबद गायन से वातावरण को नानकमय बना दिया। इससे पूर्व सुबह नौ बजे गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की प्रभातफेरी निकाली गई। पुष्प वर्षा के बीच गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह की अगुवाई में दीवान विराजमान किया गया। आनंद साहिब का पाठ, अरदास, हुकुम नामा एवं कड़ाह प्रसाद वितरण के साथ दोपहर ढाई बजे विशेष दीवान की समाप्ति हुई। दोपहर 12 बजे से सत्संग सभा द्वारा गुरु का अटूट लंगर चलाया गया जिसमे सभी संप्रदाय के बीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ पंगत में बैठकर गुरु का लंगर छका।

---

अतिथियों को सरोपा व स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित

दरबार में हाजिरी लगाने भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसमें राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, पूर्व सीएम बाबूलाल मराडी, राज्यसभा सासद महेश पोद्दार, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सासद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह सेठी, वार्ड नं 31 के पार्षद अशोक यादव, वार्ड नं 30 की पार्षद रीमा देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा, झामुमो नेत्री महुआ माजी, पूर्व वार्ड पार्षद सुनीता देवी ने विशेष दीवान में हाजिरी भर गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका। सत्संग सभा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी एवं सचिव मनीष मिढ़ा ने सभी सम्मानित अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर एवं सरोपा देकर सम्मानित किया।

----

राज्यपाल ने चांदी का सिक्का जारी किया, दी शुभकामनाएं

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सत्संग सभा द्वारा तैयार चादी का विशेष सिक्का जारी किया। समूह साध संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव इंसानियत के मसीहा थे। उनकी स्वीकार्यता सभी धर्म एवं संप्रदाय के लोगों में थी। उन्होंने उपस्थित साथ संगत से गुरु नानक जी के बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

---

बच्चों को किया गया सम्मानित

गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल के प्रतिभाशाली बच्चों को स्वर्गीय मुखी मोहन लाल मिढ्डा स्मृति अवॉर्ड, स्वर्गीय गुरमुख दास मिढ़ा स्मृति अवॉर्ड एवं स्वर्गीय विशाल मुंजाल स्मृति अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। स्कूल कमेटी के नरेश पपनेजा, मोहनलाल अरोड़ा, रमेश गिरधर एवं जितेंद्र मुंजाल ने बच्चों को अवार्ड प्रदान किया।

---

गुरुनानक देव के जीवन पर तैयार पुस्तिका का वितरण

गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल कमेटी ने स्टॉल लगाकर गुरुनानक देव की जीवनी पर तैयार पुस्तक मानवता के पुंज की 550 प्रतियों का निश्शुल्क वितरण किया।

---

शिविर लगाकर सामाजिक संगठनों ने की सेवा

श्री राधाकृष्ण मंदिर कमेटी ने आयोजन स्थल पर चाय बिस्किट का वितरण किया एवं बहावलपुरी पंजाबी समाज द्वारा खीर बाटी गई तथा पानी की सेवा की गई। शिव बारात समिति द्वारा साध संगत को पानी की बोतलें उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा स्व किशोरी यादव फाउंडेशन, जायसवाल समाज, गाधी चौक दुकानदार एसोसिएशन, शास्त्री मार्केट दुकानदार एसोसिएशन, डेली मार्केट दुकानदार संघ, पंजाबी हिंदू बिरादरी, चर्च कांप्लेक्स एसोसिएशन, रोस्पा टावर दुकानदार संघ, सरना समिति, रविदास सभा, रांची सिंधी पंचायत, अंजुमन इस्लामिया आदि संस्था की ओर से सेवा शिविर लगाए गए।

---

बच्चों ने दिया सर्व धर्म सद्भाव का संदेश

नगर कीर्तन में स्कूली बच्चों ने सर्व धर्म सद्भाव का संदेश दिया। हिदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई धर्म के वेशभूषा में बच्चे अनेकता में एकता का संदेश से रहे थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।