Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Body Odor Remedies: गर्मियों में शरीर की बदबू को इन आसान तरीकों से कर सकते हैं कंट्रोल

Body Odor Remedies पसीने की वजह से शरीर के कुछ हिस्से मसलन कांख गीले रहते हैं। यह गीलापन बैक्टीरिया को पनपने के लिए आमंत्रित करता है। यही बैक्टीरिया हमारे पसीने में वसीय अम्ल यानी फैटी एसिड बना डालता है जो शारीरिक दुर्गंध को जन्म देता है।

By Priyanka SinghEdited By: Updated: Tue, 19 Apr 2022 11:52 AM (IST)
Hero Image
Body Odor Remedies: शारीरिक बदबू दूर करने के घरेलू उपाय

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क, Body Odor Remedies: गर्मी ने इस बार दस्तक नहीं दी, बरबस ही चली आई। सूरज ने अपना ताप इस कदर बरसाना शुरू कर दिया है कि लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। वैसे ही गर्मी का मौसम सभी मौसमों में सबसे ज्यादा परेशान करने वाला मौसम है। तमाम बीमारियां, पसीना, आलस्य और न जाने क्या-क्या इस मौसम के साथ चला आता है। गर्मियों में पसीना आना जाहिर सी बात है। ऐसा कोई व्यक्ति नहीं होगा जिसे पसीना न आता हो।

आखिर पसीना है क्या? क्यों आता है इतना पसीना? 

दरअसल गर्मियां आते ही वातावरण गरम होने लगता है। इसके साथ ही हमारे शरीर का तापमान भी सामान्य से ज्यादा हो जाता है। तब हमारी पसीने वाली ग्रथियां यानी स्वेट ग्लैंड्स सक्रिय हो उठती है शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने के लिए। ये ग्रंथियां हमारे शरीर से पानी सोखकर त्वचा की ऊपरी सतह पर पहुंचती हैं। यह पानी ही पसीना कहलाता है।

लिहाजा पसीना आना तो एक अच्छी बात है क्योंकि शरीर के तापमान को नियंत्रित करने का यह एक प्राकृतिक तरीका है। पसीना ही तो है जो हमारे शरीर की अशुद्धियों और विषैले पदार्थों को बाहर निकालता है। फिर ऐसा क्यों है कि यह पसीना परेशानी का सबब बन जाता है। असल में ज्यादा पसीना शारीरिक दुर्गंध की वजह बनता है जिसके कारण  अक्सर शर्मिंदगी उठानी पड़ती है। 

शारीरिक दुर्गंध भगाने या दूर करने के कई उपाय है, जरूरत है तो हमें जरा सा ध्यान रखने की। आइए जान लेते हैं क्या हैं वे तरीके जो हमें लोगों के बीच शर्मसार होने से बचा सकते हैं-

· गर्मियों में ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं क्योंकि पानी हमारे शरीर की गंदगी को साफ करता है। यह गंदगी पसीने में घुल के शरीर से बाहर निकल जाती है और शारीरिक दुर्गंध दूर रखती है। होता क्या है कि कई लोग ज्यादा पसीना न हो इस डर से पानी कम पीते हैं जबकि ऐसा करने की वजह से पसीने से ज्यादा बदबू आती है।

· गर्मियों में शारीरिक दुर्गंध को दूर रखने का एक कारगर तरीका है, कपड़ों का सही चयन। जितना हो कॉटन से बने कपड़ों का इस्तेमाल करें। कॉटन का कपड़ा पसीना बड़ी ही आसानी से सोख लेता है। वहीं सिथेंटिक कपड़ा पसीना नहीं सोख पाता है और गीलेपन की वजह से बैक्टीरिया पनपने लगते हैं और शारीरिक दुर्गंध बढ़ाते हैं।

· शारीरिक दुर्गंध दूर भगानी है तो मसालेदार भोजन को भी अपनी थाली से विदा कर दीजिए। ज्यादा मसाले वाला या तेल युक्त भोजन शरीर को गर्म रखता है। नतीजा, ज्यादा पसीना और ज्यादा शारीरिक दुर्गंध।

· दिन में कम से कम दो बार नहाएं जरूर। शारीरिक बदबू दूर करने का ये सबसे आसान तरीका है।

· एक बार पहने कपड़े दोबारा न पहने क्योंकि ऐसा करने से भी शारीरिक दुर्गंध बढ़ती है।

·  गर्मी के मौसम में ठंडी तासीर वाले फल भी जरूर खाएं। तरबूज, खरबूज, खीरा, नींबू पानी, लस्सी, छाछ आदि खाने-पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती है। लिहाजा दुर्गंध से भी छुटकारा मिलता है।

· अनचाहे बालों को वक्त-वक्त में साफ करने से भी दुर्गंध दूर होती है।

· टी ट्री तेल, रोजमेरी आदि हमारे शरीर की पीएच मात्रा को नियंत्रण में रखते हैं। रासायनिक इत्र के बजाए हम पानी में इनको मिला कर यदि इस्तेमाल करें तो शारीरिक दुर्गंध को दूर कर सकते हैं।

· नीम तथा तुलसी हमें बड़ी आसानी से मिल जाते है। इनमें बैक्टीरिया को दूर करने की क्षमता होती है। नीम और तुलसी का लेप अगर हम प्रभावित हिस्से में नहाने से पहले लगाए तब भी दुर्गंध को रोक सकते हैं।

·  जिन हिस्सों से पसीने की दुर्गंध ज्यादा आती है वहां नींबू रगड़ने से भी शारीरिक दुर्गंध जाती है।

तो दोस्तों, जरा सा जीवन शैली में बदलाव शारीरिक दुर्गंध को रोक हमें शर्मिंदगी से बचा सकता है।

(वैद्य शकुंतला देवी जी से बातचीत पर आधारित)

Pic credit- freepik