Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand News: एसीबी छापेमारी में एसडीओ शैलेश के ठिकाने से 22.09 लाख रुपये नकदी बरामद, 11 डीड मिले

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रांची के बड़गाईं क्षेत्र में जमीन घोटाले की जांच में बड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों में छह ठिकानों पर छापेमारी में 22 लाख रुपये नकद और करोड़ों के जमीन के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी अंचलाधिकारी शैलेश कुमार और मनोज कुमार से पूछताछ जारी है। एसीबी की टीम जल्द बड़गाईं अंचल के तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद का भी बयान लेगी।

By Dilip Kumar Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 12 Sep 2024 08:43 PM (IST)
Hero Image
एसडीओ शैलेश के ठिकाने से 22.09 लाख रुपये नकदी बरामद, 11 डीड मिले

राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के बड़गाईं क्षेत्र स्थित जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की तहत जांच कर रहा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) झारखंड ने दो दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने बड़गाईं अंचल के तत्कालीन दो अंचलाधिकारियों शैलेश कुमार व मनोज कुमार से जुड़े छह ठिकानों पर छापेमारी में 22 लाख 9 हजार रुपये नकदी के अलावा करोड़ों के जमीन के दस्तावेज जब्त किए हैं।

शैलेश कुमार वर्तमान में एसडीओ सदर हजारीबाग व मनोज कुमार पश्चिम सिंहभूम के नोवामुंडी अंचल के अंचलाधिकारी हैं। दोनों आरोपितों ने एसीबी ने रांची में लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ की है।

रांची के सदर थाने में एक जून 2023 को दर्ज प्राथमिकी में पहले झारखंड पुलिस की सीआइडी अनुसंधान कर रही थी। राज्य सरकार के आदेश पर अब इस मामले की जांच एसीबी कर रहा है। यह केस बड़गाईं अंचल के तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के आवास से बरामद जमीन के मूल दस्तावेजों, सरकारी पंजी आदि की बरामदगी मामले में दर्ज हुआ था।

दो दिनों की छापेमारी में किसके ठिकाने से क्या मिला

शैलेश कुमार: बड़गाईं के पूर्व अंचलाधिकारी व वर्तमान में एसडीओ सदर शैलेश कुमार के ठिकानों से जमीन संबंधित कुल 11 डीड बरामद हुए हैं। उनके गिरिडीह स्थित आवास से कुल 18 लाख 10 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। शैलेश कुमार के धनबाद स्थित आवास से तीन लाख 98 हजार 662 रुपये नकदी मिले हैं। इसके अलावा आवास से कुल 11 मोबाइल, दो लैपटाप व एक टैब जब्त किया गया है।

मनोज कुमार: बड़गाईं के पूर्व अंचलाधिकारी व वर्तमान में पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी सीओ मनोज कुमार के ठिकानों से धनबाद जिले में चार डिसमिल जमीन के कागजात मिले हैं। इसके अलावा धनबाद जिले में छह डिसमिल जमीन के अन्य दस्तावेज मिले हैं। रांची में मनोज कुमार के नाम से 1.02 करोड़ रुपये के डुप्लेक्स संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा उनके आवास से एसबीआइ का पासबुक व अन्य पासबुक के अलावा दो मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।

जेल में बंद भानु प्रताप प्रसाद से भी पूछताछ करेगा एसीबी

एसीबी की टीम जल्द ही रांची के सदर थाने के उक्त केस के मुख्य आरोपित बड़गाईं अंचल के तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद का भी बयान लेगी। भानु प्रताप प्रसाद 13 अप्रैल 2023 से न्यायिक हिरासत में रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद है। उसे ईडी ने गिरफ्तार किया था।

एसीबी की टीम भानु प्रताप प्रसाद से बरियातू के लालू खटाल स्थित विवादित 8.86 एकड़ जमीन के बारे में भी जानकारी हासिल करेगी, जिसके कागजात में फर्जीवाड़े को लेकर कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। इस केस से जुड़े उन सभी आरोपितों का एसीबी बयान लेगा, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस केस में जुड़े हैं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर