Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Crime: 'डायन' बताकर महिला की धारदार हथियार से कर दी हत्या, गले और सीने पर किए कई वार

Jharkhand Crime झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला की डायन होने के आरोप लगाकर हत्या कर दी गई। महिला के पति पर भी जानलेवा हमला हुआ लेकिन वह बच निकला। घटना के बाद दो आरोपितों ने थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Sudhir Pandey Edited By: Yogesh Sahu Updated: Fri, 04 Oct 2024 09:25 PM (IST)
Hero Image
'डायन' बताकर महिला की धारदार हथियार से कर दी हत्या।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के टोंटो गांव के रतनपाट टोला में डायन के संदेह में एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला के पति पर भी जानलेवा हमला किया गया। हालांकि, वह किसी तरह बच निकला।

हत्या के बाद दो आरोपितों ने थाने में आकर समर्पण कर दिया है। हालांकि, पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। घटना गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे की है। सुदूर गांव होने के कारण टोंटो थाने की पुलिस को घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह हुई।

इसके बाद ग्रामीणों से ही शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। इस हत्याकांड में शामिल दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

खेत पर गई थी महिला

मृत महिला की पहचान गुरुवारी लागुरी के रूप में की गई है। मृतका के घायल पति विक्रम लागुरी ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पूछताछ करने पर बताया कि उसकी पत्नी गुरुवार की सुबह खेत की तरफ गई थी।

सुबह लगभग 11 बजे घर के सामने रह रहे भतीजे सिकेन लागुरी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर तेज धार वाले हथियार से वार कर हत्या कर दी। उसके गले व सीने में वार किया गया।

उसे मारने के बाद हत्यारोपी उसके घर पहुंचे और उसके सिर पर भी प्रहार किया। इससे उसका सिर फट गया। हमला करने के बाद दोनों वहां से भाग गये।

रिश्तेदार है हमलावर आरोपी

हमले का कारण पूछने पर विक्रम लागुरी ने बताया कि हमलावर सिकेन लागुरी उसका गांव का रिश्तेदार है। सिकेन का कहना है कि गुरुवारी लागुरी पर डायन का साया है। उसी के कारण उसके बच्चे बीमार रहते हैं। पूजापाठ से भी ठीक नहीं हो रहे।

पूर्व में भी वो डायन कहकर झगड़ा करता रहता था। सिकेन पहले में एक मामले में जेल जा चुका है। टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार ने बताया कि महिला की हत्या हुई है। हत्या के कारण पता लगाये जा रहे हैं। आरोपित पुलिस की हिरासत में हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें