Move to Jagran APP

Pet Care In Holi: होली के बीच रखें अपने पेट्स का खास ख्याल, इन टिप्स की मदद से करें उनकी देशभाल

Holi 2023 पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्योहार मनाया जाता है। इस खास दिन को लोग अलग-अलग तरीके से सेलिब्रेट करते हैं। लेकिन अगर आपके घर में कोई पेट है तो इस दिन उनका खास ख्याल रखने के लिए इन टिप्स को अपना सकते हैं।

By Harshita SaxenaEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Tue, 07 Mar 2023 08:54 PM (IST)
Hero Image
होली पर ऐसे रखें अपने पेट्स का ध्यान
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Holi 2023: देशभर में बुधवार को होली मनाई जा रही है। ऐसे में हर कोई इस त्योहार की तैयारियों में जुटा हुआ है। पकवानों से लेकर आउटफिट्स तक लोग इस खास दिन के लिए कई तरह के इंतजाम कर रहे हैं। रंगों का यह त्योहार हर साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर मनाया जाता है। इस साल 8 मार्च को होली सेलिब्रेट हो रही है। यह पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है।

लेकिन कई बार मस्ती और खुशी से भरे इस त्योहार में हमारी थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ जाती है। दरअसल, होली खेलते समय लोग अक्सर अपने आसपास मौजूद पेट्स का खास ध्यान रखना भूल जाते हैं। ऐसे में इस लापरवाही का खामियाजा बेजुबानों को भुगतना पड़ता है। अगर आपके घर में भी कोई पेट है, तो इस होली इन बातों का ध्यान रख आप उनकी सुरक्षा कर सकते हैं।

शैंपू से साफ करें रंग

होली खेलते समय अगर आपके पेट्स पर गलती से रंग लग गया है, तो उन्हें तुरंत साफ करें। शरीर पर रंग लगने से न सिर्फ जानवरों को कई तरह की एलर्जी हो सकती है, बल्कि इस रंग को साफ करने के लिए वह अपनी जीभ का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जो उनके शरीर में जाकर जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए कोशिश करें कि अपने पेट पर लगे रंग को जल्द से जल्द शैंपू आदि के इस्तेमाल से हटा दें।

सुरक्षित जगह पर रखें

अगर आपके घर में भी कोई पेट मौजूद है, तो होली वाले दिन उन्हें किसी सुरक्षित जगह पर रखें। कोशिश करें कि आप उन्हें घर के किसी ऐसे कमरे या कोने में रखें, जहां कलर उन तक न पहुंच सके। साथ ही उनके लिए शांत वातावरण की व्यवस्था करें।

रंगों से रखें दूर

अक्सर होली के दिन लोग रंगों वाले पानी को भरकर रखते हैं। लेकिन कई बार अनजाने में जानवर इस पानी को पी लेते हैं, जिसकी वजह से रंग उनके शरीर के अंदर चला जाता है। शरीर में रंग जाने से न सिर्फ उन्हें आंत संबंधी कई परेशानियां हो सकती हैं, बल्कि यह रंग जानवरों के लिए धीमे जहर का भी काम कर सकता है। इसलिए कोशिश करें कि होली के दिन रंगों को अपने पेट से दूर रखें।

पेट्स को न दें मीठी चीजें

होली के त्योहार पर घर में कई सारी मिठाई आदि बनाई जाती हैं, लेकिन मुंह मीठा करने के लिए बनाई गई यह मिठाई आपके पेट्स के लिए घातक साबित हो सकती है। जानवरों के लिए मीठे का सेवन हानिकारक हो सकता है। इसलिए कोशिश करें कि त्योहार की मस्ती में आप अपने पेट को किसी भी तरह की कोई मिठाई न खिलाएं।

पेट्स को घर से बाहर न निकालें

अगर आप भी अपने पेट्स को सुबह-शाम घुमाने ले जाते हैं, तो होली वाले दिन ऐसा करने से बचें। दरअसल, घर से बाहर ले जाने पर आपके पालतू जानवर रंगों के संपर्क में आ सकते हैं, जिसकी वजह से उन्हें नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए कोशिश करें कि अगर आप अपने पेट को ठहलाने ले जा रहे हैं, तो इसके लिए सुबह जल्दी और देर शाम ही घर से बाहर निकलें।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Picture Courtesy: Freepik