Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Norovirus: केरल में हुई ‘नोरोवायरस’ के दो मामलों की पुष्टि, जानें इसके लक्षण, कारण और बचाव के तरीके

हाल ही में केरल में नोरोवायरस के दो मामलों की पुष्टि की गई है। इस खबर से सामने आने के बाद से ही हड़कंप मचा हुआ है। जानते हैं इस वायरस के लक्षण कारण और इससे जुड़ी अन्य बातों के बारे में-

By Harshita SaxenaEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Mon, 23 Jan 2023 06:20 PM (IST)
Hero Image
क्या है नोरोवायरस, जानें इसके लक्षण,कारण और बचाव

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Norovirus: कोरोनावायरस की वजह से चीन में फिर से बिगड़ते हालातों को देख भारत भी अलर्ट मोड पर है। लेकिन इसी बीच देश में चिंता की एक और खबर सामने आई है। हाल ही में मिली जानकारी के मुताबिक केरल में नोरोवायरस के दो मामलों की पुष्टि की गई है। इस बारे में राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जानकारी दी कि एर्नाकुलम जिले में नोरोवायरस के दो मामले पाए गए हैं। इस वायरस के इन मामलों के सामने आने के बाद से ही हड़कंप मचा हुआ है। तो चलिए जानते हैं आखिर क्या है नोरोवायरस, इसके लक्षण, कारण और इससे बचान के तरीके-

क्या है नोरोवायरस

"नोरोवायरस", वायरस की एक ऐसी फैमिली से संबंधित है, जिसकी वजह से पीड़ित व्यक्ति को उल्टी और दस्त की शिकायत होती है। यह एक व्यापक और संक्रामक वायरस है, जो संक्रमित लोगों, दूषित भोजन या दूषित सतहों से फैल सकता है। नोरोवायरस को विंटर वोमिटिंग बग के नाम से भी जाना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, हर साल दुनियाभर में नोरोवायरस के करीब 68.5 करोड़ मामले सामने आते हैं। जबकि यह वायरस एक साल में लगभग 200,000 मौतों का कारण बनता है ।

नोरोवायरस के कारण

नोरोवायरस कई अलग-अलग तरीकों से लोगों में फैल सकता है। किसी संक्रमित व्यक्ति से संपर्क,दूषित सतहों को छूने या दूषित भोजन या पानी का सेवन करने से यह वायरस फैल सकता है। नोरोवायरस से कोई भी व्यक्ति संक्रमित हो सकता है और यह संपर्क में आने वाले किसी भी व्यक्ति को बीमार कर सकता है। इस वायरस के फैलने के प्रमुख कारण निम्न हैं-

  • दूषित पानी पीना
  • दूषित भोजन करना
  • नोरोवायरस से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना
  • किसी दूषित सतह या वस्तु के संपर्क में आने के बाद अपने हाथ से मुंह को छूना

नोरोवायरस के लक्षण

इस वायरस के लक्षण आम तौर पर 24 से 72 घंटों तक नजर आते हैं। लेकिन अगर इसके लक्षण ज्यादा देर तक दिखाई दें, तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। नोरोवायरस से संक्रमित होने पर कुछ लोगों में इसके लक्षण दिखाई नहीं देते हैं, लेकिन वह फिर भी दूसरे लोगों को संक्रमित कर सकते हैं। नोरोवायरस के कुछ सामान्य लक्षण निम्न हैं-

  • डायरिया
  • बुखार होना
  • मतली आना
  • उल्टियां होना
  • पेट दर्द या ऐंठन
  • मांसपेशियों में दर्द
  • सिरदर्द और बदन दर्द
  • पेट संबंधी दिक्कत होना

नोरोवायरस से बचाव

इस वायरस से बचने के लिए जरूरी है कि आप साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। समय-समय पर साबुन और साफ पानी से हाथ धोते रहें। इसके अलावा फलों और सब्जियों को अच्छे से धोकर इस्तेमाल करें। अगर आप नॉनवेज खासकर मछली खा रहे हैं, तो इसे अच्छी तरह से पकाएं। साथ ही अगर आप बीमार से तो घर पर ही रहें और अन्य लोगों से दूरी बना कर रखें। लगातार लक्षण बने रहने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।

Picture Courtesy: Freepik