Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Norovirus Symptoms: कितना घातक साबित हो सकता है नोरोवायरस? जानें लक्षण से लेकर सबकुछ

Norovirus Symptoms नोरोवायरस कोरोना वायरस की तरह एक संक्रामक बीमारी है जो पेट को इंफेक्ट करने का काम करती है। केरल में हाल ही में इसके दो मामले सामने आए हैं। तो आइए इससे जुड़े ज़रूरी सवालों के जवाब जान लें।

By Ruhee ParvezEdited By: Updated: Tue, 07 Jun 2022 02:00 PM (IST)
Hero Image
Norovirus Symptoms: जानें नोरोवायरस के लक्षण और बचाव

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Norovirus Symptoms: केरल में नोरोवायरस के दो मामले सामने आए हैं। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के मुताबिक, नोरोवायरस से पीड़ित दोनों बच्चों की हालत में सुधार है, वे रिकवर हो रहे हैं। चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन सभी को सावधान रहने और साफ-सफाई बरकरार रखने की ज़रूरत है।

जिस तरह हम कोरोना वायरस के खिलाफ सावधानियां बरत रहे हैं, ठीक वैसी ही सावधानी नोरोवायरस में भी ज़रूरी है। हाथों की सफाई और चेहरे व मुंह को छूने से बचना, दूषित सतह को न छूना शामिल है। नोरोवायरस संक्रमण से बचने के लिए ऐसा खाना न खाएं, जो दूषित हो सकता है। आइए जानें नोरोवायरस के बारे में ज़रूरी बातें:

क्या है नोरोवायरस?

नोरोवायरस एक संक्रामक वायरस है, जो संक्रमण होने पर उल्टी और दस्त को प्रेरित करता है। शरीर के गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सिस्टम पर इसके प्रभाव के कारण, वायरस को पेट के फ्लू के नाम से भी जाना जाता है। नोरोवायरस सिर्फ बच्चों को ही नहीं, बल्कि किसी को भी अपना शिकार बना सकता है। यह वायरस दूषित खाने और सतह के माध्यम से तेज़ी से फैल सकता है। अमेरिका के CDC के अनुसार, एक व्यक्ति को अपने जीवन में कई बार नोरोवायरस हो सकता है, क्योंकि इसके कई तरह के वायरस होते हैं।

कैसे फैलता है नोरोवायरस?

नोरोवायरस एक व्यक्ति से दूसरे में आसानी से फैल सकता है। अगर आप किसी एक व्यक्ति के सीधे संपर्क में है, जो इस वायरस से संक्रमित है, तो आप भी संक्रमित हो सकते हैं। इसके अलावा ऐसा फूड खाना जो इस वायरस से दूषित हो, दूषित सतह या चीज़ों को छूकर और फिर चेहरे पर हाथ लगाने या फिर उन्हीं गंदे हाथों से खाना खा लेने से संक्रमण हो सकता है।

नोरोवायरस यानी पेट के फ्लू के लक्षण क्या हैं?

- उल्टी

- दस्त

- पेट में ऐठन

- ठंड लगना

- सिर दर्द

- मांसपेशियों में दर्द

वायरस के संपर्क में आने के 12 घंटे के भीतर लक्षण दिखाई दे सकते हैं और यह 1-2 दिन बाद भी आ सकते हैं।

क्या नोरोवायरस के भी असिम्प्टोमैटिक मामले होते हैं?

हां, हो सकते हैं। मिनेसोटा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कभी-कभी नोरोवायरस से संक्रमित लोगों में कोई लक्षण नहीं होते हैं, लेकिन फिर भी वे वायरस को दूसरों तक पहुंचा सकते हैं।

वायरस का शरीर पर कैसा प्रभाव दिखता है?

काफी लोग 1 से 2 दिनों में रिकवर हो सकते हैं और लंबे समय में सेहत से जुड़े कॉमप्लीकेशन नहीं देखे जाते हैं। नोरोवायरस में पानी की कमी का जोखिम बढ़ जाता है। छोटे बच्चों, बड़े लोगों और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को खुद को डिहाइड्रेट नहीं होने देना चाहिए।

नोरोवायरस संक्रमण से कैसे बचा जाए?

- अपने हाथों को रोज़ाना धोएं। खासतौर पर बाथरूम के इस्तेमाल के बाद, खाना खाने से पहले, खाना पकाने से पहले और खाना परोसने से पहले।

- उल्टी और दस्त के हर एपिसोड के बाद पूरे घर और बाथरूम को डिसइंफेक्ट करें।

- सीफूड को बिना पकाए खाने से बचें। क्योंकि नोरोवायरस दूषित पानी से भी फैलता है, इसलिए पकाने से पहले साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।

- रिकवरी के बाद कम से कम 3 दिनों तक आइसोलेशन में रहें।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।