Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बड़बिल में जनशताब्दी एक्सप्रेस से आने वाले यात्रियों की नहीं हो रही जांच

कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन ने कोरोना की चैन को तोड़ने के लिए सख्ती बरतते हुए पूरे प्रदेश में रेल हवाई मार्ग से देश के अन्य राज्यों से ओडिशा आने वालों के लिए नेगेटिव रिपोर्ट साथ में लाने एवं 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन का निर्देश जारी किया है।

By JagranEdited By: Updated: Sun, 25 Apr 2021 08:23 PM (IST)
Hero Image
बड़बिल में जनशताब्दी एक्सप्रेस से आने वाले यात्रियों की नहीं हो रही जांच

संवाद सूत्र, बड़बिल : कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन ने कोरोना की चैन को तोड़ने के लिए सख्ती बरतते हुए पूरे प्रदेश में रेल, हवाई मार्ग से देश के अन्य राज्यों से ओडिशा आने वालों के लिए नेगेटिव रिपोर्ट साथ में लाने एवं 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन का निर्देश जारी किया है। कितु उक्त निर्देशों से बड़बिल रेलवे स्टेशन अछूता है। प्रत्येक दिन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से बड़बिल तक चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस और टाटानगर से बड़बिल आने वाली सवारी गाड़ी में सैंकड़ों की संख्या में विभिन्न प्रदेश के लोग बड़बिल पहुंच कर अपने-अपने गंतव्य स्थान के लिए निकल पड़ते हैं। ओडिशा सरकार के निर्देशानुसार पश्चिम बंगाल और झारखंड राज्य से आने वाले लोगों को चौदह दिनों का क्वारंटाइन अनिवार्य है। लेकिन रेलवे स्टेशन से उतरने के बाद यात्री बिना रोक-टोक के अपने-अपने गंतव्य जा रहे है। नगर में आए दिन संक्रमितों की संख्या में वृद्धि होने के बाद भी यात्रियों की जांच के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो सकी है। दूसरी ओर बाहर से आने वाले यात्रियों को ऑटो रिक्शा में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा है। बाहर से आने वाले यात्रियों में न तो शारीरिक दूरी नियम लागू है और न ही प्रशासन का खौफ। नगर के बुद्धिजीवी वर्ग का कहना है कि नगर में संक्रमितों की संख्या में वृद्धि का मुख्य कारण यात्रियों का बेखौफ होकर बड़बिल में प्रवेश करना है। स्थानीय लोगों की प्रशासन से मांग है कि पश्चिम बंगाल से आने वाले यात्रियों की शिनाख्त कर उन्हें क्वारंटाइन करें और स्टेशन पर कड़ी निगरानी के साथ राज्य के बाहर से आने वाले लोगों को जांच की व्यवस्था की जाय।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें