Move to Jagran APP

Jharkhand के इस गांव में हुई अजीबो-गरीब घटना, बाहर दफनाया शव; घर के अंदर जमीन से निकला कंकाल

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाला टेंगरा तालासाई गांव में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति की मौत होने के बाद उसके शव को घर के बाहर में दफनाया गया लेकिन शव दफनाने के 12 घंटे बाद ही नर कंकाल घर के अंदर अचानक जमीन से निकल आया। इसे देख परिवार के सभी सदस्य चौंक गए।

By Md Taquiddian Edited By: Shoyeb Ahmed Updated: Sat, 06 Jul 2024 09:41 PM (IST)
Hero Image
घर के अंदर जमीन से निकला कंकाल

संवाद सूत्र, हाटगम्हरिया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अन्तर्गत ग्राम टेंगरा तालासाई गांव में एक अजीबोगरीब घटना प्रकाश में आयी है।

यहां एक परिवार ने बीमारी से मृत होने पर घर के एक सदस्य के शव को बाहर में दफना दिया। 12 घंटे बाद घर के भीतर अचानक जमीन से नर कंकाल निकल आया। परिवार के सदस्य यह देखकर भयभीत हैं।

यह घटना बनी हुई है चर्चा का विषय 

गांव में यह अजीबोगरीब घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोग इसे अंधविश्वास मानकर शरारती तत्वों की करतूत बना रहे हैं।

कुछ का कहना है कि संभवत: पूर्व में दफनाया गया शव गर्मी में जमीन फटने से कंकाल के रूप में निकल कर आया है। बताया जा रहा है कि बीती 2 जुलाई को हरीश बिरूवा नामक व्यक्ति की टीबी बीमारी से मृत्यु हो गयी।

3 जुलाई को दफनाया गया था शव

3 जुलाई को सुबह 8 बजे सामाजिक दस्तूर से हरीश के शव को घर के बाहर पेड़ के नीचे दफनाया गया। ठीक रात्रि 8 बजे उस मिट्टी के घर मे अचानक अजीब की आवाज आने लगी।

आवाज के बाद परिवार के लोगों ने उस कमरे में जाकर देखा तो जमीन फटी हुई थी। उस स्थान पर एक कंकाल का खोपड़ी व हाथ निकला हुआ था। यह देखकर घर वाले डर गये।

शव को बाहर दफनाने के बाद घर में कंकाल कैसे आया, ये उन्हें समझ नहीं आया। गांव में यह घटना आग की तरह फैल गयी और इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

मौके पर मौजूद चश्मदीद ने ये बताया

शनिवार को दैनिक जागरण का सहयोगी घटनास्थल पहुचे तो उक्त घर में लोगो की भीड़ लगी थी। उस घर में एक लड़का मिला जिसका नाम साधुचरण बिरूवा उम्र करीब 26 वर्ष है।

उसने बताया कि चाचा हरीश बिरूवा की मृत्यु लम्बी बीमारी व टीबी के कारण 2 जुलाई को हो गयी थी। शव को अगले दिन सुबह 8 बजे दफनाया गया।

ठीक रात्रि के 8 बजे उसी के घर में ही आवाज के साथ जमीन फटी और जमीन से एक कंकाल निकल गया। यह कैसे हुआ उसे नहीं पता। मृतक की पत्नी शुरू बिरुवा ने कहा, 'मेरे पति काफी दिनों से बीमार था। वो टीबी का मरीज था।

पत्नी बोली मेरे पति का आया है दूसरा रूप

मंगलवार को उसकी मृत्यु हो गयी। बुधवार को घर के बाहर उसका शव दफनाया। रात में घर की जमीन फटी और कंकाल निकला। शायद मेरे पति का ही दूसरा रूप आया है। अभी हम लोगों का शुद्धीकरण भी नहीं हुआ है'।

मंझारी के थाना प्रभारी मंदीप उरांव ने कहा कि मुझे इस तरह की घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। आप से ही यह सब सुन रहा हूं। संबंधित गांव जाकर पता लगाया जायेगा कि क्या मामला है। जरूरत पड़ने पर कंकाल की फारेंसिक जांच भी करायी जायेगी।

ये भी पढे़ं-

Lohardaga Mid Day Meal: लोहरदगा में फूड प्वाइजनिंग से 16 छात्र-छात्राएं बीमार, आनन-फानन में CHC में कराया गया भर्ती

Gumla News: हरीनाखाड़ में मिले 36 केन बम, ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना; गांव में मची सनसनी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।