Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand News: ससुराल वालों ने सताया तो बैंड-बाजे के साथ बेटी को वापस घर ले आए पिता, हर तरफ हो रही तारीफ

रांची के एक पिता ने ससुराल में प्रताड़ित की जा रही बेटी को जिस तरह घर वापस ले आये उसने एक मिशाल पेश कर दी। रांची के प्रेम गुप्ता बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे और उसे विदा करा वापस अपने घर ले आए। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन पर बेटी को उसकी खुशियां लौटाकर देवी मां को प्रसन्न करने का प्रयास कर रहा हूं।

By Jagran NewsEdited By: Mohit TripathiUpdated: Sat, 21 Oct 2023 12:26 AM (IST)
Hero Image
ससुराल वालों ने सताया तो बैंड-बाजे के साथ बेटी को वापस घर ले आए पिता। (सांकेतिक फोटो)

जागरण संवाददाता, रांची। नवरात्र के पहले दिन जब सभी लोग घरों और मंदिरों में कलश स्थापना कर विशेष अनुष्ठान के साथ विधि-विधानपूर्वक देवी दुर्गा की पूजा और आह्वान कर रहे थे, उस वक्त रांची के कुम्हार टोली कैलाश नगर निवासी प्रेम गुप्ता ने ससुराल में प्रताड़ित हो रही अपनी बेटी की खोई खुशियां लौटाने की ठानी।

वह बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे और उसे विदा करा वापस अपने घर ले आए। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन का दिन है, इस बार बेटी की खुशियां लौटाकर ही देवी मां को प्रसन्न करने का प्रयास कर रहा हूं।

गाजे-बाजे के साथ पहुंचे पिता

पिता प्रेम गुप्ता ने कहा कि बेटी को बड़े अरमान के साथ गाजे-बाजे के साथ डोली में बैठाकर ससुराल के लिए विदा किया था, लेकिन पति फरेबी निकला। बेटी ससुराल में घुट-घुट कर जी रही थी।

उसका दुख देखा नहीं गया तो, जिस तरह धूमधाम से शादी की थी, उसी तरह बैंड-बाजे और बरातियों के साथ जाकर बेटी को ससुराल से वापस अपने घर ले आया।

अब तलाक के बाद बेटी के लिए दूसरा सुयोग्य वर ढूंढकर उसकी शादी कराउंगा। पिता के घर लौट कर जहां बेटी साक्षी बहुत प्रसन्न है, वहीं समाज में प्रेम गुप्ता की काफी सराहना हो रही है।

बेटी ने फेसबुक पेज पर व्यक्त की पीड़ा

फिलहाल प्रेम गुप्ता का पूरा पूरिवार खाटू धाम की यात्रा पर है। प्रेम गुप्ता की बेटी साक्षी ने अपनी पीड़ा को अपने फेसबुक पेज पर भी डाला है।

प्रेम गुप्ता ने अपने फेसबुक वाल पर लिखा है, अगर आपकी बेटी के साथ ससुराल में गलत व्यवहार हो और उसकी प्रताड़ना हो तो आपको अपनी बेटी को आदर-सम्मान के साथ अपने घर वापस लाना चाहिए। बेटियां बहुत अनमोल होती हैं।

ऐसे पिता सभी बेटियों को मिले

बेटी साक्षी ने कहा कि अपने पिता पर मुझे काफी गर्व है। मैं कामना करती हूं कि हर बेटी को ऐसे पिता मिलें। साक्षी बताती है कि 2021 में उसने फैशन डिजाइन की डिग्री ली थी। फैशन डिजाइन में आगे बढ़ूंगी। एमबीए भी करने की इच्छा है।

2022 में की थी शादी

प्रेम गुप्ता कहते हैं कि एक साल पहले 28 अप्रैल 2022 को रांची के पास ही बजरा में बेटी की शादी की थी। लड़का सचिन कुमार बिजली विभाग में एसडीओ है। ताम-झाम और दान-दहेज के साथ बड़े अरमानों के साथ बेटी को विदा किया।

अभी मेंहदी के रंग फीके भी नहीं पड़े थे कि बेटी की प्रताड़ना की खबरें आने लगी। इसी बीच मैं कैंसर से पीड़ित हो गया। पांच-छह महीने के इलाज और ऑपरेशन के बाद मैं स्वस्थ हुआ।

पहले ही दो शादियां कर रखा था पति

उधर, बेटी ससुराल में सुखी नहीं थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही बेटी को पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है और पति ने पहले से ही दो-दो शादियां कर रखी हैं।

पहली पत्नी के साथ उसके पति का तलाक भी हो गया है, जबकि दूसरी पत्नी के साथ वह रह रहा है। यह सब छिपाते हुए गलत जानकारी देकर उसने मेरी बेटी से शादी कर धोखा दिया।

मामले की सुलझाने की कोशिश की लेकिन...

हमलोगों ने बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन उलटे बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद बेटी ने हमलोगों की सहमति से इस रिश्ते से बाहर निकलने का निर्णय लिया। हमलोगों ने कोर्ट की भी शरण ली है। अब तलाक का इंतजार है।

यह भी पढें: Jharkhand: राज्य स्थापना दिवस पर शुरू होगा 'सरकार आपके द्वार' का तीसरा चरण, 15 नवंबर को होगा राजकीय समारोह

Ranchi News: दुर्गापूजा पर हर जिले में तैनात होंगे प्रभारी IAS और IPS अधिकारी, यहां देखें पूरी लिस्ट