Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ranchi Smart City: धुर्वा में विकसित हो रही स्‍मार्ट सिटी, हाेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं; जानें विस्‍तार से

Ranchi Smart City News स्मार्ट सिटी का मैप आधुनिक कंट्रोल रूम और कमांड सेंटर तैयार कर लिया गया है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को इससे जोड़ा गया है। इसके लिए रांची में कई तरह के आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Updated: Sat, 12 Dec 2020 12:26 PM (IST)
Hero Image
रांची स्‍मार्ट सिटी के लिए बनाया गया प्‍लान। संजय सुमन

रांची, [संजय सुमन]। झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा एचईसी इलाके में 656 एकड़ जमीन पर आधुनिक स्मार्ट सिटी विकसित किया जा रहा है। देश के 98 शहरों को स्‍मार्ट बनाने की योजना के तहत यहां निर्माण कार्य जोरों पर है। स्‍मार्ट सिटी योजना में झारखंड का एकमात्र जिला रांची ही शामिल है। स्मार्ट सिटी के 86.5 एकड़ भूमि पर आवासीय परिसर बनाया जाएगा। यहां बनाई जा रहीं सड़कें 40 मीटर चौड़ी होंगी। स्मार्ट सिटी का मैप, आधुनिक कंट्रोल रूम और राजधानी रांची का कमांड सेंटर तैयार कर लिया गया है।

रांची शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को इससे जोड़ा गया है। इसके लिए शहर में कई तरह के आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। अधिकारी इस कमांड सेंटर में बैठकर पूरे शहर के चप्पे-चप्पे पर निगाह रखेंगे। रांची के ट्रैफिक सिस्टम को भी इसी कमांड सेंटर से नियंत्रित करने की योजना है। यहां आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम लगाया गया है, जो स्वचालित होगा। यानी जिस तरफ वाहनों की भीड़ ज्यादा होगी, उसे आवाजाही का ज्यादा समय मिलेगा।

शहर में माइकिंग की भी व्यवस्था की गई है। इस कंट्रोल रूम से पूरे शहर में कोई भी संदेश एक साथ दिया जा सकता है। आवासीय परिसर में कमर्शियल ऑफिस, फाइव स्टार होटल, रिटेल माॅल, कमर्शियल टावर, लोकल शॉपिंग सेंटर आदि का निर्माण पीपीपी मोड पर कराया जाएगा। यहां 15 हजार आवास बनाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी के लिए हटिया डैम में अलग से आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है।

स्‍मार्ट सिटी में विद्युत आपूर्ति के लिए गैस आधारित आधुनिक पावर हाउस बन रहा है। स्मार्ट सिटी में आधुनिक पार्क भी विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा यहां बेकार पानी को रीसायकल कर फिर से इस्तेमाल करने लायक बनाने का प्लांट भी लगेगा। यहां के मकानों में स्मार्ट मीटर लगाया जाएगा। ठोस कचरा निष्पादन की व्यवस्था होगी।

यहां रिवर फ्रंट भी विकसित किया जाएगा। स्मार्ट सिटी में चार गेट बनाए जाएंगे। पहला गेट हटिया स्टेशन से एक किलोमीटर की दूरी पर होगा। दूसरा गेट एयरपोर्ट की तरफ खुलेगा जो एयरपोर्ट से 2 किलोमीटर दूर होगा। इसी तरह दो अन्य गेट बनेंगे। यहां 191.64 करोड़ रुपये की लागत से हर्बल सिविक टावर का निर्माण हो रहा जो दर्शनीय होगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें