शरीर में दिखने वाले ये 6 लक्षण करते हैं आयरन की कमी का इशारा, एनीमिया का भी हो सकते हैं शिकार
शरीर में अगर आयरन की कमी का जल्दी पता लगाना बेहद जरूरी है वरना एनीमिया जैसी गंभीर समस्या हो सकती है। आयरन की कमी होने पर शरीर में कुछ लक्षण (Iron Deficiency Signs) दिखाई देने शुरू हो जाते हैं जिनकी मदद से इस परेशानी का जल्दी पता लगाया जा सकता है। आइए जानें आयरन की कमी के लक्षण क्या हैं।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई बार हमारे शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, लेकिन हम उन पर ध्यान नहीं देते हैं। लेकिन हमारा शरीर इसका संकेत देना शुरू कर देता है। ऐसे ही आयरन की कमी होने पर भी शरीर कुछ लक्षणों (Iron Deficiency Symptoms) की मदद से हमें सावधान करने की कोशिश करता है।
आयरन की कमी महिलाओं और बच्चों में ज्यादा देखने को मिलती है। आपको बता दें अगर आयरन की कमी लंबे समय तक बनी रहे, तो एनीमिया जैसी गंभीर समस्या हो सकती है। इसलिए इसकी कमी होने पर जल्दी पता लगाना जरूरी है, ताकि वक्त पर इसे दूर किया जा सके। आइए जानें आयरन की कमी होने पर कैसे लक्षण (Warning Signs of Iron Deficiency) नजर आते हैं।
थकान और कमजोरी
आयरन की कमी का सबसे आम लक्षण है लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना। दरअसल, आयरन हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, इसकी कमी से शरीर के अलग-अलग अंगों तक जरूरी मात्रा में ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता। इस वजह से व्यक्ति को सामान्य काम करने में भी ज्यादा थकान होती है और शरीर सुस्त रहता है।
यह भी पढ़ें- कहीं आपके शरीर में भी तो नहीं हो रही है जरूरी पोषक तत्वों की कमी? डॉक्टर ने बताए 5 बड़े संकेत
पीली त्वचा और नाखून
हीमोग्लोबिन की कमी के कारण त्वचा और नाखूनों का रंग पीला या फीका पड़ने लगता है। आयरन की कमी से रेड ब्लड सेल्स कम बनती हैं, जिससे त्वचा में ब्लड फ्लो कम हो जाता है और वह पीली दिखाई देने लगती है। नाखूनों का रंग भी सफेद या पीला हो सकता है और वे कमजोर हो जाते हैं।
सांस लेने में तकलीफ
अगर सामान्य एक्टिविटीज, जैसे- चलने, सीढ़ियां चढ़ने या हल्का काम करने में भी सांस फूलने लगे, तो यह आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। ऑक्सीजन की कमी के कारण फेफड़ों और दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे सांस लेने में दिक्कत होती है।
सिरदर्द और चक्कर आना
आयरन की कमी से दिमाग को भरपूर ऑक्सीजन नहीं मिल पाता, जिससे सिरदर्द और चक्कर आने की समस्या हो सकती है। कुछ लोगों को माइग्रेन जैसी तेज दर्द की शिकायत भी होती है। अगर बार-बार सिरदर्द होता है, तो यह आयरन डेफिशिएंसी एनीमिया का लक्षण हो सकता है।
दिल की धड़कन तेज होना
आयरन की कमी होने पर दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, ताकि शरीर में ऑक्सीजन की पूर्ति हो सके। इस वजह से दिल की धड़कन असामान्य रूप से तेज हो सकती है, जिसे पल्पिटेशन कहते हैं। लंबे समय तक इस स्थिति के बने रहने से दिल से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
हाथ-पैरों में ठंडापन और सूजन
आयरन की कमी से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जिससे हाथ-पैर ठंडे रहने लगते हैं। कुछ लोगों में पैरों में सूजन भी देखी जा सकती है। यह समस्या अक्सर महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलती है।
यह भी पढ़ें- 6 संकेत चीख-चीखकर बताते हैं कि पूरा पोषण नहीं ले रहे हैं आप, आज ही कर लें डाइट में सुधार
Source:
Mayo Clinic: https://www.mayoclinic.org/diseases-conditions/iron-deficiency-anemia/symptoms-causes/syc-20355034
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।