Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए भेजा गया चाईबासा की शिक्षिका का नाम, फंड जुटाकर सरकारी स्कूल को बनाया हाई-टेक

चाईबासा की शिक्षिका शिल्पा गुप्ता का नाम राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए भेजा गया है। उन्होंने पूर्ववर्ती छात्रों से 30 लाख रुपये का फंड जुटाकर एक स्कूल को डिजिटल बनाया है। इतना ही नहीं वह छात्रों के बीच पर्यावरण सरंक्षण अभियान के तहत 16 हजार से अधिक पौधों का वितरण कर चुकीं हैं। झारखंड सरकार ने राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए उनके नाम की अनुशंसा की है।

By Sudhir Pandey Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 07 Aug 2024 10:51 PM (IST)
Hero Image
चाईबासा की शिक्षिका शिल्पा गुप्ता। फोटो- जागरण

सुधीर पांडेय, चाईबासा। झारखंड सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए इस बार अपने राज्य से तीन सरकारी शिक्षकों के नाम की अनुशंसा की है। इनमें पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मांगीलाल रूंगटा प्लस टू स्कूल की प्राचार्या शिल्पा गुप्ता का नाम भी शामिल है।

37 वर्षीय शिल्पा गुप्ता का नाम दूसरी बार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए भेजा गया है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी सरकार की ओर से उनके नाम की अनुशंसा की गई थी। शिल्पा गुप्ता को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए झारखंड सरकार की ओर से वर्ष 2019 में राज्यस्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

वर्ष 2018 और वर्ष 2019 में उन्हें जिलास्तरीय शिक्षक पुरस्कार भी मिल चुका है। चाईबासा शहर के मांगीलाल रुंगटा प्लस टू स्कूल के विकास में प्राचार्या शिल्पा गुप्ता का अहम योगदान रहा है। उन्होंने इस विद्यालय के पूर्व छात्रों से संपर्क साधकर विद्यालय के विकास के लिए लगभग 30 लाख रुपये का फंड एकत्रित किया था।

इस राशि से दूर-दराज से आने वाले गरीब विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए छह स्मार्ट क्लास तैयार की। इनमें अत्याधुनिक प्रोजेक्टर व एलसीडी स्क्रीन लगे हैं। पूरा कक्ष वाइ-फाई से लैस है। इसमें बच्चे आसानी से डिजिटल गतिविधियां देख व सीख रहे हैं। शिक्षकों को भी पढ़ाने में सहूलियत हो रही है।

विद्यालय परिसर में ओपन जिम भी बनाया गया

विद्यालय परिसर में ओपन जिम भी बनाया गया है। आधुनिक तरीके से पढ़ाई पर फोकस रहने के कारण इस विद्यालय में निजी विद्यालय जैसा माहौल रहता है। इतना ही नहीं शिक्षिका शिल्पा गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण को एक अभियान के तहत लेते हुए 2016 से ही ईच वन प्लांट वन कार्यक्रम चला रखा है।

इसके तहत बच्चों द्वारा 16 हजार से अधिक पौधे लगाये व बांटे गये हैं। दूसरी बार, अपने नाम की राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए अनुशंसा किए जाने पर शिल्पा गुप्ता ने कहा कि यह मेरे लिये गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए राज्यस्तरीय समिति ने उनके नाम की अनुशंसा की है। शिक्षा के क्षेत्र में कई काम किए हैं और कई काम करने शेष हैं। अभी उसी में लगी हैं।

उन्होंने कहा कि उनके स्कूल की डिजिटल क्लास का प्रसारण सरकार ने हाल ही में पीजीटी शिक्षक नियुक्ति समारोह में एलइडी स्क्रीन पर किया था।

यह भी पढ़ें-

16 दिनों तक चलेगा बैक टू स्कूल अभियान; अनामांकित और ड्रॉपआउट बच्चों की स्‍कूल वापसी है लक्ष्‍य

झारखंड में फिर बदली स्कूलों की टाइमिंग, अब इतने बजे तक चलेंगी क्लास