Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

प्रधानमंत्री मोदी उस कक्ष को करेंगे नमन जहां बिरसा ने ली थी अंतिम सांस, पीएम के आगमन पर झारखंड में उत्‍सव का माहौल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं। वह आज शाम तक रांची पहुंच जाएंगे। यहां पीएम मोदी के भव्‍य स्‍वागत की तैयारियां चल रही हैं। आज राजभवन में रात्रि विश्राम करने के बाद वह 15 नवंबर को कई सारे कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम मोदी के आगमन को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। हर तरफ पैनी नजर रखी जा रही है।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenUpdated: Tue, 14 Nov 2023 10:49 AM (IST)
Hero Image
आज झारखंड केदो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं पीएम मोदी।

राज्य ब्यूरो, रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे पर भाजपा भव्य स्वागत की तैयारी कर रही है। इस निमित्त सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में बताया गया कि एयरपोर्ट से राजभवन तक पीएम का भव्य स्वागत होगा।

बैठक में ये सभी रहे शामिल

बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू, डा. प्रदीप वर्मा, रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल सहित रांची महानगर एवं रांची ग्रामीण जिला में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, जिला एवं मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चों के अध्यक्ष और महामंत्री शामिल हुए।

15 नवंबर का दिन झारखंड के लिए है खास

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के लिए 15 नवंबर स्वर्णिम दिवस है। यह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्मदिन और झारखंड का जन्मदिन होने के साथ-साथ राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस भी है। 15 नवंबर को एक साथ कई त्योहार हैं। त्योहार को झारखंड वासियों और खासकर जनजाति भाई-बहनों के साथ मनाने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं। यह झारखंड वासियों के लिए बड़े ही सौभाग्य की बात है।

नृत्य संगीत मंडली के साथ पीएम का स्‍वागत

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर भव्य स्वागत के लिए जोर-शोर से तैयारी में जुट जाएं। सभी स्थानों पर राज्य की सांस्कृतिक पहचान नृत्य संगीत मंडली के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा।

इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि झारखंड में उत्सव का वातावरण है। सोहराय, भाई दूज जैसे सांस्कृतिक उत्सव के साथ भगवान बिरसा जयंती, राज्य स्थापना दिवस और जनजाति गौरव दिवस का सुखद संयोग है। उन्होंने अपना व्यस्ततम समय झारखंड को दिया।

IAS, IPS की लगाई गई है ड्यूटी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रांची व खूंटी दौरे को लेकर झारखंड सरकार ने एक दर्जन आइएएस और आइपीएस अधिकारियों को डयूटी पर लगाया है। कुल 5 जगहों पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय हुआ है और इन्हीं जगहों पर अधिकारियों की पोस्टिंग हुई है।

भगवान बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय, बिरसा काॅलेज मैदान खूंटी, भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू, खूंटी स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी और भगवान बिरसा मुंडा का स्मारक उलिहातू में कार्यक्रम होंगे। इस कार्यक्रम को लेकर सात आइएएस और पांच आइपीएस अधिकारियों को लगाया गया है।

बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचेंगे पीएम 

यह पहला अवसर है, जब कोई प्रधानमंत्री उस कक्ष को नमन करेंगे, जहां धरती आबा बिरसा मुंडा ने नौ जून, 1900 को अंतिम सांस ली थी। यह जेल अब बिरसा मुंडा संग्रहालय है, जहां आदिवासी क्रांतिकारियों की आदमकद प्रतिमाएं भी लगी हुई हैं।

जेल परिसर में आदिवासी संस्कृति और जीवन-दर्शन को भी दिखाया गया है। हर जनजाति की प्रतिमाएं बनाई गई हैं। उनकी परंपरा और संस्कृति को भी यहां देख सकते हैं। आदिवासियों के प्रमुख पर्व के बारे में भी यहां जानकारी दी गई है।

जेल के अंदर लगी है 25 फीट की प्रतिमा

जेल के अंदर प्रवेश करते ही बिरसा मुंडा की 25 फीट की प्रतिमा लगी हुई है। इसके बाद दूसरा द्वार अंदर ले जाता है। फिर अंदर जाते है प्रथम तल में बैरक नंबर चार है, जिसमें धरती आबा बंद थे। इसी कमरे में उन्होंने अंतिम सांस ली। संभावना है, प्रधानमंत्री इस कक्ष में कुछ समय गुजारेंगे। पूरा जेल करीब 25 एकड़ में है।

1899 में बनी थी रांची जेल

रांची में पहली जेल अपर बाजार में बनी थी। इसके बाद 1899 में इस जेल का निर्माण हुआ। अंग्रेज शासन में इसे बनवाया गया था। रांची तब क्रांतिकारी गतिविधियों का केंद्र था। यहां के बंदियों को हजारीबाग जेल में रखा जाता था। ब्रिटिश सरकार ने यहां की स्थिति को देखते हुए रांची में जेल का निर्माण किया था।

कहां-कहां होगा स्वागत 

  • एयरपोर्ट से बाहर कर्पूरी ठाकुर चौक हीनू में हीनू, हिंदपीढ़ी, डोरंडा और नामकुम मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। इस स्थल के प्रभारी प्रदेश महामंत्री डा. प्रदीप वर्मा हैं।
  • बिरसा चौक के प्रभारी विधायक नवीन जायसवाल हैं। नवीन जायसवाल के साथ हटिया, धुर्वा, जगन्नाथपुर मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
  • अरगोड़ा चौक पर रांची के सांसद संजय सेठ के साथ पंडरा और अरगोड़ा मंडल के भाजपा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
  • भाजपा प्रदेश कार्यालय के पास महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के साथ महिला मोर्चा की कार्यकर्ता स्वागत करेंगी।
  • हरमू चौक पर प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू के साथ हरमू मंडल और प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
  • सहजानंद चौक पर प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव एवं संदीप वर्मा के साथ चुटिया मंडल के भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्वागत करेंगे।
  • किशोरगंज चौक पर विधायक सीपी सिंह के साथ किशोरगंज और पहाड़ी मंदिर के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
  • रातू रोड चौराहे पर सुखदेव नगर मंडल के भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय के साथ भव्य स्वागत करेंगे।
  • एलपीएन शाहदेव चौक पर विधायक समरी लाल के साथ गोंदा और कांके मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
  • मछलीघर के पास रणधीर वर्मा तिराहा पर संजीव विजयवर्गीय के साथ अपर बाजार, लालपुर, कोकर, लोअर बाजार और बरियातू मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।

यह भी पढ़ें: Uttarkashi Tunnel Collapse: 'उत्तरकाशी की सुरंग में फंसे झारखंड के लोगों को वापस लाएं', CM सोरेन के निर्देश पर टीम रवाना

यह भी पढ़ें: टंकी बनकर तैयार... पानी पहुंचने का इंतजार, गढ़वा के इस गांव में अब तक नहीं पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं; तरस रहे लोग