Move to Jagran APP

Jharkhand BJP Candidate List: NDA में सीट शेयरिंग फाइनल, कब आएगी भाजपा कैंडिडेट की लिस्ट? हिमंत सरमा ने दिया जवाब

Jharkhand Chunav 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है। भाजपा को 70 आजसू को 10 जदयू को 2 और एलजेपी को 1 सीट मिली है। हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा के लिए भी भाजपा प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को जारी करनी है। ऐसे में शनिवार या रविवार को झारखंड के लिए भाजपा की सूची जारी कर दी जाएगी।

By Dibyanshu Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Fri, 18 Oct 2024 07:44 PM (IST)
Hero Image
डेमोग्राफी में बदलाव और रोजगार बड़ा मुद्दा: बाबूलाल मरांडी।

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Assembly Elections 2024 भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को सीटों का बंटवारा कर लिया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में यह इसकी जानकारी दी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी इस दौरान उपस्थित थे।

हिमंत बिस्व सरमा ने सीटों के बंटवारे की जानकारी देते हुए कहा कि आजसू को गठबंधन के तहत 10 सीटें दी गई हैं। जबकि जदयू को दो और चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी को एक सीट दी गई है।

हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस की सूची आने के बाद एनडीए गठबंधन एक-दो सीटों की आपस में अदलाबदली भी कर सकता है।

झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एनडीए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा और जीत हासिल करेगा।

प्रेस वार्ता में सुदेश महतो ने कहा कि आजसू और भाजपा का संबंध अटूट है। प्रदेश में भ्रष्टाचार करने वाली मौजूदा सरकार को एनडीए के कार्यकर्ता मिलकर सत्ता सा बाहर करेंगे।

सुदेश महतो का इंतजार, 2 घंटे देरी से हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आजसू के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता का कार्यक्रम दिन के 11.30 बजे से आयोजित था। लेकिन यह दो घंटे की देरी से दिन के 1.30 बजे आयोजित हुआ। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा आजसू प्रमुख सुदेश महतो के आवास पर गए।

इस संबंध में जब किसी नाराजगी की बात सुदेश महतो से पूछी गई तो उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ उनका संबंध अटूट है। इसको लेकर किसी तरह की सफाई की आवश्यकता नहीं है। लेकिन संयुक्त रुप से गठबंधन की सीटों की घोषणा के लिए दो घंटे की देरी से कई तरह के सवाल उठने लगे।

हिमंत बिस्व सरमा ने भी कहा कि सीटों को लेकर कोई नाराजगी नहीं है। एक खास रणनीति के तहत आवश्यक होने पर एनडीए सीटों में बदलाव भी कर सकता है।

महाराष्ट्र के साथ आएगी झारखंड भाजपा के प्रत्याशियों की सूची

हिमंत बिस्व सरमा ने कहा था कि चुनाव की घोषणा होने के 48 घंटों में भाजपा प्रत्याशियों (Jharkhand BJP Candidate List) की सूची जारी कर दी जाएगी। लेकिन शुक्रवार को 72 घंटे बीतने के बाद भी सूची नहीं आई।

इस सवाल के जवाब में हिमंत ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा के लिए भी भाजपा प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को जारी करनी है। ऐसे में शनिवार या रविवार को झारखंड के लिए भाजपा की सूची जारी कर दी जाएगी।

डेमोग्राफी में बदलाव और रोजगार बड़ा मुद्दा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संताल परगना की डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है। आदिवासियों की जनसंख्या घट गई है। राज्य के लाखों युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि एनडीए इस मुद्दे को लेकर चुनाव में जा रहा है। राज्य की वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए हमें जनता का समर्थन मिलेगा।

यह भी पढ़ें: झारखंड में भाजपा को बड़ा झटका! झामुमो में शामिल हुए NDA के 2 दिग्गज विधायक; हेमंत सोरेन ने कहा- सभी 81 सीटों पर हराएंगे

'ये दहाई अंक भी पार नहीं कर पाएंगे', झामुमो ने NDA को दिया खुला चैलेंज; AJSU-JDU पर कसा तीखा तंज

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।