Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

World Vitiligo Day 2023: कैसे हुई विश्व विटिलिगो दिवस की शुरुआत, जानें इसका इतिहास और महत्व

World Vitiligo Day 2023 विटिलिगो त्वचा से जुड़ा एक ऐसा विकार है जिसमें त्वचा का रंग बदलने लगता है। इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति की त्वचा में सफेद च‍िकने धब्‍बे नजर आने लगते हैं। यह बीमारी किसी भी उम्र के व्यक्ति को अपनी चपेट में ले सकती है। ऐसे में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के मकसद से हर साल 25 जून विश्व विटिलिगो दिवस मनाया जाता है।

By Harshita SaxenaEdited By: Harshita SaxenaUpdated: Sun, 25 Jun 2023 09:09 AM (IST)
Hero Image
जानें हर साल क्यों मनाया जाता है विश्व विटिलिगो दिवस

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। World Vitiligo Day 2023: विटिलिगो त्वचा से जुड़ी एक बीमारी है, जिसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल विश्व विटिलिगो दिवस मनाया जाता है। यह एक तरह का त्वचा विकार है, जिसमें त्वचा के रंग में बदलाव होने लगता है। ऐसे में इसे लेकर जागरूकता फैलाने के साथ ही इस दिन का उद्देश्य इसकी स्थिति की बेहतर समझ को बढ़ावा देना, विटिलिगो से प्रभावित लोगों को सहायता करना और विकार से पीड़ित व्यक्तियों के अधिकारों और कल्याण के लिए आवाज उठाना है। तो चलिए जानते हैं कैसे हुई इस दिन की शुरुआत और क्या है इसका इतिहास और इस साल की थीम-

विटिलिगो क्या है?

विटिलिगो एक ऐसा त्वचा संबंधी विकार है, जिसमें स्किन सेल मेलानोसाइट्स, शरीर की प्रत‍िरक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट हो जाती हैं। मेलानोसाइट्स ही मेलेन‍िन का उत्‍पादन करती हैं। ऐसे में मेलानोसाइट्स के नष्ट होने से शरीर में मेलेन‍िन की कमी होने लगती है, जिससे त्‍वचा अपना रंग खो देती है। इसकी वजह से त्‍वचा पर सफेद, च‍िकने धब्‍बे नजर आने लगते हैं। यह बीमारी क‍िसी भी उम्र के व्‍यक्‍त‍ि को हो सकती है। यह एक जेनेट‍िक बीमारी है, जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में ट्रांसफर हो सकती है।

क्या है विटिलिगो डे का इतिहास?

पहली बार विश्व विटिलिगो दिवस 25 जून, 2011 को मनाया गया था। इन दिन को मनाने के लिए यह तारीख इसलिए चुनी गई, क्योंकि इसी दिन प्रसिद्ध पॉप स्टार माइकल जैक्सन की पुण्यतिथि रहती है, जिन्होंने विटिलिगो के साथ अपने संघर्षों पर खुलकर चर्चा की थी। ऐसे में द विटिलिगो रिसर्च फाउंडेशन के सीईओ यान वैले ने माइकल की पुण्‍यत‍िथ‍ि को विश्व विटिलिगो दिवस के रूप में चुना। इस दिन का उद्देश्य इस स्थिति के बारे में जागरूकता बढ़ाना और विटिलिगो से पीड़ित व्यक्तियों को अपने अनुभव साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करना था।

विटिलिगो डे का महत्व

विश्व विटिलिगो दिवस का मकसद विटिलिगो की चुनौतियों का समाधान करना और इसे पीड़ित व्यक्ति की स्वीकृति को बढ़ावा देना है। इस दौरान विटिलिगो के लिए काम कर रहे संगठन, चिकित्सा पेशेवर और व्यक्ति इसके बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कई सारे कार्यक्रम, अभियान और शैक्षिक पहल आयोजित करते हैं। साथ ही इस दिन का मकसद मिथकों को खत्म करने, व्यक्तिगत कहानियां साझा करने, संसाधन उपलब्ध कराने और सहानुभूति और समझ के महत्व पर प्रकाश डालना भी है।

विटिलिगो डे 2023 की थीम

इन दिन को हर साल एक खास थीम के साथ सेलिब्रेट किया जाता है। हर बार की तरह इस साल भी विश्व विटिलिगो दिवस के लिए एक व‍िशेष थीम रखी गई है। इस साल वर्ल्ड व‍िट‍िल‍िगो डे की थीम 'विटिलिगो: भविष्य की ओर देखना' तय की गई है।

Picture Courtesy: Freepik