Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Mining Scam Case: 1250 करोड़ के खनन घोटाले के 2 केस पर ED की नजर, बच्चू यादव के मामले में कोर्ट से मांगी इजाजत

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1250 करोड़ रुपये के खनन घोटाले की जांच के तहत बच्चू यादव के खिलाफ दर्ज दो मामलों को रांची के ईडी कोर्ट में स्थानांतरित करने को लेकर मांग की है। ये दोनों ही मामले मार्च 2022 के हैं। ये गंगा नदी में जहाज पर हुई गोलीबारी से जुड़े हैं। दरअसल ईडी इन दोनों मामलों को भी उसी में जोड़ना चाहती है।

By Pranesh Kumar Edited By: Yogesh Sahu Updated: Thu, 05 Sep 2024 03:12 PM (IST)
Hero Image
Jharkhand Crime: 1250 करोड़ के खनन घोटाले के 2 केस पर ED की नजर।

संवाददाता, साहिबगंज। साहिबगंज जिले में 1250 करोड़ रुपये के खनन घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय की टीम बच्चू यादव के खिलाफ मुफस्सिल थाना में दर्ज दो मामलों को रांची स्थित ईडी कोर्ट में स्थानांतरित कराने के लिए बुधवार को पुन: यहां पहुंची।

ईडी के लोक अभियोजक आतीश कुमार ने 26 जुलाई को यहां पहुंचकर एडीजे तृतीय शेखर कुमार की अदालत में चल रहे दो मामलों को रांची स्थानांतरित कराने के लिए लोक अभियोजक आनंद चौबे को आवेदन दिया था।

गंगा नदी में जहाज पर गोलीबारी का मामला

बुधवार को यहां पहुंचकर आवेदन की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान लोक अभियोजक आनंद चौबे से भी मुलाकात की। बताया जाता है कि ईडी के आवेदन पर अदालत ने बच्चू यादव के अधिवक्ता से प्रतिउत्तर मांगा था।

अधिवक्ता ने कहा कि इस मामले को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है। इस वजह से अब इस मामले में अदालत में बहस होगी जिसके बाद आगे का निर्णय हो पाएगा। दोनों मामले मार्च 2022 का है तथा गंगा नदी में जहाज पर गोलीबारी से संबंधित है।

ईडी ने बरहड़वा थाना में विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा व तत्कालीन मंत्री आलमगीर आलम के खिलाफ 22 जून 2020 को दर्ज केस संख्या 85/2020 के आधार पर ईसीआइआर 03/22 दर्ज किया था। उसकी जांच अभी चल रही है। मुफस्सिल थाना में दर्ज दोनों मामलों को भी उसी में जोड़ना चाहती है।

मुकेश यादव ने दर्ज कराया था मामला

मार्च 2022 में मनिहारी-साहिबगंज फेरी सेवा की बंदोबस्ती कटिहार में होनी थी। उसमें जहाज को भी दिखाना था। इस वजह से मुंगेरी यादव की कंपनी कोलकाता से भाड़े पर जहाज लेकर जा रही थी जिसपर 11 मार्च 2022 को गंगा नदी में गोलीबारी की गई थी।

इसी मामले में मुंगेर के रहनेवाले मुकेश यादव ने बच्चू यादव, दाहु यादव, सुनील यादव, मुनीम यादव, काला संजय, गोरा संजय सहित 19 लोगों पर प्राथमिकी (28/2022) दर्ज कराई थी।

गोलीबारी की घटना के बाद जहाज का चालक डर गया और अगले दिन यानी 12 मार्च 2022 को जहाज लेकर वापस लौट रहा था। तब समदा में कुछ लोगों ने जहाज को वापस ले जाने से रोका। इसी क्रम में कुछ लोगों ने फिर फायरिंग कर दी।

इस घटना में जहाज पर मौजूद समदा के रहने वाले नीरज यादव को गोली का छर्रा लग गया, जिससे वह घायल हो गया। सदर अस्पताल में उसका इलाज कराया गया। बाद में उसी के बयान पर मुफस्सिल थाने में मामला (29/2022) दर्ज किया गया।

इस मामले में भी बच्चू यादव को आरोपित बनाया गया था। फिलहाल केस संख्या 28/2022 का ट्रायल एडीजे टू वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव तो 29/2022 का ट्रायल एडीजे थ्री शेखर कुमार की अदालत में चल रहा है।

यह भी पढ़ें

Jharkhand News: इंटरपोल की सूची में झारखंड के 3 कुख्यात बदमाशों के नाम, गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम नदारद

'पापा गंदे हैं; वो दीदी के साथ गंदी हरकत करते हैं...', 13 साल की छात्रा के चौंकाने वाले खुलासे से हड़कंप