Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Politics: 'भाजपा की सरकार बनी तो संताल में लागू होगा एनआरसी', हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा एलान

झारखंड में अगर भाजपा (BJP) की सरकार बनती है तो संताल परगना में NRC लागू किया जाएगा। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने यह घोषणा की है। उनका कहना है कि बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण संताल की जनसंख्या संरचना बदल रही है और आदिवासियों की संख्या घट रही है। भाजपा घुसपैठ के मुद्दे पर झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

By Rajat Mourya Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 19 Sep 2024 08:06 PM (IST)
Hero Image
झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी व असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा। (फाइल फोटो- ANI)

जागरण संवाददाता, साहिबगंज। झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election 2024) के बाद अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो संताल परगना में एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण संताल की डेमोग्राफी बदल रही है। एक समुदाय विशेष की आबादी बढ़ रही है और आदिवासियों की संख्या घट रही है। संताल परगना में एनआरसी लागू करना और बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करना समय की जरूरत है।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को साहिबगंज आ रहे हैं। गृहमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हिमंत बिस्वा सरमा गुरुवार को साहिबगंज पहुंचे थे।

'घुसपैठ बड़ी समस्या है'

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा झारखंड विधानसभा का चुनाव बांग्लादेशी घुसपैठ व हेमंत सरकार की वादाखिलाफी के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि घुसपैठ यहां की बड़ी समस्या है। अभी केंद्र सरकार ने हाईकोर्ट में हलफनामा दिया है, जिसमें बताया गया है कि कैसे आदिवासी समुदाय घट रहा है और एक समुदाय विशेष की आबादी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार आएगी तो केंद्र सरकार से बात कर यहां एनआरसी लागू कराया जाएगा। अभी राज्य में भाजपा की सरकार न होने से जांच में समस्या हो रही है। सरमा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर राज्य की जनता से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया।

हेमंत पर निशाना

सरमा ने कहा- हेमंत ने पिछले चुनाव में जो वादा किया था उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। वन नेशन वन इलेक्शन की सराहना करते हुए सरमा ने कहा कि अभी जून में लोकसभा का चुनाव हुआ था। छह माह बाद ही विधानसभा का चुनाव होना है। फिर नगर निकाय का चुनाव होगा। बार-बार चुनाव होने से लोगों को परेशानी होती है। ऐसे में वन नेशन वन इलेक्शन का लोगों को स्वागत स्वागत करना चाहिए।

यहां पुलिस लाइन मैदान में पहुंचने पर असम के मुख्यमंत्री का राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, राजमहल विधायक अनंत ओझा, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बजरंगी यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी, जिलाध्यक्ष उज्जवल मंडल आदि ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हिमंता ने पुलिस लाइन मैदान में ही बन रहे पंडाल का जायजा लिया। बाद में पार्टी पदाधिकारियों के साथ परिसदन में बैठक की। बैठक में गोड्डा विधायक अमित मंडल, देवघर विधायक नारायण दास आदि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Politics: चंपई ने चल दी अपनी 'चाल', अब हेमंत सोरेन की बारी; पल-पल बदल रही सियासी पिक्चर

ये भी पढ़ें- Champai Soren: चंपई के इलाके में हेमंत सोरेन की पार्टी ने कर दिया खेला, BJP की बढ़ाई टेंशन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर