Move to Jagran APP

Jharkhand: हज हाउस में जल्द तैयार होगा 250 ऑक्सीजन युक्त बेड

Jharkhand News हज हाउस में कोविड वार्ड सभी सुविधाओं से लैस होगा। हज कमेटी के चेयरमैन सह विधायक इरफान अंसारी ने दौरा किया। कहा कि रांची के विधायक सीपी सिंह घर में बैठकर आराम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को जनता जवाब देगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Updated: Thu, 29 Apr 2021 07:15 PM (IST)
Hero Image
हज हाउस में कोविड वार्ड सभी सुविधाओं से लैस होगा।

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। राजधानी रांची स्थित हज हाउस को कोविड अस्पताल में तब्दील करने की तैयारी आरंभ कर दी गई है। इसमें 250 ऑक्सीजन युक्त बेड होंगे। झारखंड हज कमेटी के चेयरमैन सह जामताड़ा के विधायक डाॅ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को हाउस पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द यहां 250 ऑक्सीजन युक्त बेड का निर्माण कराया जा रहा है। यहां का कोविड वार्ड सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। मरीजों के परिजन उन्हें देख सकें और मॉनिटरिंग कर सकें, इसका भी खास इंतजाम किया गया है।

सभी सदस्यों से बात कर यह निर्णय लिया गया है। कुछ उलेमा इसका विरोध कर रहे हैं, जिसे बैठकर मना लिया जाएगा। गौरतलब है कि इरफान अंसारी ने हज हाउस को कोविड अस्पताल बनाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे केंद्रीय मंत्री सह हज कमेटी आफ इंडिया के चेयरमैन मुख्तार अब्बास नकवी ने मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना लोगों की जान ले रहा है। मेरा आग्रह होगा कि सभी आगे आएं और ज्यादा से ज्यादा मदद कर लोगों की जान को बचाएं। कहा कि आपदा के समय में रांची के विधायक सीपी सिंह कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। वे घर घुस गए हैं।

मैं उनसे कहना चाहूंगा कि आप घर से बाहर निकलें और लोगों की मदद करें वरना इरफान अंसारी आपको घर से बाहर निकालेगा। सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें और लोगों को धर्म के नाम पर उलझा कर राजनीति करना ही इनका काम रह गया है। सीपी सिंह हिंदपीढ़ी के लोगों को जिस प्रकार बदनाम कर रहे थे, आज वही लोग आगे आकर बढ़-चढ़कर अपना प्लाज्मा डोनेट कर रहे हैं और लोगों की जान बचा रहे हैं। सीपी सिंह अपने घर में आराम फरमा रहे हैं। ये लोग घर में बैठकर सिर्फ नसीहत दे रहे हैं। जनता इन्हें देख रही है और समय आने पर इनको जवाब दिया जाएगा। बुरे वक्त में जो काम आता है, उन्हें ही लोग याद करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द हज हाउस का दौरा करेंगे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें