Move to Jagran APP

Heart Healthy Nuts: दिल को हेल्दी बनाने से लेकर वजन कम करने तक, इन 5 नट्स को डाइट में जरूर करें शामिल

Heart Healthy Nuts सेहतमंद रहने के लिए बैलेंस्ड डाइट लेने की सलाह दी जाती है। इसमें हरी सब्जियां ताजे फल अनाज के साथ-साथ मेवों को भी शामिल करना जरूरी होता है। मेवे अनेकों गुणों का खजाना हैं। इनमें फाइबर से लेकर एंटीऑक्सीडेंट तक कई तरह के लाभ पाए जाते हैं। आइये जानते हैं ऐसे मेवों के बारे में जो दिल के लिए काफी फायदेमंद होते हैं।

By Ritu ShawEdited By: Ritu ShawUpdated: Mon, 21 Aug 2023 10:34 AM (IST)
Hero Image
दिल को स्वस्थ रखना है तो खाएं ये 5 नट्स

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Heart Healthy Nuts: हम हमेशा से सुनते आए हैं कि मेवे सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। खाने कुरकुरे और पेट भरने वाले सभी नट्स बेहद पौष्टिक होते हैं। इतना ही नहीं बेवक्त लगने वाली छोटी भूख को भी तुरंत शांत करने के लिए मेवे को स्नैक्स के रूप में खाने की सलाह दी जाती है। इनमें हेल्दी फाइबर और हेल्दी फैट भरपूर मात्रा में होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ नट्स ऐसे होते हैं, जिनके सेवन से दिल का स्वास्थ्य भी काफी बढ़िया रहता है। जी हां, कुछ मेवे ऐसे हैं, जो दिल के दौरे और स्ट्रोक के खतरे को कम करने में मदद कर सकते हैं। आइये जानते हैं उनके बारे में।

दिल को स्वस्थ्य रखने के लिए कौन से मेवे खाएं?

अखरोट

अखरोट एंटीऑक्सीडेंट और ओमेगा 3 से भरपूर होता है। यह शरीर को ऑक्सीडेटिव डैमेज से लड़ने में मदद कर सकता है और डाइजेशन में भी मदद करता है। इसके अलावा अखरोट ब्रेन फंक्शन को सुधारता है और अल्जाइमर और पार्किंसंस डिजीज की शुरुआत को धीमा करने में मदद करता है। अखरोट को रात भर भिगोने के बाद खाने से सबसे ज्यादा फायदा मिलता है।

बादाम

बादाम में भारी मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे कच्चा और भूनकर भी खाया जा सकता है। इनमें विटामिन ई और अन्य एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में होते हैं। यह ब्लड शुगर को नियंत्रित और कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद कर सकता है। बादाम खाने से भूख कम लगती है और वजन घटाने में भी आसानी होती है। इसे कच्चा भी खाया जा सकता है और रात भर भिगोकर भी खाया जा सकता है।

काजू

काजू में हेल्दी फैट, प्रोटीन, मैंगनीज, कॉपर और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। काजू में मौजूद स्टीयरिक एसिड एलडीएल लेवल को कम करने के लिए जाना जाता है। काजू हार्ट हेल्थ, ब्लड शुगर को कंट्रोल करने और वजन घटाने को बढ़ावा देता है। इसे कच्चा और नमकीन रूप में खाया जा सकता है। इसके अलावा काजू की प्यूरी बनाकर इसे करी में मिलाया जा सकता है।

मूंगफली

मूंगफली में गुड फैट, प्रोटीन और कार्ब्स होते हैं। यह विटामिन और मिनरल्स का खजाना है और इसमें एंटीऑक्सीडेंट रेस्वेराट्रॉल होता है। यह एनर्जी लेवल बढ़ाने में मदद करता है और इसमें मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसेचुरेटेड फैट भी पाए जाते हैं। इसमें ओमेगा 3 फैटी एसिड होता है, जो हार्ट डिजीज के खतरे को कम कर सकता है।

पिस्ता

इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह हार्ट हेल्थ में मदद करता है और फाइबर, मिनरल्स और अनसैचुरेटेड फैट से भरपूर होता है। यह ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रख सकता है।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Picture Courtesy: Freepik