50 की उम्र के बाद पुरुष हल्के में न लें Vitamin-B12 की कमी के 8 संकेत, बीमारियों का घर बन जाएगा शरीर
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है हमारा शरीर कई बदलावों से गुजरता है। 50 साल की उम्र के बाद ये बदलाव और भी साफ हो जाते हैं। अक्सर पुरुष इन्हें बुढ़ापे का लक्षण मानकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन कई बार ये संकेत किसी गंभीर समस्या का इशारा हो सकते हैं। ऐसी ही एक समस्या है विटामिन बी12 की कमी (Vitamin-B12 Deficiency)।
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Vitamin-B12 हमारे शरीर के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। यह रेड बल्ड सेल्स के निर्माण, नर्वस सिस्टम के सही कामकाज और डीएनए बनाने में अहम भूमिका निभाता है। 50 की उम्र के बाद, शरीर की B-12 को अवशोषित करने की क्षमता कम होने लगती है, जिससे इसकी कमी का खतरा बढ़ जाता है।
अगर आप 50 की उम्र पार कर चुके हैं और लगातार कुछ लक्षणों से परेशान हैं, तो सावधान हो जाएं। ये विटामिन बी12 की कमी के संकेत (Vitamin-B12 Deficiency in Men Over 50) हो सकते हैं, जिन्हें नजरअंदाज करने पर शरीर बीमारियों का घर बन सकता है। आइए जानते हैं।
लगातार थकान और कमजोरी
क्या आपको बिना किसी खास काम के भी दिनभर थकान महसूस होती है? क्या सुबह उठने के बाद भी सुस्ती बनी रहती है? यह विटामिन बी12 की कमी का सबसे आम और पहला लक्षण है। इसकी कमी से रेड ब्लड सेल्स घट जाता है, जिससे शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन की सप्लाई कम हो जाती है और आप थका हुआ महसूस करते हैं।
हाथों और पैरों में झुनझुनी या सुन्नपन
अगर आपके हाथों, पैरों या उंगलियों में बार-बार झुनझुनी या सुई चुभने जैसा एहसास होता है, तो इसे हल्के में न लें। विटामिन बी12 की कमी से नसें कमजोर हो जाती हैं, जिससे यह समस्या होती है। इसे 'पेरिफेरल न्यूरोपैथी' कहते हैं, जो नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचने का संकेत है।
याददाश्त कमजोर होना
क्या आपको छोटी-छोटी बातें याद रखने में मुश्किल होती है? क्या आप अक्सर कन्फ्यूज महसूस करते हैं या ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते हैं? विटामिन बी12 ब्रेन हेल्थ के लिए बेहद जरूरी है। इसकी कमी से दिमाग के कामकाज पर असर पड़ता है, जिससे मेमोरी लॉस और कॉग्निटिव डिक्लाइन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मूड में बदलाव और डिप्रेशन
विटामिन बी12 मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। इसकी कमी से चिड़चिड़ापन, उदासी और डिप्रेशन के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। अगर आप अचानक से बिना किसी वजह के मायूस या चिंतित महसूस कर रहे हैं, तो यह बी12 की कमी का संकेत हो सकता है।
त्वचा का पीला पड़ना
अगर आपकी त्वचा का रंग हल्का पीला या फीका लगने लगा है, तो यह भी एक संकेत हो सकता है। विटामिन बी12 की कमी से 'मेगालोब्लास्टिक एनीमिया' हो सकता है, जिससे त्वचा पीली पड़ जाती है।
मुंह और जीभ में छाले या सूजन
बार-बार मुंह में छाले होना, जीभ में सूजन (Glossitis) या जीभ का लाल होना भी विटामिन बी12 की कमी का एक लक्षण है।
संतुलन बनाने में परेशानी
क्या आपको चलने या सीढ़ियां चढ़ने में संतुलन बनाए रखने में दिक्कत महसूस होती है? क्या आप आसानी से लड़खड़ा जाते हैं? अगर हां, तो बता दें कि यह भी नर्वस सिस्टम पर पड़ने वाले प्रभाव के कारण होता है।
पाचन संबंधी समस्याएं
विटामिन बी12 की कमी से पाचन तंत्र भी प्रभावित होता है। आपको भूख कम लगना, वजन कम होना, कब्ज या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
अगर आप इनमें से किसी भी लक्षण का अनुभव कर रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर ब्लड टेस्ट के जरिए विटामिन बी12 के स्तर की जांच कर सकते हैं और सही सलाह दे सकते हैं।
विटामिन बी12 की कमी को कैसे रोकें?
- बैलेंस डाइट: अपनी डाइट में विटामिन बी12 से भरपूर फूड आइटम्स जैसे दूध, दही, पनीर, अंडा, मांस और मछली शामिल करें।
- सप्लीमेंट्स: डॉक्टर की सलाह पर विटामिन बी12 के सप्लीमेंट्स ले सकते हैं।
- रेगुलर चेकअप: 50 की उम्र के बाद नियमित रूप से हेल्थ चेकअप कराते रहें, खासकर अगर आपको ऊपर बताए लक्षण महसूस हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- सिर्फ खानपान नहीं, इन वजहों से भी होती है विटामिन-B12 की कमी! कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां?
यह भी पढ़ें- विटामिन-बी12 तेजी से बढ़ाने में मदद करेंगे ये 5 वेजिटेरियन फूड्स, शरीर की कमजोरी भी होगी तुरंत दूर
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।