Move to Jagran APP

Heat Wave Alert : सरायकेला खरसावां में एक ही दिन में 3 मौतें, इस वजह से पड़ रही है इतनी गर्मी

Saraikela Heat Wave Alert पूरा झारखंड इस वक्‍त भीषण गर्मी और लू का दंश झेल रहा है। सरायकेला भी इससे अछूता नहीं रहा है। यहां हीट वेव की चपेट में आने से एक ही दिन में तीन लोगों की मौत हो गई है। बुधवार को आदित्यपुर बिजली ऑफिस के पास राह चलते एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अस्‍पतालों में भर-भरकर मरीज पहुंच रहे हैं।

By Gurdeep Raj Edited By: Arijita Sen Updated: Fri, 31 May 2024 10:10 AM (IST)
Hero Image
प्रचंड गर्मी के चलते सरायकेला की सूनी सड़कें

जागरण संवाददाता, सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले का अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मई के अंतिम सप्ताह में आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं। चिलचिलाती धूप व गर्म हवा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कंठ सूखने लगे हैं।

हीट वेव के चलते हो रही मौतें

भीषण गर्मी से लू की चपेट में आने के कारण सरायकेला सदर अस्पताल में गुरुवार को तीन लोगों को भर्ती कराया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक का इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान खरसावां के बेहरासाही निवासी लखन बेहरा (55 वर्ष) व सरायकेला के जोरड़ीह गांव निवासी गुरूवा नायक (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

वहीं, गुरुवार को ही लू की चपेट में आने से आदित्यपुर जय प्रकाश उद्यान के समीप अज्ञात 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वहीं, सरायकेला के गुमानडीह निवासी कुमारी सरदार (35 वर्ष) का इलाज चल रहा है।

अस्‍पतालों में बड़ी संख्‍या में पहुंच रहे हैं मरीज

इससे पूर्व आदित्यपुर बिजली ऑफिस के समीप 55 वर्षीय महिला की मौत बुधवार को राह चलते हो गई थी। सरायकेला सदर अस्पताल में लू की चपेट में आने से प्रतिदिन 30 से 35 लोग पहुंच रहे हैं। इधर, जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण पंखे, कूलर, एसी फेल हो रहे हैं।

गर्मी के कारण पशु-पक्षी भी बेहाल हो रहे हैं। प्रचंड गर्मी के कारण सुबह छह बजे ही तापमान 30 डिग्री पहुंच गया। हवा न चलने और उमस होने से लोगों को राहत नहीं मिली। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी भी बढ़ने लगी और लू चलने लगी। सुबह नौ बजे से सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा।

नौतपा का पांचवा दिन, आसमान से बरस रही आग

परंपरागत नौतपा की शुरुआत बीते 25 मई की रात से हो चुकी है, जो अगले नौ दिनों तक यानी चार जून तक बनी रहेगी।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान भास्कर के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ नौतपा की शुरुआत हो जाती है। इस दौरान नौ दिनों तक सूर्य पृथ्वी के सबसे नजदीक होने और उसकी लंबवत किरणें धरती पर पड़ने के कारण भीषण गर्मी पड़ती है।

इसी प्रकार विशुद्ध कृषि कार्य से जुड़े क्षेत्र के परंपरागत रोहिण पर्व का शुभारंभ बीते 23 मई को हुआ था, जिसके सात दिनों के बाद डाहा की शुरुआत गुरुवार से हुई।

इसे लेकर भी मान्यता रही है कि डाहा के सात दिनों में भीषण गर्मी का प्रभाव होता है। दोनों ही धार्मिक मान्यताओं को देखते हुए क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: 

गर्मी से दहक रहा झारखंड, राज्‍य के कई हिस्‍सों में पारा 45 के पार; IMD के इस पूर्वानुमान से खिल जाएंगे चेहरे

इतनी गर्मी नहीं सह पा रहे हैं चमगादड़, पेड़ों में ही झुलसकर हो रही है मौत; सैकड़ों की तादात में गंवाई जान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।