Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ranchi Crime: रांची में पर्व से पहले माहौल बिगाड़ने की कोशिश, थड़पखना में प्रतिबंधित मांस मिलने से उग्र हुए लोग

थड़पखना में सड़क पर प्रतिबंधित मांस मिलने से लोग भड़क गए और सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन बार-बार हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ होने पर भी कोई कार्रवाई नहीं करता है। विधायक सीपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। ढाई घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुए।

By prince kumar Edited By: Yogesh Sahu Updated: Mon, 30 Sep 2024 01:33 PM (IST)
Hero Image
थड़पखना में रविवार की सुबह प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद सड़क को जाम करते लोग।

जागरण संवाददाता, रांची। लालपुर थाना क्षेत्र स्थित थड़पखना में रविवार की सुबह बीच सड़क पर प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद आसपास के लोग उग्र हो गए और सड़क जाम कर दिया। उग्र लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास करने लगी लेकिन लोग पुलिस से बात नहीं करना चाह रहे थे। लोगों का कहना था कि बार-बार हिंदू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ होता है।

पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। इससे पहले भी कई बार अलग अलग इलाकों से प्रतिबंधित मांस के मिलने की घटना हो चुकी है लेकिन पुलिस के द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जाता है और आगे कुछ नहीं होती है। पुलिस को ध्यान देना होगा।

लोगों ने कहा कि शहर के कई इलाकों में प्रतिबंधित मांस की बिक्री होती है। इसकी जानकारी पुलिस को है। इसके बाद भी पुलिस द्वारा उस इलाके में कभी कोई अभियान नहीं चलाया जाता है। लोगों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए विधायक सीपी सिंह मौके पर पहुंचे।

सीपी सिंह ने पुलिस से कहा कि कई जगहों पर खुलेआम बुचड़खाना चलता है। चिह्नित कर कार्रवाई करें। हर त्योहार के मौसम में प्रतिबंधित मांस फेंककर त्योहार खराब करने की कोशिश की जाती है। पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।

मौके पर पहुंचे लोगों ने प्रतिबंधित मांस को कपड़े से ढक दिया।

ढाई घंटे तक सड़क जाम, आश्वासन के बाद हटे लोग

थड़पखना में प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद लोग सड़क पर बैठ गए। दोपहर 12 बजे से लेकर ढाई बजे तक सड़क जाम रहा है। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि प्रतिबंधित मांस फेंकने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

इसके बाद लोग शांत हुए और लोगों ने कहा कि जल्द से जल्द सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जाए ताकि आरोपित की पहचान हो सके। इसके अलावा सड़क पर उतरने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ केस नहीं होना चाहिए।

हर बार पुलिस विरोध-प्रदर्शन करने पर केस कर देती है और प्रतिबंधित मांस फेंकने वाले को छोड़कर निर्दोश लोगों पर कार्रवाई करने लगती है।

डोरंडा-हिंदपीढ़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित मांस की हो रही बिक्रीः प्रदर्शनकारी

सड़क जामकर रहे लोगों ने पुलिस से कहा कि डोरंडा और हिंदपीढ़ी इलाके में प्रतिबंधित मांस बेचा जाता है। पुलिस को कई जगहों की जानकारी है।

वहीं, पुलिस का कहना था कि उन्हें जानकारी नहीं है। जो भी सूचना देगा उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और प्रतिबंधित मांस बेचने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें