Move to Jagran APP

Rahul Gandhi: झारखंड विधानसभा चुनाव का एलान होते ही एक्शन में राहुल गांधी, इस तारीख को करेंगे चुनावी शंखनाद

Rahul Gandhis Jharkhand visit राहुल गांधी 19 अक्टूबर को रांची में संविधान बचाओ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन के जरिए वह झारखंड में चुनावी मुद्दों को टटोलेंगे। राहुल गांधी की कोर टीम के सदस्य रांची में कैंप कर रहे हैं और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में दल के नेताओं को छोड़कर सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा।

By Ashish Jha Edited By: Mohit Tripathi Updated: Tue, 15 Oct 2024 09:16 PM (IST)
Hero Image
सामाजिक संगठनों के साथ चुनावी मुद्दे तलाशेंगे राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Elections 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर संविधान बचाओ सम्मेलन के माध्यम से झारखंड में चुनावी मुद्दों को टटोलेंगे। 19 अक्टूबर को उनका आगमन रांची हो रहा है।

राहुल गांधी के इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर उनकी कोर टीम के सदस्य प्रतिष्ठा सिंह, मनोज त्यागी, अनिल जैन आदि रांची में कैंप कर रहे हैं।

सभी सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, मुख्य प्रवक्ता किशोरनाथ शाहदेव, मीडिया प्रभारी सतीश पाल मुंजनी आदि नेताओं के साथ इस कार्यक्रम के लिए राजधानी रांची में बने सभागारों को देखा। टीम को जैप-1 का सभागार एवं रिम्स स्थित सभागार पसंद आया।

रिम्स सभागार में कार्यक्रम के आयोजन के दौरान मरीजों, परिजनों और डाक्टरों की भारी भीड़ की संभावनाओं को देखते हुए राहुल गांधी की टीम जैप-1 के सभागार में ही कार्यक्रम का आयोजन कराने पर विचार कर रही है। इस मामले में अंतिम निर्णय बुधवार को होगा।

क्या है राहुल गांधी का संविधान बचाओ कार्यक्रम का प्लान

राहुल गांधी के संविधान बचाओ कार्यक्रम को लेकर पार्टी सूत्रों ने बताया कि इसमें दल के नेताओं को छोड़कर सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। झारखंड के वैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी की ओर से बुलावा मिलेगा, जिनका झुकाव भाजपा की ओर नहीं हो।

ऐसे में नीति आयोग के सदस्य रह चुके ज्यां द्रेज, सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला, बासवी किड़ो जैसे लोगों को आमंत्रित किया गया है।

झारखंड के चुनावी मुद्दों को तलाशेंगे राहुल गांधी

माना जा रहा है कि इनके साथ परिचर्चा में राहुल गांधी झारखंड में चुनावी मुद्दों की तलाश करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय से पहुंची प्रतिष्ठा सिंह ने राहुल गांधी की कोर टीम के सदस्य मनोज त्यागी और अनिल जैन के साथ रांची में तैयारियों की समीक्षा की और कई सभागारों को देखने भी पहुंचीं।

उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता डा. रामेश्वर उरांव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव, आलोक कुमार दुबे, डा. राजेश गुप्ता छोटू, सुल्तान अहमद, रविंद्र सिंह, अशोक चौधरी, अभिलाष साहू, विनय सिन्हा आदि कई नेताओं के साथ एआईसीसी से आए पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करने से लेकर संपर्क स्थापित करने एवं उन्हें आमंत्रित करने की पूरी तैयारी पर चर्चा हुई।

राहुल गांधी के आगमन को लेकर उत्साह में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा राहुल गांधी के आगमन से झारखंड के कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। कार्यक्रम राज्य के विभिन्न सामाजिक संगठनों का है, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए आतुर हैं।

विधायक दल के नेता डा. रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ तो राहुल गांधी का मिलना जुलना हमेशा होता रहता है लेकिन इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता होगी।

यह भी पढ़ें: Jharkhand Election 2024: झारखंड में चुनाव के लिए कैसी है इलेक्शन कमीशन की तैयारी? पढ़िए अबतक हर एक अपडेट

Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव का बजा बिगुल, 2 चरणों में होगी वोटिंग; 23 नवंबर को नतीजे

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें