Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Eye Swelling: सुबह उठते ही आंखों में महसूस होता है भारीपन और सूजन, तो जान लें उसके कारण और उपाय

Eye Swelling सुबह उठकर नहा-धोकर तैयार होने के बाद भी अगर आप फ्रेश न दिखें तो सारा मूड खराब हो जाता है। ऐसा कई बार इसलिए भी होता है क्योंकि हमारी आंखें फ्रेश नहीं दिखती हैं। कुछ लोगों को अक्सर सोकर उठने के बाद आंखों में भारीपन या फिर पफ्फिनेस की शिकायत रहती है। आइये जानते हैं इसके कारण और उपचार के बारे में।

By Ritu ShawEdited By: Ritu ShawUpdated: Tue, 22 Aug 2023 10:53 AM (IST)
Hero Image
आंखों में सूजन के कारण और उपाय

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Eye Swelling: अगर आपने भी पहले कभी ऐसा अनुभव किया है कि सोकर उठते ही आंखें भारी महसूस हो रही हैं या फिर उनमें सूजन नजर आ रहा है। लेकिन इसका कारण नहीं जानते, तो परेशान न हों क्योंकि आप ऐसा महसूस करने वाले अकेले नहीं है। कई लोगों को इस अक्सर यह समस्या हो जाती है क्योंकि उन्हें इसके पीछे की सही वजह के बारे में मालूम नहीं होता और इसी वजह से वे परहेज नहीं करते। आज के आर्टिकल में हम यही जानने की कोशिश करेंगे कि आखिर सोकर उठते ही आंखें भारी क्यों महसूस होती हैं या फिर उनमें पफ्फिनेस क्यों बनी रहती है। इसके अलावा इससे राहत पाने के लिए कुछ रेमेडीज के बारे में भी जानेंगे।

क्यों सूज जाती हैं आंखें?

एलर्जी: कई बार एलर्जिक रिएक्शन्स के कारण आंखों के आसपास की ब्लड वेसल्स फैल सकती हैं और सूजन हो सकती है। इसके अलावा मौसमी एलर्जी या फिर कुछ खास तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स भी इसका कारण बन सकते हैं।

साइनस: जब सर्दी या एलर्जी के कारण साइनस की समस्या बढ़ जाती है, तो आंखों के आसपास की ब्लड वेसेल्स में सूजन हो सकती है।

उम्र बढ़ना: जैसे-जैसे समय बीतता है, आंखों के आसपास की त्वचा पतली होती जाती है, जिससे उनकी फ्लेक्सिबिलिटी भी कम हो जाती है। इससे आंखों के आसपास जमा चर्बी खिसक सकती है और नतीजतन सूजन हो सकती है।

नींद की कमी: जब नींद की बात आती है, तो केवल यह मायने नहीं रखता है कि आप कितनी देर सोते हैं, बल्कि नींद की क्वालिटी भी जरूरी होती है। अगर अच्छी नींद न आए, तो आंखों के नीचे सूजन हो सकती है या फिर उठने के बाद आंखों में भारीपन हो सकता है।

ज्यादा नमक खाना: अगर आप बहुत अधिक नमक का सेवन करते हैं, तो इससे शरीर में पानी जमा हो सकता है, जिससे आंखों के आसपास सूजन हो सकती है।

आंखों की सूजन दूर करने के लिए क्या करें?

खीरा

आंखों के लिए खीरे का इस्तेमाल एक क्लासिक उपाय है। खीरे के स्लाइस में एंटीऑक्सिडेंट होते हैं और इसका ठंडा प्रभाव सूजन को कम करने में मदद कर सकता है। ठंडे खीरे के टुकड़ों को बंद पलकों पर लगभग 10-15 मिनट के लिए रखें। इससे काफी राहत मिलेगी।

टी बैग्स

चाय में मौजूद कैफीन और एंटीऑक्सीडेंट ब्लड वेसेल्स को फैलने से रोकने में और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। ताजगी के लिए अपनी बंद पलकों पर ठंडे, नम किया हुआ टी बैग (कैमोमाइल या ग्रीन टी अच्छी तरह काम करते हैं) लगाएं।

ठंडा सेक

ठंडी सिकाई करने से ब्लड वेसेल्स सिकुड़ सकती हैं और सूजन कम हो सकती है। बस कुछ बर्फ के टुकड़ों को कपड़े में लपेटें, फिर इसे थोड़ी देर के लिए अपनी बंद पलकों पर धीरे से लगाएं।

आलू

आलू में एंजाइम और स्टार्च होते हैं, जो अपनी एंटी-इंफ्लामेटरी गुण के लिए जाने जाते हैं। आलू के पतले स्लाइस को अपनी आंखों पर लगभग 10 मिनट के लिए रखें और फायदा देखें।

ठंडा दूध

दूध में ठंडा तापमान और वसा की मात्रा त्वचा को आराम देने और हाइड्रेट करने में मदद कर सकती है। ठंडे दूध को कॉटन पैड पर लगाएं और अपनी बंद पलकों पर रखें। ध्यान रखें कि पलकों पर रखने से पहले एक्स्ट्रा दूध को निचोड़ लें।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Picture Courtesy: Freepik