Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

H3N8 Bird Flu: इंसान में बर्ड फ्लू का पहला मामला आया सामने, चीन में चार साल का बच्चा हुआ संक्रमित

H3N8 Bird Flu चीन के हेनान प्रांत में एक चार साल के लड़के को अप्रैल की शुरुआत में बुखार और अन्य लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद हुई जांच में उसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई।

By Ruhee ParvezEdited By: Updated: Wed, 27 Apr 2022 01:55 PM (IST)
Hero Image
H3N8 Bird Flu: इंसान में बर्ड फ्लू का पहला मामला आया सामने

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। H3N8 Bird Flu: चीन के मध्य हेनान प्रांत में 26 अप्रैल को मनुष्य में एवियन फ्लू के H3N8 स्ट्रेन के पहले मामले की पुष्टि हुई है। बर्ड फ्लू को एवियन फ्लू भी कहा जाता है, तो आइए जानें इसके बारे में ज़रूरी बातें।

चीन में H3N8 वायरस से पहली बार कोई मनुष्य कैसे संक्रमित हुआ?

चीन के नेशनल हेल्थ कमिशन (NHC) ने बताया कि हेनान प्रांत में रह रहा 4 साल का बच्चा, पक्षियों से सीधे संक्रमित होने के बाद एवियन फ्लू पॉज़ीटिव पाया गया है। उसको इस महीने की शुरुआत में बुखार और दूसरे लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस लड़के का परिवार घर पर मुर्गे और मुर्गियों को पाल रहे थे। साथ ही उनके इलाके में जंगली बत्तख की आबादी भी काफी ज़्यादा है।

क्या लोगों में H3N8 के व्यापक संचरण से जोखिम है?

इस वक्त इस वायरस को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है, अधिकारियों ने युवा लड़के के मामले का विश्लेषण करने के बाद कहा है कि लोगों में संचरण का कम जोखिम है। शुरुआती जांच में, स्ट्रेन में मनुष्यों को प्रभावी ढंग से संक्रमित करने की क्षमता नहीं पाई गई थी। यही वजह है कि मानव में इस वायरस से संक्रमण बहुत ही कम देखा जा सकता है।

बर्ड फ्लू का कौन-सा स्ट्रेन मनुष्यों को संक्रमित कर सकता है?

यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के अनुसार, क्रमशः 1997 और 2013 में पाए गए बर्ड फ्लू के H5N1 और H7N9 स्ट्रेन, एवियन इन्फ्लूएंजा से मानव बीमारी के अधिकांश मामलों के लिए जिम्मेदार हैं। WHO के अनुसार, ज़ूनोटिक, या पशु-जनित इन्फ्लूएंज़ा से मानव मुख्य रूप से संक्रमित जानवरों या दूषित वातावरण के सीधे संपर्क में आने से संक्रमित होते हैं, लेकिन यह एक व्यक्ति से दूसरे में नहीं फैलता।

H3N8 किन जानवरों को मुख्य रूप से संक्रमित करता है?

नॉर्थ अमेरिका के वॉटरफाउल में पहली बार उत्पन्न होने के बाद यह स्ट्रेन साल 2002 से देखा जा रहा है। वायरस का यह स्ट्रेन घोड़ों, कुत्तों और सील को संक्रमित करने के लिए जाना जाता है। एवियन फ्लू आमतौर पर जंगली पक्षियों और पोल्ट्री के पक्षियों में देखा जाता है।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।