Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand: डुमरी उपचुनाव में जीत के लिए I.N.D.I.A गठबंधन ने झोंकी ताकत, CM सोरेन ने नेताओं को सौंपा टास्क

विधायक सरफराज अहमद ने कहा कि जरूरी नहीं है कि जिन लोगों ने पिछली बार चुनाव में आजसू और भाजपा को वोट दिया था वह इस बार भी उन्हें ही वोट दें। दावा किया कि हम बड़े अंतर से जीतेंगे। कांग्रेस विधायक दीपिका ने कहा कि जगरनाथ महतो को जीत के साथ श्रद्धांजलि देने की बात तय हो चुकी है और इस पर सभी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

By Ashish JhaEdited By: Mohammad SameerUpdated: Sun, 13 Aug 2023 05:00 AM (IST)
Hero Image
डुमरी उपचुनाव में जीत के लिए CM सोरेन ने नेताओं को सौंपा टास्क (file photo)

राज्य ब्यूरो, रांची: डुमरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सत्तापक्ष की रणनीति को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अंतिम रूप दिया गया है। सीएम ने इस दौरान सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं को अलग-अलग टास्क सौंपा और जीत का संकल्प लेकर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक समाप्त हुई।

बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि आइएनडीआइए गठबंधन जीत का खाता डुमरी से खोलेगा। उन्होंने कहा कि आजसू और भाजपा के साथ आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने सभी को टास्क दिया है और सब इसको पूरा करने में भी जुट गए हैं। झामुमो सांसद विजय हांसदा ने कहा कि आइएनडीआइए गठबंधन के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में तय हुआ है कि मिलकर इस उपचुनाव में जीत हासिल करनी है और यही जग्गनाथ दादा को असली श्रद्धांजलि होगी।

विधायक सरफराज अहमद ने कहा कि जरूरी नहीं है कि जिन लोगों ने पिछली बार चुनाव में आजसू और भाजपा को वोट दिया था वह इस बार भी उन्हें ही वोट दें। दावा किया कि हम बड़े अंतर से जीतेंगे। कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि जगरनाथ महतो को जीत के साथ श्रद्धांजलि देने की बात तय हो चुकी है और इस पर सभी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

इसके पूर्व शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आइएनडीआइए की बैठक हुई जिसमें डुमरी विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।

तय किया गया कि गठबंधन के कार्यकर्ता हर बूथ को मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 5 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।

इस उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा से मंत्री बेबी देवी प्रत्याशी होंगी और उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए आइएनडीआइए में शामिल और हमारे सहयोगी बूथ स्तर तक सघन जनसंपर्क अभियान चलाने में जुट जाएं। बूथों पर अपनी मजबूत उपस्थिति से हम अपने प्रत्याशी की जीत को और भी पक्की करेंगे।

सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों और डुमरी विधानसभा क्षेत्र में दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो के द्वारा किए गए कार्यों से जनता को अवगत कराएं। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें और विपक्ष की साजिशों से मतदाताओं को अवगत कराएं। डुमरी विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल कर विपक्ष को करारा जवाब देना है।

मौके पर मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री हफीजुल हसन, सांसद विजय हांसदा, सांसद महुआ माजी, योगेंद्र प्रसाद महतो (राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त) विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, सरफराज अहमद, दीपिका पांडेय सिंह, झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाडेय, केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, झामुमो केंद्रीय सचिव अभिषेक प्रसाद पिंटू, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहज़ादा अनवर, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव यश सिन्हा,

सीपीआइ (एम एल) के प्रदेश सचिव जनार्दन प्रसाद, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, राजद के प्रदेश महासचिव घनश्याम चौधरी, कांग्रेस के गिरिडीह जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, बोकारो जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता, झामुमो के गिरिडीह जिलाध्यक्ष संजय सिंह, बोकारो जिलाध्यक्ष हीरा लाल मांझी, राजद के गिरिडीह जिलाध्यक्ष नाथेश्वर ठाकुर, बोकारो जिलाध्यक्ष बुद्ध नारायण यादव सहित झामुमो, कांग्रेस, राजद, जदयू, सीपीआई के कई नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे।