Move to Jagran APP

Radio Khanchi: गूंजी आवाज हम सबका रेडिया खांची... 90.4 FM पर मिलेंगे RU के जॉकी

Radio Khanchi goes on air 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद रांची विवि का बहुप्रतीक्षित कम्युनिटी रेडियो खांची-90.4 एफएम का प्रसारण अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार से शुरू हुआ।

By Alok ShahiEdited By: Updated: Mon, 09 Mar 2020 06:56 AM (IST)
Hero Image
Radio Khanchi: गूंजी आवाज हम सबका रेडिया खांची... 90.4 FM पर मिलेंगे RU के जॉकी

रांची, जासं। 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद रांची विवि का बहुप्रतीक्षित कम्युनिटी रेडियो खांची-90.4 एफएम का प्रसारण अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार से शुरू हुआ। राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन से ही इसका उद्घाटन किया। राज्यपाल के बटन दबाते ही विवि का कुलगीत जय जय जय रांची गुरुकुल जय ... बजने लगा। इसके बाद रेडियो खांची का स्टेशन सांग हम सबका रेडियो ....हम सबका रेडियो...रेडियो खांची...की आवाज गूंजी। इसके बाद राज्यपाल के शुभकामना संदेश का प्रसारण हुआ। रांची विश्वविद्यालय कम्युनिटी रेडियो शुरू करने वाला राज्य का पहला विश्वविद्यालय बन गया है।

मौके पर राज्यपाल ने कहा कि खांची का टैग लाइन-हम सबका रेडियो, समाज के प्रति अपनापन को दिखाता है। यह छात्र-छात्राओं को सामाजिक और अनुशासनिक तौर पर मजबूत करते हुए उनके पर्सनालिटी को भी निखारेगा। कहा, खांची के माध्यम से विलुप्त जनजाति भाषाओं को जीवनदान और प्रचलित भाषाओं को समृद्धि मिलेगी। रेडियो खांची सभी का पसंदीदा चैनल बनेगा। इसके लिए वीसी व प्रोवीसी की टीम को बधाई। मौके पर वीसी डॉ. रमेश कुमार पांडेय, प्रति कुलपति डॉ. कामिनी कुमार, कुलसचिव डॉ. अमर कुमार चौधरी, सीसीडीसी डॉ. गिरजा शंकर शाह देव, एमपीईएच निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह, रेडियो खांची के निदेशक डॉ. आनंद कुमार ठाकुर थे। 

लेक्चर्स की रिकॉर्डिंग कर होगा प्रसारण

कुलपति डॉ. रमेश कुमार पांडेय ने शुभकामना संदेश में कहा कि 1960 में स्थापित आरयू 60 वर्ष का हो गया है। इस दौरान कई ऊंचाईयों को छुआ। 90.4 एफएम रेडियो खांची इस दिशा में एक और प्रयास है। सरकार के सहयोग से यहां तक का सफर पूरा हुआ। वीसी ने कहा कि इस रेडियो के माध्यम से छात्र-छात्राओं को कैंपस में होने वाली सभी तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को बुलाकर उनके लेक्चर को रिकॉर्ड कर प्रसारित किया जाएगा।

छात्र-छात्राओं के कौशल का होगा आकलन

राजभवन में उद्घाटन के बाद वीसी डॉ. रमेश कुमार पांडेय ने राज्यपाल के निर्देश पर मोरहाबादी के बेसिक साइंस भवन स्थित रेडियो खांची के शिलापट का अनावरण किया। वीसी अपनी टीम के साथ स्टूडियो में भी बैठे। उन्होंने कहा कि रेडियो खांची के माध्यम से जर्नलिज्म के छात्र-छात्राओं के कौशल का आकलन कर सकेंगे। उन्होंने रेडियो खांची के डायरेक्टर डॉ. आनंद ठाकुर को बधाई दी।

15 किलोमीटर तक सुनाई पड़ेगी आवाज

राज्य के विश्वविद्यालयों में पहली बार रांची विवि में रेडियो खांची की शुरुआत की गई है। कम्युनिटी रेडियो खांची स्टेशन से 15 किलोमीटर की दूरी तक 90.4 एफएम पर आवाज सुनी जा सकेगी। रेडियो के एंटीना की ऊंचाई 30 मीटर है। इसे स्थापित करने में लगभग 76 लाख रुपये खर्च हुए हैं। रेडियो को संचालित करने के लिए पहले ही केंद्र सरकार द्वारा पांच वर्ष के लिए लाइसेंस मिल चुका है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें