Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

International Yoga Day 2023: क्या है हॉट योगा? जो फिटनेस के साथ देता है खूबसूरत स्किन, बस बरतें ये सावधानियां

International Yoga Day 2023 हर साल 21 जून के दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। आपने पिछले कुछ सालों में हॉट योगा के बारे में खूब सुना होगा। अगर आप भी हॉट योगा के बारे में और जानना चाहते हैं। साथ ही इसके फायदों के बारे में भी जानकारी हासिल करना चाहते हैं तो आपको यह आर्टिकल जरूर पढ़ना चाहिए।

By Ruhee ParvezEdited By: Ruhee ParvezUpdated: Wed, 21 Jun 2023 04:57 PM (IST)
Hero Image
International Yoga Day 2023: जानें हॉट योगा के बारे में सबकुछ

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। International Yoga Day 2023: हॉट योगा पिछले कुछ सालों में काफी पॉपुलर हुआ है। पारंपरिक योग की तरह इसके अभ्यास से भी तनाव कम होना, ताकत में सुधार और लचीलापन बेहतर होने जैसे फायदे होते हैं। हालांकि, हॉट योगा दिल, फेफड़ों और मांसपेशियों को भी मजबूती देती है। तो आइए जानें कि इसके क्या फायदे हैं और इसे करते वक्त किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए।

हॉट योगा क्या है?

आपने हॉट योगा और बिक्रम योगा के बारे में काफी सुना होगा। इनको आमतौर पर एक ही माना जाता है, जबकि दोनों में फर्क है।

बिक्रम योगा, बिक्रम चौधरी नाम के योगी ने बनाई थी, जिसमें ऐसे कमरे में किया जाता है, जहां का तापमान 40 डिग्री होता है और 40% उमस होती है। इसमें 26 मुद्राएं और दो सांस लेने के व्यायाम होते हैं, जो हर क्लास में एक ही क्रम में किए जाते हैं। बिक्रम योगा सेशन 90 मिनट तक चलता है।

वहीं दूसरी तरफ, हॉट योगा, का मतलब है एक ऐसे कमरे में योग करना जहां का तापमान सामान्य से ऊपर होता है। इसमें योग इंस्ट्रक्टर अपनी मर्जी से कमरे का तापमान सेट कर सकते हैं, जो 27 से 30 डिग्री तक हो सकता है। इस सेशन के दौरान लोग कई तरह आसन कर सकते हैं और हर सेशन में अलग-अलग तरह के आसन किये जाते हैं। बिक्रम योग आमतौर पर शांति से किया जाता है, वहीं हॉट योगा में संगीत भी बजता है और लोग आपस में बात भी करते हैं।

हॉट योगा के फायदे क्या हैं?

हॉट योग से आपका दिमाग शांत होता है और फिजिकल फिटनेस बेहतर होती है। एक गर्म वातावरण में योग करना चुनौतिपूर्ण हो जाता है, लेकिन इसके फायदे भी कई हैं। तो आइए जानें कि हॉट योगा करने से किस तरह के फायदे मिलते हैं:

1. लचीलापन आता है

आप पहले से जानते होंगे कि स्ट्रेचिंग करने से पहले क्यों वॉर्म करना जरूरी होता है। वॉर्म अप करने से मसल्स गर्म हो जाती हैं और उन्हें स्ट्रेच करना आसान हो जाता है। ऐसे ही हॉट योगा स्टूडियो में योगासन करना आसान हो जाता है और इसका असर पर बढ़ जाता है। गर्मी की वजह से आप आसानी से स्ट्रेच कर पाते हैं और मोशन भी बेहतर हो जाता है। 2013 में हुई एक स्टडी से पता चला कि 8 हफ्तों में हॉट योगा करने से कमर, कंधों और हैमस्ट्रिंग में लचीलापन बढ़ता है।

2. ज्यादा कैलोरी बर्न होती है

पारंपरिक योग करने से एक व्यक्ति 183 कैलोरीज तक बर्न कर सकता है। अगर गर्म वातावरण में इसे किया जाए, तो ज्यादा कैलोरी बर्न हो सकती हैं। कोलोराडो स्टेट यूनिवर्सिटी द्वारा की गई रिसर्च के अनुसार, 90 मिनट के बिक्रम योग सेशन के बाद पुरुष 460 कैलोरी और महिलाएं 330 कैलोरी बर्न कर सकती हैं।

3. हड्डियों की डेंसिटी बढ़ती है

योगासन के दौरान अपने वजन को सपोर्ट कर पाने से बोन डेंसिटी बढ़ती है। खासतौर से यह बढ़ती उम्र में फायदेमंद होता है, क्योंकि उम्र के साथ बोन डेंसिटी कम होती जाती है। 2014 में हुई स्टडी में पाया कि हॉट योग करने से महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा कम होता है।

4. तनाव कम होता है

कई लोग तनाव को नैचुरल तरीके से कम करने के लिए योग का अभ्यास करते हैं। 2018 में हुई एक रिसर्च में देखा गया कि जो लोग हॉट योगा करते हैं, उन्हें 16 हफ्तों बाद तनाव कम होता दिखा। साथ ही जिंदगी की क्लाविटी बेहतर हुई, उनका आत्मविश्वास बढ़ा।

5. अवसाद में मददगार साबित होता है

योग एक ऐसी तकनीक है, जिससे आप रिलेक्स महसूस करते हैं और मूड भी बेहतर होता है। अमेरिकन साइकोलॉजी असोसिएशन के मुताबिक, योग से आपको अवसाद के लक्षणों को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

6. दिल की सेहत को बूस्ट मिलता है

गर्म कमरे में योगासन करने से आपका दिल, फेफड़े और मांसपेशियां मजबूत बनेंगी। साथ ही इससे श्वसन क्रिया और मेटाबॉलिज़्म भी बूस्ट होता है।

7. ब्लड ग्लूकोज का स्तर भी होता है कम

वैसे तो किसी भी तरह की फिजिकल एक्सरसाइज एनर्जी बर्न करती है, जिससे खून में ग्लूकोज की मात्रा कम होती है। हॉट योगा उन लोगों के लिए खास फायदेमंद हो सकती है, जिनमें टाइप-2 डायबिटीज का खतरा ज्यादा है।

8. त्वचा बेहतर होती है

हॉट योगा का मुख्य उद्देश्य ही यह है कि व्यक्ति को खूब पसीना आए। गर्म वातावरण में योग करने से पसीना काफी आता है, जिससे सर्क्यूलेशन बेहतर होता है और स्किन के सेल्स हेल्दी होते हैं।

हॉट योगा करते वक्त इन बातों का ध्यान रखें

गर्म तापमान में योग करने के फायदे कई हैं, लेकिन इसे करते वक्त कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

डिहाइड्रेशन: हॉट योग करते वक्त पसीना बहुत आता है, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए हॉट योग से पहले, इसके दौरान और इसके बाद पानी पीना महत्वपूर्ण है। इसके अलावा इलेक्ट्रोलाइट्स का स्तर बनाए रखने के लिए लो-कैलोरी एनर्जी ड्रिंक भी पी सकते हैं।

बीमारी में न करें: अगर आप पहले से किसी स्वास्थ्य स्थिति से गुजर रहे हैं, तो आपको हॉट योगा नहीं करनी चाहिए। जिसमें दिल की बीमारी, डायबिटीज, एनोरेक्सिया नर्वोसा और बेहोशी का इतिहास शामिल है।

ब्लड प्रेशर या लो ब्लड शुगर: अगर आपको इन दोनों में से कोई दिक्कत है, तो हॉट योग करते वक्त आपको चक्कर या फिर सिर भारी होने जैसा महसूस हो सकता है। इसे करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह करें।

प्रेग्नेंसी में अपने डॉक्टर की सलाह के बाद इसका अभ्यास करें।

अगर आपसे गर्मी बर्दाश्त नहीं होती है, तो आपको हॉट योग की जगह आम योग ही करना चाहिए।

हॉट योगा करते वक्त अगर आपको चक्कर आते हैं, सिर भारी लगता है या मितली जैसा महसूस होता है, तो फौरन इसे रोक दें और कमरे से किसी ठंडी जगह चले जाएं।

Disclaimer: लेख में उल्लेखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Picture Courtesy: Freepik/Pexel