Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फ्रेश होने से पहले Walk करें या बाद में? जानें क्या है टहलने का सही समय, जिससे मिलता है पूरा फायदा

    सुबह की ताजी हवा में टहलना सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन एक सवाल जो अक्सर लोगों के मन में आता है- क्या Walk पर जाने से पहले फ्रेश होना जरूरी है या बाद में भी जाया जा सकता है? इस सवाल का जवाब सेहत और साइंस दोनों से जुड़ा है। सही समय पर टहलने से न सिर्फ आपकी एनर्जी बढ़ती है सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं।

    By Nikhil Pawar Edited By: Nikhil Pawar Updated: Sun, 16 Mar 2025 01:27 PM (IST)
    Hero Image
    फ्रेश होने से पहले या फ्रेश होने के बाद: पढ़ें क्या है Walking का सही समय (Image Source: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह की ताजी हवा में टहलना शरीर और दिमाग के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह न केवल पूरे दिन की एनर्जी को बूस्ट करता है, बल्कि मानसिक शांति भी देता है, लेकिन एक सवाल जो बहुत से लोगों को परेशान करता है- सुबह वॉक पर जाने से पहले फ्रेश होना जरूरी है या बाद में भी जा सकते हैं (Best Time To Walk)?

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कई लोग मानते हैं कि फ्रेश होकर टहलने से शरीर हल्का महसूस करता है और वॉक करने में ज्यादा मजा आता है, जबकि कुछ लोगों की आदत होती है कि वे पहले टहलते हैं और फिर फ्रेश होते हैं। मगर असल में, शरीर को सही तरीके से डिटॉक्स करने और वॉक का पूरा फायदा (Morning Walk benefits) उठाने के लिए क्या सही तरीका है? आइए जानते हैं इसके पीछे का विज्ञान, जिससे आप अपने मॉर्निंग वॉक का पूरा लाभ उठा सकते हैं।

    सुबह टहलने के फायदे

    सुबह की वॉक सिर्फ एक एक्सरसाइज नहीं, बल्कि शरीर को एक्टिव रखने का सबसे आसान और असरदार तरीका है। यह आपके पूरे दिन की ऊर्जा को बढ़ाती है और सेहत से जुड़े कई फायदे भी देती है।

    • बेहतर ब्लड सर्कुलेशन: टहलने से शरीर में ऑक्सीजन और ब्लड फ्लो बेहतर होता है, जिससे दिल स्वस्थ रहता है।
    • मेटाबॉलिज्म को तेज करता है: सुबह की वॉक शरीर में फैट बर्न करने की क्षमता बढ़ाती है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है।
    • मेंटल हेल्थ को सुधारता है: ताजी हवा में टहलने से तनाव कम होता है, मूड बेहतर होता है और ब्रेन फंक्शन भी अच्छा रहता है।
    • इम्युनिटी बूस्ट करता है: नियमित वॉक करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, जिससे बीमारियां कम होती हैं।

    लेकिन इन फायदों को पूरी तरह से पाने के लिए सही समय और सही तरीका अपनाना जरूरी है।

    यह भी पढ़ें- मिट्टी पर चलना या घास पर चलना: किस एक्सरसाइज से बर्न होंगी ज्यादा कैलोरीज? एक क्लिक में जानें

    क्या वॉक से पहले फ्रेश होना जरूरी है?

    इस सवाल का जवाब पूरी तरह से व्यक्ति के रूटीन और शरीर की आदतों पर निर्भर करता है, लेकिन अगर आप टहलने का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी बातों को समझना चाहिए।

    फ्रेश होकर टहलने के फायदे

    • जब आप सुबह फ्रेश होकर टहलते हैं, तो शरीर हल्का महसूस करता है और चलने में ज्यादा आराम मिलता है।
    • पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है और गैस, कब्ज जैसी समस्याएं दूर होती हैं।
    • टहलते समय किसी भी तरह की बेचैनी या पेट दर्द की संभावना कम हो जाती है।
    • शरीर के अंदर मौजूद टॉक्सिन्स (विषैले तत्व) बाहर निकल जाते हैं, जिससे वॉक का असर और बढ़ जाता है।

    बिना फ्रेश हुए टहलने के नुकसान

    • टहलने के दौरान पेट में भारीपन या असहज महसूस हो सकता है।
    • शरीर के अंदर मौजूद गंदगी बाहर न निकलने से डाइजेशन प्रभावित हो सकता है, जिससे गैस और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
    • ध्यान और एकाग्रता पर असर पड़ सकता है, जिससे एक्सरसाइज करने में मन नहीं लगेगा।
    • अगर आप अपने दिन की शुरुआत बिना फ्रेश हुए टहलने से करते हैं, तो हो सकता है कि आपका शरीर पूरी तरह से हल्का महसूस न करे, जिससे वॉक का पूरा लाभ न मिले।

    क्या है मॉर्निंग वॉक का सही समय?

    सुबह की वॉक से पहले फ्रेश होना ज्यादा फायदेमंद होता है। जब शरीर हल्का रहता है, तो वॉक करने में ज्यादा ऊर्जा महसूस होती है और टहलने के फायदे भी ज्यादा मिलते हैं।

    हालांकि, कुछ लोगों के शरीर की आदत ऐसी होती है कि वे तुरंत फ्रेश नहीं हो पाते। ऐसे में वे हल्की वॉक के बाद भी फ्रेश हो सकते हैं। हालांकि, अगर आप सही तरीके से अपने शरीर को सेट करना चाहते हैं, तो सुबह उठते ही कुछ आसान उपाय आजमाकर अपने डाइजेशन को सुधार सकते हैं।

    अगर सुबह फ्रेश होने में दिक्कत हो तो क्या करें?

    अगर आप सुबह उठते ही फ्रेश नहीं हो पाते, तो ये कुछ उपाय आपकी मदद कर सकते हैं।

    • गुनगुना पानी पिएं: सुबह उठते ही एक गिलास गुनगुना पानी पीने से पाचन तंत्र एक्टिव हो जाता है और पेट जल्दी साफ होने में मदद मिलती है।
    • हल्की स्ट्रेचिंग करें: कुछ हल्की स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करने से बॉडी एक्टिव होती है और पेट आसानी से साफ हो जाता है।
    • फाइबर युक्त डाइट लें: रात के खाने में फाइबर से भरपूर चीजें, जैसे फल, हरी सब्जियां, और दालें शामिल करें, जिससे सुबह पेट साफ होने में आसानी होगी।
    • सोने से पहले ज्यादा भारी खाना न खाएं: रात में ज्यादा तेल-घी वाला या मसालेदार भोजन करने से सुबह पेट साफ होने में दिक्कत हो सकती है।

    अगर आप इन उपायों को अपनाएंगे, तो सुबह जल्दी फ्रेश होकर टहलने के लिए तैयार हो जाएंगे।

    क्या है बेस्ट तरीका?

    बेहतर सेहत के लिए सुबह टहलने से पहले फ्रेश होना फायदेमंद होता है। यह शरीर को हल्का महसूस कराता है और वॉक से मिलने वाले फायदे को दोगुना कर देता है। हालांकि, अगर आपको सुबह जल्दी फ्रेश होने में दिक्कत होती है, तो हल्की वॉक के बाद भी यह किया जा सकता है। सबसे जरूरी यह है कि आप अपनी बॉडी को समझें और जो आपके लिए सही लगे, वही अपनाएं।

    यह भी पढ़ें- 30 मिनट की वॉक या 30 मिनट का योग: किससे मिलेंगे सेहत को ज्यादा फायदे? एक क्लिक में समझें

    Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।