Move to Jagran APP

Women’s Day 2023: 8 मार्च को ही क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, जानें इसका इतिहास और उद्देश्य

Women’s Day 2023 हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं को समाज में बराबरी और लोगों को उनके अधिकारों को लेकर जागरूक करने के मकसद से मनाया जाता है। तो चलिए जानते हैं इस दिन को इतिहास के बारे में-

By Harshita SaxenaEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Wed, 01 Mar 2023 09:00 AM (IST)
Women’s Day 2023: 8 मार्च को ही क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, जानें इसका इतिहास और उद्देश्य
8 मार्च को क्यों मनाया जाता है वीमेंस डे

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Women’s Day 2023: दुनियाभर में हर साल 8 मार्च का दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन खासतौर पर महिलाओं और उनसे जुड़े मुद्दों को समर्पित है। हर साल इस खास दिन को एक थीम के साथ सेलिब्रेट किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस दिन को मनाने के शुरुआत कैसे और कब हुई। हर साल 8 मार्च को ही इस दिन को क्यों सेलिब्रेट किया जाता है। अगर आप भी इन सवालों के जवाब से अनजान हैं, तो चलिए आज हम आपको बताते हैं महिली दिवस के इतिहास और इससे जुड़ी सभी जरूरी बातों के बारे में-

महिला दिवस का इतिहास

महिला दिवस को मनाने के पीछे साल 1908 में न्यूयॉर्क में हुई एक रैली का अहम योगदान है। दरअसल, इस साल न्यूयॉर्क में 12 से 15 हजार महिलाओं ने एक रैली का आयोजन किया था। रैली करने वाली इन महिलाओं की मांग थी कि उनकी नौकरी के कुछ घंटे कम किए जाए। साथ ही उन्हें वेतन भी उनके काम के मुताबिक दिया जाए। इसके साथ ही इन लोगों की यह भी मांग थी कि उन्हें वोट देने का भी अधिकार मिले। इस आंदोलन के एक साल बाद अमेरिका के सोशलिस्ट पार्टी ने पहले नेशनल वीमेन डे की घोषणा की थी।

बाद में साल 1911 में डेनमार्क, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, जर्मनी में पहला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सेलिब्रेट किया गया था। इसके बाद 8 मार्च, 1975 को संयुक्त राष्ट्र ने महिला दिवस को आधिकारिक तौर पर मान्यता दी। इसके बाद से हस साल इस दिन को एक स्पेशल थीम के साथ मनाना शुरू किया गया।

महिला दिवस मनाने का उद्देश्य

इस दिन को मनाने का खास मकसद समाज में महिलाओं को बराबरी को हक दिलाना है। साथ ही इसका उद्देश्य हर एक महिला को उनका हक दिलाना भी है। साथ ही किसी भी क्षेत्र में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को रोकने के मकसद से भी इस दिवस को मनाया जाता है। इस दिन महिलाओं के अधिकारों की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित करने और उन्हें जागरुक करने के मकसद से कई कार्यक्रम और कैंपेन भी आयोजित किए जाते हैं।

महिला दिवस 2023 की थीम

यूनाइटेड नेशन की तरफ से जब 8 मार्च को महिला दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी, तो इसे एक खास थीम के साथ मनाया गया था। जब पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया, तो इसकी थीम ‘सेलिब्रेटिंग द पास्ट, प्लानिंग फॉर द फ्यूचर’ रखी गई थी। वहीं, बात करें इस साल की थीम की, तो इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के लिए थीम "डिजिटऑल: लैंगिक समानता के लिए नवाचार और प्रौद्योगिकी" (DigitALL: Innovation and technology for gender equality) तय की गई है।