Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Droupadi Murmu: झारखंड आ रहीं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानिए किस दिन क्या कार्यक्रम

Rashtrapati Droupadi Murmu राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिनों के लिए झारखंड आ रही हैं। उनके के आगमन के पूर्व सुरक्षा व व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अफसरों की टीम खूंटी गई थी। हेलीपैड सड़क कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया गया।

By Jagran NewsEdited By: M EkhlaqueUpdated: Tue, 08 Nov 2022 09:18 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिनों की यात्रा पर झारखंड आएंगी।

रांची, राज्य ब्यूरो। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर झारखंड में 14 व 15 नवंबर को प्रस्तावित विविध आयोजनों में शामिल होने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu In Jharkhand) रांची आ रही हैं। वे रांची में 14 को व खूंटी के उलिहातू स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर 15 को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के झारखंड आगमन के पूर्व अधिकारी विधि व्यवस्था दुरुस्त करने की कोशिश में जुट गए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने खूंटी के उलिहातू का दौरा किया।

हेलीपैड व कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

मुख्य सचिव के साथ डीजीपी नीरज सिन्हा, आपदा सचिव अमिताभ कौशल, सचिव श्रीनिवासन, एडीजी अभियान संजय आनंदराव लाठकर, आइजी पंकज कंबोज, डीआइजी अनीश गुप्ता के अलावा खूंटी के डीसी व एसपी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने उलिहातू में हेलीपैड व कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और सड़क की स्थिति व सुरक्षा के बिंदुओं पर विचार-विमर्श भी किया। अधिकारियों ने निर्णय लिया कि बहुत जल्द ही जो कमियां हैं, उसे दूर की जाएगी। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल के अलावा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति होगी। कार्यक्रम के पूर्व एक दिन राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा संबंधित बिंदुओं पर पूर्वाभ्यास किया जाएगा।

सीएम हेमंत सोरेन कर चुके हैं तैयारी बैठक

मालूम हो कि कुछ दिनों पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अफसरों के साथ बैठक कर झारखंड स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की थी। इस बार स्थापना दिवस पर मोरहाबादी मैदान में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगी। द्रौपदी मुर्मू उस दिन झारखंड सरकार की नई योजनाओं और नीतियों का शुभारंभ करेंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को देखते हुए रांची में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे।

इन योजनाओं और नीतियों की होगी लांचिंग

झारखंड सरकार के अनुसार, झारखंड स्थापना दिवस (Jharkhand Foundation Day) समारोह में सीएम सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना और एकलव्य स्किल योजना की लांचिंग होगी। इसके अलावा इंडस्ट्रियल पार्क एंड लाजिस्टिक पालिसी-2022, इलेक्ट्रिक व्हीकल पालिसी-2022 व झारखंड एथेनाल प्रोडक्शन प्रमोशन पालिसी-2022 भी शुरू होगा।

तीन घंटे तक रांची में मौजूद रहेंगी द्रौपदी मुर्मू

जानकारी के अनुसार, द्रौपदी मुर्मू का यह कार्यक्रम पूरे तीन घंटे का होगा। इसका शुभारंभ शाम 3 बजे होगा और समापन शाम 6 बजे होगा। इस कार्यक्रम में करीब 5000 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का होगा शुभारंभ होगा। कुल चार नई योजनाओं और तीन नई नीतियों की लांचिंग प्रस्तावित है। वहीं लाभुकों के बीच 2000 करोड़ से ज्यादा की परिसंपत्तियों का वितरण होना है। यही नहीं इस समारोह में 1000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इस मौके पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।