Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ज्यादा स्क्रीन टाइम से बढ़ रही है Dry Eyes की समस्या, तो राहत के लिए अपनाएं डॉक्टर के बताए खास टिप्स

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सभी लंबे समय तक कंप्यूटर स्मार्टफोन और अन्य गैजेट्स का इस्तेमाल करते हैं। बढ़ते स्क्रीन टाइम के कारण कई लोगों को आंखों में सूखेपन (Dry Eyes) की शिकायत होने लगती है। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं और राहत पाना चाहता है तो इस आर्टिकल में हम आपको डॉक्टर के बताए कुछ खास टिप्स शेयर कर रहे हैं।

By Nikhil Pawar Edited By: Nikhil Pawar Updated: Mon, 23 Sep 2024 01:17 PM (IST)
Hero Image
Dry Eyes की समस्या कर रही है परेशान, तो डॉक्टर के बताए इन टिप्स से पाएं राहत (Image Source: Freepik)

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल सभी लंबे समय तक कंप्यूटर, स्मार्टफोन या टैबलेट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस बढ़ते स्क्रीन टाइम का एक बड़ा नुकसान यह है कि इससे हमारी आंखें बुरी तरह प्रभावित होती हैं। लगातार स्क्रीन देखने से आंखों का पानी सूखने लगता है (Dry Eyes), इस दौरान आपकी पलकें कम झपकती हैं और ब्लू लाइट भी आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचाती है। ऐसे में, आंखों में जलन, लालपन और धुंधलापन जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं और कई बार तो आंखों में इतना दर्द होता है कि हम दूसरों से सीधे आंख मिलाकर बात भी नहीं कर पाते। अगर आप भी ऐसी ही कुछ तकलीफों से जूझ रहे हैं, तो यहां हम आपके लिए डॉक्टर के बताए कुछ खास नुस्खे लेकर आए हैं जिनकी मदद से ड्राई आईज की प्रॉब्लम से राहत पाई जा सकती है। आइए जानें।

1) त्रिफला का सेवन

आंवला, हरड़ और बहेड़ा इन तीन फलों से मिलकर बनी त्रिफला एक अद्भुत आयुर्वेदिक औषधि है। यह न सिर्फ पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है बल्कि आंखों की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। त्रिफला शरीर से टॉक्सिन्स को निकालने में मदद करती है और आंखों को ठंडक पहुंचाती है। रात को सोने से पहले एक चम्मच त्रिफला चूर्ण को गुनगुने पानी में मिलाकर पीने से आंखों में सूखेपन की समस्या दूर होती है और इससे आंखों की रोशनी भी बढ़ती है।

2) गुलाब जल

गुलाब जल आंखों के लिए एक प्राकृतिक वरदान जैसा है। इसकी ठंडक और ताजगी आंखों को तुरंत राहत देती है। आप रुई को गुलाब जल में भिगोकर अपनी आंखों पर कुछ देर रख सकते हैं या फिर सीधे आंखों में कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं। गुलाब जल न केवल आंखों को ठंडक पहुंचाता है बल्कि ड्राई आईज को दूर करके जलन को भी कम करता है। सिर्फ इतना ही नहीं, यह आंखों की थकान दूर करने और आंखों की रोशनी बढ़ाने में भी मददगार होता है।

3) घी का इस्तेमाल

देसी घी को आयुर्वेद में अमृत के समान माना जाता है। यह न सिर्फ आपके शरीर को पोषण देता है बल्कि आंखों की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। रोजाना एक चम्मच देसी घी का सेवन करने या खाना पकाने में इसका इस्तेमाल करने से आंखें हेल्दी रहती हैं। घी आंखों में नमी बनाए रखता है और सूखापन भी दूर करता है। इसके अलावा, घी आंखों की रोशनी बढ़ाने और मोतियाबिंद जैसी समस्याओं से बचाने में भी मदद करता है।

4) आंवला का रस

आंवला विटामिन सी का खजाना है जो हमारी आंखों की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। रोजाना एक गिलास ताजा आंवले का रस पीने से आंखों को जरूरी पोषण मिलता है और आप कई तरह के नुकसान से बच जाते हैं। आंवला आंखों में नमी बनाए रखने में मदद करता है और सूखेपन की समस्या को भी कम करता है। इसके अलावा, आंवला आंखों की रोशनी बढ़ाने और मोतियाबिंद जैसी समस्याओं से बचाने में भी मददगार होता है।

यह भी पढ़ें- परेशानी की वजह बन सकती है ड्राई आई, बचाव के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

5) आंखों की मालिश

बादाम या नारियल के तेल से आंखों के आसपास हल्के हाथों से मसाज करने से भी आपको आंखों की थकान से राहत मिल सकती है। ऐसा करने से ब्लड फ्लो भी बेहतर होता है और आखों को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं। इसके अलावा मसाज की मदद से आप आंखों के आसपास नमी भी बनाए रख सकते हैं जिससे आंखें हेल्दी रहती हैं।

6) बैलेंस डाइट

अच्छी डाइट को हमारे शरीर के साथ-साथ आंखों की बेहतर सेहत का आधार भी माना जाता है। हरी-भरी सब्जियां, ताजे फल और भरपूर मात्रा में पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और आंखों का सूखापन कम होता है। ऐसे में, ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर फूड आइटम्स जैसे मछली और अखरोट आंखों की रोशनी बढ़ाने में काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

7) योग और प्राणायाम

योग और प्राणायाम सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखने का जरिया ही नहीं हैं, बल्कि ये हमारी आंखों के लिए भी बेहद फायदेमंद है। त्राटक ध्यान, जिसमें एक निश्चित बिंदु पर दृष्टि केंद्रित की जाती है। यह योगासन आंखों की मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं और नजर को तेज करते हैं। प्राणायाम से शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बढ़ता है जिससे आंखों में सूखेपन की समस्या दूर होती है और आंखें स्वस्थ रहती हैं।

8) पर्याप्त नींद

आंखों की अच्छी सेहत के लिए पर्याप्त नींद लेना भी बेहद जरूरी है। अगर आप नींद पूरी नहीं करते हैं तो आंखों में सूखापन और थकावट महसूस हो सकती है। रोजाना 7-8 घंटे की नींद लेने से आंखें हेल्दी रहती हैं और उन्हें पूरा आराम मिलता है।

इन उपायों को अपनाकर आप अपनी आंखों को नेचुरल तरीके से हेल्दी रख सकते हैं और सूखापन की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। ये उपचार न सिर्फ सुरक्षित हैं बल्कि आंखों की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं।

(डॉ. मंदीप सिंह बासु, डायरेक्टर - डॉ. बासु आई हॉस्पिटल नई दिल्ली से बातचीत पर आधारित)

यह भी पढ़ें- आई फ्लू ही नहीं मानसून में आंखों को हो सकती हैं ये समस्याएं, इन तरीकों से करें देखभाल