Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand News: नक्सल मुक्त होगा प्रदेश, अपने अंतिम पड़ाव पर माओवादी; CRPF महानिदेशक ने बढ़ाया जवानों का हौसला

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक डॅा. सुजाय लाल थाउसेन दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आए और यहां चल रहे नक्सल विरोधी अभियान का जायजा भी लिया। वे अपने झारखंड दौरे के क्रम में पश्चिम सिंहभूम के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षा बलों के कैंप तक भी पहुंचे और वहां तैनात जवानों व अधिकारियों का उत्साह भी बढ़ाया।

By Jagran NewsEdited By: Paras PandeyUpdated: Sun, 20 Aug 2023 04:00 AM (IST)
Hero Image
नक्सलियों पर होगी निर्णायक जीत, सुरक्षा बलों का हौसला बुलंद - डीजी सीआरपीएफ

रांची, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक डॅा. सुजाय लाल थाउसेन दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आए और यहां चल रहे नक्सल विरोधी अभियान का जायजा भी लिया। वे अपने झारखंड दौरे के क्रम में पश्चिम सिंहभूम के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षा बलों के कैंप तक भी पहुंचे और वहां तैनात जवानों व अधिकारियों का उत्साह भी बढ़ाया।

डीजी डॅा. थाउसेन ने कहा कि झारखंड में माओवादी अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। कुछ सीमित क्षेत्रों में ही गैर कानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। उनकी गतिविधियों पर शीघ्र अंकुश लगाया जाएगा और उनपर निर्णायक जीत होगी। डीजी ने अभियानों में शामिल जवानों व अधिकारियों की बहादुरी व उनके शौर्य की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया।

डीजी सीआरपीएफ के साथ चाईबासा दौरा कार्यक्रम में सीआरपीएफ के एडीजी मध्य जोन वितुल कुमार, आइजी परिचालन महेश चंद्र लढ्ढा, आइजी झारखंड सेक्टर विधि कुमार बिरदी, झारखंड पुलिस के आइजी अभियान अमोल वीनुकांत होमकर, सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के डीआइजी परिचालन सतीश कुमार लिंडा, डीआइजी सीआरपीएफ रेंज चाईबासा पूरण सिंह धर्मसक्तु शामिल थे।

तीन जवानों के बलिदान व एक के जख्मी होने की भी ली जानकारी

डीजी सीआरपीएफ डा. सुजाय लाल थाउसेन ने पश्चिम सिंहभूम में चलाए जा रहे माओवादियों के विरुद्ध अभियान के क्रम में मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के तीन जवानों-पदाधिकारियों के बलिदान की भी जानकारी ली। वहीं इस अभियान में एक जवान जख्मी हो गया था।

मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने डीजी को अभियान के बारे में जानकारी दी और बताया कि सुरक्षा बलों ने माओवादियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया तथा मौके से भारी मात्रा में आईईडी, गोला-बारूद, राशन व अन्य सामग्री की बरामदगी की है। डीजी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ माओवादियों के विरुद्ध चल रहे अभियान व रणनीति पर गहन चर्चा की।

रांची डीजीपी के साथ भी नक्सल परिदृश्य पर की चर्चा

चाईबासा से लौटने के बाद डीजी सीआरपीएफ डॅा. सुजाय लाल थाउसेन ने रांची में सीआरपीएफ व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ झारखंड पुलिस के डीजीपी अजय कुमार सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियान की रूपरेखा व वर्तमान नक्सल परिदृष्य पर भी चर्चा की।