Move to Jagran APP

Jharkhand News: शादी की खुशियां मातम में बदलीं! 11 हजार वोल्ट की बिजली तार की चपेट में आए 3 बारातियों की मौत

रविवार देर रात लगभग 12 बजे कुचाई के बारुहातु से तमाड़ के चोगागुटू गांव जा रहे बाराती 11000 हजार वोल्ट करंट के प्रवाहित बिजली तार की चपेट में आ गए और इस कारण तीनों बारातियों की मौत हो गई। बता दें कि घटना के वक्त तीनों बाराती बस की छत पर सवार थे और तीनों 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने गए।

By Jagran News Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Mon, 15 Jul 2024 10:47 PM (IST)
Hero Image
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमाड़ पहुंचे मृतक के स्वजन

संवाद सूत्र, खरसावां। कुचाई के बारुहातु से तमाड़ के चोगागुटू गांव जा रही एक बाराती बस के करंट प्रवाहित बिजली तार की चपेट में आने से तीन बारातियों की मौत हो गयी। घटना रविवार की रात लगभग 12 बजे की है। बस की छत पर सवार तीन बरातियों की मौत 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से हो गई।

मृतकों में कुचाई के बारुहातु गांव के सोसोडीह टोला के एक नाबालिग जितेन सिंह मुंडा (12) समेत बारुहातु गांव के दिनेश सिंह मुंडा (36) व मुंडा मुंडा (25) है। ये तीनों बाराती बस के छत में बैठे थे। बिजली का करंट लगने से तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी।

घटना के बाद गांव में छाया मातम

बारातियों के मौत की सूचना जैसे ही बारुहातु गांव में पहुंची। गांव में मातम छा गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई। देर शाम को जैसे ही तीनों शव गांव पहुंचे। गांव में दहाड़े मार मार कर स्वजन रोने लगे। वहीं नई दुल्हन भी सोमवार की सुबह ही गांव पहुंच गई थी। लेकिन गांव में दुल्हन आने की खुशी से ज्यादा मौत का गम लोगों में समाया हुआ था।

सोमवार को शादी की पार्टी होनी थी जिसे रद्द कर दिया गया है। दुल्हा का भाई भुवनेश्वर मुंडा ने बताया कि घटना कि उनलोगों ने सोचा भी नहीं था कि शादी की खुशियां मातम में बदल जाएगी। घटना के बाद भी उनलोगों ने शादी को नहीं रोका और बड़े बुजुर्गों की सलाह पर शादी पूरी कराने के बाद दुल्हन को भी घर ले कर आ गए हैं।

घायलों का रांची के रिम्स में इलाज जारी

कुचाई थाना क्षेत्र के बारूहातु गांव निवासी स्व. नन्दलाल सिंह मुंडा के बेटे शिव शंकर सिंह मुंडा की शादी तमाड़ के देगादाड़ी टोला चोगागुट्टू निवासी स्व. ठाकुर मुंडा की बेटी कुमारी सविता से तय हुई थी। बाराती बस तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू गांव में प्रवेश करने से पहले ही बस बिजली के तार के संपर्क में आ गई।

करंट लगने के बाद बस पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गयी। तत्काल बस को रोककर उस पर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा गया। सभी को तमाड़ सीएचसी पहुंचाया गया। यहां गंभीर रुप से झुलसे तीन बाराती दिनेश सिंह मुंडा, जितेन सिंह मुंडा व मुंडा मुंडा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जबकि गंभीर रुप से घायल लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा का प्राथमिक उपचार कर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को राजधानी रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) रेफर कर दिया गया।

गमगीन माहौल में सादगी के साथ करवाई गयी शादी

बारातियों ने बताया कि इस दुर्घटना की खबर लड़की वालों को हुई, तो वे भी गमगीन हो गए। दोनों पक्षों के बड़े-बुजुर्गों ने बैठकर बात की और तय किया कि शादी नहीं रुकनी चाहिए।

इसके बाद किसी तरह से शादी संपन्न कराया गया। लोगों ने बताया कि जिस बस में बाराती आई थी, उस पर 60 से 70 लोग सवार थे। अंदर बस फुल थी। बस की छत पर भी काफी संख्या में लोग बैठे थे।

ये भी पढे़ं-

Jharkhand Accident News: सड़क हादसे में एक की मौत, 6 घायल; गुस्साई भीड़ ने बस को किया आग के हवाले

World Snake Day: झारखंड के इस जिले में है सांपों की भरमार, हर घर से निकलते हैं सैंकड़ों सांप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।