Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

घर पर ऐसे बनाएं सॉफ्ट और मजेदार रसगुल्ले

रसगुल्ला पश्चिम बंगाल की एक लोकप्रिय मिठाई है जो पूरे भारत में काफी पसंद की जाती है। इसमें फटे हुए दूध को चाशनी में डाल कर पकाया जाता है। बच्चे बूढ़े सभी इसे बड़े चाव से खाते हैं। लेकिन अक्सर आप ने मार्केट से ही खरीद कर रसगुल्ला खाया होगा। घर पर बनाया गया रसगुल्ला और भी ताज़ा और लज़ीज़ लगता है।

By Ruhee ParvezEdited By: Updated: Wed, 06 Sep 2023 06:09 PM (IST)
Hero Image
घर पर ऐसे बनाएं सॉफ्ट और मजेदार रसगुल्ले

कितने लोगों के लिए : 4

सामग्री :

  • फुल क्रीम दूध
  • चीनी
  • दूध फाड़ने के लिए दही
  • चाशनी बनाने के लिए पानी और चीनी
  • पिस्ता

विधि :

  • फुल क्रीम गाढ़ा दूध और चीनी लें।
  • दूध गर्म कर के उबालें और इसे आप कई विधि से फाड़ सकते हैं। अधिकतर लोग दूध को फाड़ने के लिए नींबू, विनेगर या दही का उपयोग करते हैं। आपके पास जो भी सामग्री उपलब्ध हो आप उसी विधि से दूध फाड़ कर छेना निकाल सकते हैं। वैसे रसगुल्ला बनाने के लिए दही का उपयोग करना उचित होगा क्योंकि नींबू और विनेगर की एक महक छेना में रह जाती है जो रसगुल्ले में आ सकती है। इसलिए बेहतर होगा कि आप दही से इस स्टेप को पूरा करें। गर्म खौलते दूध में दही डाल कर चलाते रहें।
  • तबतक चलाएं जब तक दूध फट कर छेना अलग और पानी अलग न हो जाए। अब इस छेना को किसी पतले कॉटन के कपड़े में छान लें और एक्स्ट्रा पानी निकाल कर अच्छे से लपेटें और कहीं लटका दें।
  • बीस मिनट बाद इसे खोलें और हाथ में लेकर मसलें, आप पाएंगे कि छेना पनीर का रूप लेकर एकदम चूर हो जाएगा।
  • अब इसे तब तक गूंथे जब तक ये बिलकुल नर्म न हो जाए। जितना अधिक गूंथ कर नर्म करेंगे उतने अधिक स्पंजी रसगुल्ले तैयार होंगे।
  • गूंथने के बाद इसके छोटे-छोटे लोई जैसे गोले तैयार कर लें।
  • चाशनी तैयार करने के लिए बर्तन में पानी गर्म करके चीनी डालें।
  • जब पानी उबलने लगे तब इसमें एक-एक करके छेना के गोले डालें।
  • इन्हें लगभग दस मिनट तक पकाएं। पकने के बाद सभी गोले अपने आकार में दुगने हो जाएंगे।
  • अब गैस बंद करें और कुछ देर इसे चाशनी में ठंडा होने तक छोड़ दें।
  • ठंडा होने के बाद इसमें ऊपर से पिस्ता काट कर डालें और कटोरी में परोसें।
  • टेस्टी स्पंजी रसगुल्ले तैयार हैं।